भजन संहिता 22
22
दुःख से स्तुतिगान की ओर
संगीत निर्देशक के लिए। आइलेतशखार#22:0 अक्षरशः भोर की हरिणी की राग पर दाऊद का भजन।
1हे मेरे परमेश्वर, हे मेरे परमेश्वर,
तूने मुझे क्यों छोड़ दिया?
तू मेरी सहायता करने से,
और मेरे कराहने के शब्दों से दूर क्यों है?
2हे मेरे परमेश्वर, मैं दिन को पुकारता हूँ
परंतु तू उत्तर नहीं देता;
और रात को भी पुकारता हूँ,
परंतु मुझे चैन नहीं मिलता।
3पर तू तो पवित्र है;
तू इस्राएल की स्तुति के सिंहासन पर विराजमान है।
4हमारे पूर्वज तुझ पर भरोसा रखते थे;
उन्होंने भरोसा रखा और तूने उन्हें छुड़ा लिया।
5उन्होंने तेरी दुहाई दी और तूने उन्हें छुड़ाया;
उन्होंने तुझ पर भरोसा रखा और वे लज्जित नहीं हुए।
6परंतु मैं तो कीड़ा हूँ, मनुष्य नहीं;
मैं तो मनुष्यों में निंदित और लोगों द्वारा तिरस्कृत हूँ।
7वे सब जो मुझे देखते हैं मेरा ठट्ठा करते हैं
तथा होंठ बिचकाते और सिर हिलाते हुए यह कहते हैं :
8“अपने को यहोवा के अधीन कर दे,
वही इसे छुड़ाए; वही इसे बचाए
क्योंकि वह इससे प्रसन्न है।”
9परंतु तूने ही मुझे गर्भ से निकाला;
जब मैं दूध-पीता बच्चा ही था,
तब से तूने मुझे भरोसा रखना सिखाया।
10मैं तो जन्म से ही तुझे सौंपा गया था;
माता के गर्भ से ही तू मेरा परमेश्वर रहा है।
11मुझसे दूर न रह,
क्योंकि संकट निकट है;
और मेरा कोई सहायक नहीं है।
12बहुत से साँड़ों ने मुझे घेर लिया है,
बाशान के बलवंत साँड़ों ने मुझे चारों ओर से घेर रखा है।
13वे फाड़ने और गरजनेवाले सिंह के समान
मुझ पर अपना मुँह पसारे हुए हैं।
14मैं पानी के समान उंडेला गया हूँ,
और मेरी सब हड्डियों के जोड़ उखड़ गए हैं।
मेरा हृदय मोम सा हो गया है;
वह मेरे भीतर पिघल गया है।
15मेरा बल ठीकरे के समान सूख गया,
और मेरी जीभ मेरे तालू से चिपक गई है;
और तू मुझे मृत्यु की धूल में मिला देता है।
16कुत्तों ने मुझे घेर लिया है,
कुकर्मियों की भीड़ ने मुझे चारों ओर से घेर लिया है;
उन्होंने मेरे हाथों और मेरे पैरों को छेदा है।
17मैं अपनी सब हड्डियाँ गिन सकता हूँ;
वे मुझे देखते और घूरते हैं।
18वे मेरे वस्त्रों को आपस में बाँटते हैं,
और मेरे कपड़े के लिए पर्ची डालते हैं।
19परंतु हे यहोवा, तू दूर न रह!
हे मेरे बल, मेरी सहायता के लिए शीघ्र आ!
20मेरे प्राण को तलवार से बचा;
मेरे जीवन को कुत्ते के पंजे से बचा ले।
21मुझे सिंह के मुँह से बचा ले!
तूने मुझे जंगली साँड़ों के सींगों से बचाया है#22:21 अक्षरशः उत्तर दिया है।
22मैं अपने भाइयों के सामने तेरे नाम का प्रचार करूँगा;
सभा के बीच मैं तेरी स्तुति करूँगा।
23हे यहोवा का भय माननेवालो,
उसकी स्तुति करो!
हे याकूब के सब वंशजो,
उसकी महिमा करो!
हे इस्राएल के सब वंशजो,
उसका भय मानो!
24क्योंकि उसने दुःखी के दुःख को न तो तुच्छ जाना
और न उससे घृणा की,
और न ही उससे अपना मुख छिपाया है;
पर जब भी उसने उसे सहायता के लिए पुकारा,
तब उसकी सुन ली।
25तेरे ही कारण मैं बड़ी सभा में स्तुति करूँगा।
मैं अपनी मन्नतों को उनके सामने पूरा करूँगा,
जो उसका भय मानते हैं।
26दीन लोग भोजन करके तृप्त होंगे;
जो यहोवा के खोजी हैं,
वे उसकी स्तुति करेंगे।
तुम्हारे हृदय सदा प्रफुल्लित रहें।#22:26 अक्षरशः जीवित रहें
27पृथ्वी के कोने-कोने के सब लोग यहोवा को स्मरण करेंगे
और उसकी ओर फिरेंगे;
और जाति-जाति के सब कुल तेरे सामने दंडवत् करेंगे।
28क्योंकि राज्य यहोवा का है,
और वही जाति-जाति पर प्रभुता करता है।
29पृथ्वी के सब हृष्ट-पुष्ट लोग खाएँगे और दंडवत् करेंगे;
वे सब जो मिट्टी में मिल जाते हैं,
उसके सामने घुटने टेकेंगे,
और वह भी जो अपना प्राण नहीं बचा सकता।
30एक वंश उसकी सेवा करेगा;
और दूसरी पीढ़ी से प्रभु का वर्णन किया जाएगा।
31वे आएँगे और परमेश्वर की धार्मिकता को
उस वंश पर जो उत्पन्न होगा
यह कहकर प्रकट करेंगे कि उसने कैसे-कैसे अद्भुत कार्य किए हैं।
Currently Selected:
भजन संहिता 22: HSB
Highlight
Share
Compare
Copy
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
HINDI STANDARD BIBLE©
Copyright © 2023 by Global Bible Initiative