यशायाह 22
22
येरूशलेम के विषय में भविष्यवाणी
1दर्शन की घाटी के विरुद्ध भविष्यवाणी:
क्या हो गया है आपको,
आप सबके सब छतों पर क्यों चढ़ गए हैं,
2हे अधर्मी नगर, तुम जो खुशी मनाते थे,
तुम्हारे लोग जो मारे गए हैं.
वे न तो तलवार से मारे गए,
और न ही उनकी मृत्यु युद्ध में हुई.
3आपके सभी अगुवे एक साथ भागे,
और बिना धनुष के इस्तेमाल के ही पकड़े गए;
आप में से जितने पकड़े गए,
वे सब एक साथ ही बंदी बना लिए गए,
यद्यपि वे दूर भागे थे.
4इसलिये मैं कहता हूं, “अपनी दृष्टि मुझसे हटा लीजिए;
मुझे फूट-फूटकर रोने दीजिए.
मेरी प्रजा की पुत्री के विनाश के विषय में
मुझे तसल्ली देने का प्रयास मत करिए.”
5क्योंकि प्रभु, सर्वशक्तिमान यहोवाह का
दर्शन की घाटी में कोलाहल,
रौंदा जाना, बेचैनी,
प्राचीनों को गिरा देने
और पर्वतों की दोहाई देने का एक दिन निश्चित है.
6एलाम ने घोड़ों पर सवार,
तथा रथों के साथ अपना तरकश साथ रख लिया है;
और कीर ने ढाल खोल ली है.
7आपकी उत्तम घाटियां रथों से भरी थीं,
और घोड़े पर सवार द्वार पर खड़े हैं.
8प्रभु ने यहूदाह की सुरक्षा को हटा दिया,
उस समय आप वन के
भवन के शस्त्रों पर निर्भर थे.
9आपने देखा कि दाविद के
नगर में दरारें बहुत थीं;
आपने निचले हिस्से से ही
पानी जमा किया.
10आपने येरूशलेम के भवनों की गिनती की
और नगर को दृढ़ करने के लिए आपने कई घरों को गिरा दिया.
11पुराने तालाब के पानी के लिए
दो दीवारों के बीच आपने एक जलाशय बनाया,
किंतु जिसने यह काम पूरा किया,
और जिसने इसकी योजना प्राचीन काल में बनाई थी उसे भुला दिया.
12उस दिन प्रभु, सर्वशक्तिमान यहोवाह ने,
आपको रोने और विलाप करने,
सिर मुंडवाने और टाट पहनने के लिए बुलाया था.
13यह सब होने पर भी वहां आनंद मनाया जा रहा है,
पशुओं का वध और भेड़ों का संहार,
मांस और दाखमधु पीकर कहा जा रहा है कि!
“आइए हम खाएं-पिएं,
क्योंकि कल तो हमारी मृत्यु होनी ही है!”
14किंतु प्रभु, सर्वशक्तिमान यहोवाह ने मुझसे कहा: “यह अपराध तब तक क्षमा नहीं किया जाएगा जब तक आपकी मृत्यु न हो जाए,” प्रभु सर्वशक्तिमान यहोवाह ने कहा!
15फिर प्रभु सर्वशक्तिमान यहोवाह ने कहा:
“शेबना के उस भंडारी के पास जाइए,
जो उस राजपरिवार के चौकीदार हैं.
16आपका यहां क्या काम है
और यहां पर आपके कौन हैं,
जो आपने अपने लिए एक कब्र बना ली है,
और अपने लिए चट्टान में एक घर बना लिया है?
17“हे पराक्रमी मनुष्य, सुनिए, यहोवाह आपको पकड़कर
दूर फेंक देंगे.
18आपको गेंद के समान लुढ़का देंगे
आप जो अपने स्वामी के लिए लज्जा का कारण हैं.
वहां आपकी मृत्यु हो जाएगी
और आपके भव्य रथ वहीं रह जाएंगे.
19मैं आपको आपके पद से हटा दूंगा,
और आपकी जगह से आपको उखाड़ दूंगा.
20“हिलकियाह के पुत्र एलियाकीम को आपका पद दूंगा. 21मैं आपका वस्त्र उन्हें पहनाऊंगा और आपके वस्त्र का कटिबंध उन पर बांध दूंगा, मैं आपका अधिकार उन्हें दे दूंगा. वह यहूदाह और येरूशलेम के निवासियों के पिता होंगे. 22मैं दाविद वंश का पूरा अधिकार उन्हें दूंगा. उनके पास उनके पद की कुंजी होगी; वह जो पाएंगे उसे कोई बंद नहीं करेगा, और वह जो बंद कर देंगे उसे कोई न खोलेगा. 23मैं उन्हें सुरक्षित स्थान में स्थिर कर दूंगा; और वह अपने पिता के वंश के लिए एक वैभव के सिंहासन होंगे. 24उन पर उनके पिता के वंश का वैभव, संतान, छोटे पात्र, कटोरे तथा सुराहियों को लटका देंगे.
25“सर्वशक्तिमान यहोवाह ने कहा, जो खूंटी सुरक्षित स्थान में स्थिर की गई थी वह उखड़ जाएगी; यहां तक की वह टूटकर बिखर जाएगी, और इस पर लटका बोझ हटा दिया जाएगा,” यहोवाह की वाणी है!
Currently Selected:
यशायाह 22: HCV
Highlight
Share
Compare
Copy
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
Holy Bible, Hindi Contemporary Version™ | Copyright © 2016, 2019, 2026 by Biblica, Inc. | Used with permission. All rights reserved worldwide.