Biểu tượng Ứng dụng Kinh Thánh
Biểu tượng Tìm kiếm

आमोस 5

5
विलापगीत और पश्चात्ताप के लिये आव्हान
1हे इस्राएल के वंशज, आपसे संबंधित मेरे इस विलापगीत को सुनिए:
2“कुमारी कन्या इस्राएल का ऐसा गिरना हुआ है,
कि अब उनका पुनः उठ खड़ा होना असंभव है,
वह अपने ही देश में उपेक्षित हो गईं,
और उन्हें उठानेवाले कोई व्यक्ति नहीं हैं.”
3सार्वभौम यहोवाह का इस्राएल को यह कहना है:
“आपका शहर, जो एक हज़ार योद्धाओं को लेकर आगे बढ़ता है
उसमें से सिर्फ एक सौ योद्धा ही बचेंगे;
आपका नगर, जो सौ योद्धाओं को लेकर आगे बढ़ता है
उसमें से सिर्फ दस योद्धा ही बचेंगे.”
4इस्राएल वंश के लिए यहोवाह का यह कहना है:
“मेरी खोज करिये और जीवित रहिये;
5बेथेल की खोज मत करिए,
गिलगाल में प्रवेश मत करिए.
बेअरशेबा की यात्रा पर मत जाइए.
क्योंकि यह निश्चित है कि गिलगाल निवासी बंधुआई में जाएंगे,
तथा बेथेल की विपत्तियों का अंत न होगा.”
6यहोवाह की खोज करिये और जीवित रहिये,
नहीं तो वह योसेफ़ के गोत्रों पर आग के समान भड़केंगे;
यह आग उन्हें भस्म कर देगी,
और इसे बुझानेवाले व्यक्ति बेथेल में कोई भी नहीं होंगे.
7ऐसे लोग हैं जो न्याय को बिगाड़ते हैं
और धर्मीपन को मिट्टी में मिला देते हैं.
8जिन्होंने कृतिका तथा मृगशीर्ष नक्षत्रों की सृष्टि की,
जो मध्य रात्रि को भोर में बदल देते हैं
तथा दिन को रात्रि में,
जो महासागर के जल का बुलाते हैं
और फिर उसे पृथ्वी के ऊपर उंडेल देते हैं—
यहोवाह है उनका नाम.
9पलक झपकते ही वे किले को नाश कर देते हैं
और गढ़वाले शहर का विनाश कर देते हैं.
10ऐसे लोग हैं जो अदालत में न्याय का पक्ष लेनेवाले से घृणा करते हैं
और सत्य बोलने वाले को तुच्छ समझते हैं.
11आप लोग निर्धनों के भूंसे पर भी कर लेते हैं
और उनके अन्‍न पर चुंगी लगाते हैं.
इसलिये, यद्यपि आप लोगों ने पत्थर की हवेलियां बनाई हैं,
पर आप लोग उनमें निवास न कर सकेंगे;
यद्यपि आप लोगों ने रसदार अंगूर की बारियां लगाई हैं,
पर आप लोग उनका दाखरस पी न सकेंगे.
12क्योंकि मैं जानता हूं कि आप लोगों के अपराध कितने ज्यादा हैं
और आप लोगों ने कितने गंभीर पाप किए हैं.
ऐसे लोग हैं जो निर्दोष पर अत्याचार करते और घूस लेते हैं
तथा निर्धन को न्यायालय में न्याय पाने से वंचित कर देते हैं.
13तब समझदार ऐसे समय में चुपचाप रहते हैं,
क्योंकि यह समय बुरा है.
14बुराई नहीं, पर भलाई करिये,
कि आप लोग जीवित रहें.
तब यहोवाह सर्वशक्तिमान परमेश्वर आप लोगों के साथ रहेंगे,
जैसा कि आप लोगों का दावा है कि वह आप लोगों के साथ हैं.
15बुराई से घृणा और भलाई से प्रीति रखिए;
अदालत में न्याय को बनाए रखिए.
शायद यहोवाह सर्वशक्तिमान परमेश्वर
योसेफ़ के बचे हुओं पर कृपा करें.
16इसलिये प्रभु, यहोवाह सर्वशक्तिमान परमेश्वर का यह कहना है:
“सब गलियों में विलाप होगा
और सब चौराहों पर पीड़ा से रोने की आवाज़ सुनाई देगी.
किसानों को रोने के लिये
और विलाप करने वालों को विलाप करने के लिये बुलाया जाएगा.
17अंगूर की सब बारियों में विलाप होगा,
क्योंकि उस समय स्वयं मैं आप लोगों के बीच से होकर निकलूंगा,”
यहोवाह का यह कहना है.
यहोवाह का दिन
18धिक्कार है आप लोगों पर,
जो आप लोग यहोवाह के दिन की अभिलाषा करते हैं!
आप लोग यहोवाह के दिन की अभिलाषा क्यों करते हैं?
यह दिन प्रकाश नहीं, अंधकार लेकर आएगा.
19यह वैसा ही होगा जैसे कोई व्यक्ति सिंह से प्राण बचाकर भाग रहे हों
और भागते हुए उनका सामना भालू से हो जाए,
अथवा वह घर के अंदर पहुंचें,
और आराम के लिए दीवार पर हाथ रखें
और वहीं उन्हें एक सर्प डस ले.
20क्या यह सत्य नहीं कि यहोवाह का दिन प्रकाश का नहीं, अंधकार का दिन होगा—
घोर अंधकार, प्रकाश की एक किरण भी नहीं?
21“मैं आप लोगों के उत्सवों से घृणा करता हूं,
उन्हें तुच्छ समझता हूं;
आप लोगों की सभाएं मेरे लिए एक दुर्गंध के समान हैं.
22भले ही आप लोग मुझे होमबलि और अन्‍नबलि चढ़ाएं,
पर मैं उन्हें स्वीकार नहीं करूंगा.
भले ही आप लोग मुझे अपना मनपसंद मेलबलि चढ़ाएं,
पर मेरे लिये उनका कोई मतलब नहीं होगा.
23दूर रखिए मुझसे अपने गीतों का शोरगुल!
मैं आप लोगों की वीणा के संगीत को नहीं सुनूंगा.
24पर न्याय को नदी के समान,
तथा धर्मीपन को कभी न सूखनेवाले सोते के समान बहने दीजिए!
25“हे इस्राएल के वंशजो, निर्जन प्रदेश में चालीस वर्ष तक
आप लोगों ने क्या मुझे बलिदान और भेंट चढ़ाई?
26आप लोग अपने साथ राजा की समाधि,
अपने मूर्तियों की पीठिका,
अपने देवता का तारा लिये फिरते हैं—
जिन्हें आप लोगों ने अपने लिये बनाया है.
27इसलिये मैं आप लोगों को दमेशेक से भी बाहर बंधुआई में भेजूंगा,”
यहोवाह का यह कहना है, जिनका नाम सर्वशक्तिमान परमेश्वर है.

Đang chọn:

आमोस 5: HCV

Tô màu

Sao chép

So sánh

Chia sẻ

None

Bạn muốn lưu những tô màu trên tất cả các thiết bị của mình? Đăng ký hoặc đăng nhập