रोमियों 5
5
आस्था का मीठा फल
1इसलिए, हमारे मुक्तिदाता प्रभु येशु पर आस्था के आधार पर, परमात्मा ने हमारे बुरे कर्मों के खाते को मिटा दिया है और हमें धर्मी बना दिया है, तथा हमारा परमात्मा के साथ मेल-मिलाप करा दिया है।+ 2क्योंकि मुक्तिदाता येशु के द्वारा हमें परमात्मा की कृपा आस्था से+ प्राप्त हुई, इस कृपा की छाया हम पर बनी हुई है। हमें इस बात की बहुत खुशी और पूरा भरोसा है कि परमात्मा हमें आने वाले समय में अपने तेज से भर देंगे। 3इतना ही नहीं, पर हम दुख में भी खुशी मनाते हैं, क्योंकि हम जानते हैं कि दुख हमारी सहन शक्ति बढ़ाने में मदद करता है, 4और सहन शक्ति हमारे चरित्र को मज़बूत बनाती है और मज़बूत चरित्र से हमें मुक्ति प्राप्त करने की आशा मिलती है। 5और यह आशा हमें निराश नहीं होने देती, क्योंकि परमात्मा ने जो पवित्र आत्मा हमें दी है, उसके द्वारा उन्होंने अपना प्रेम हमारे दिल में उंडेला है।
परमात्मा से मेल-मिलाप का माध्यम प्रभु येशु
6जब हमारा पाप के चुंगल से निकलना असंभव हो गया, तभी ठीक समय पर मुक्तिदाता ने हम अधर्मियों के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। 7शायद ही कोई किसी नेक और भले इंसान के लिए अपनी जान देने की सोचे। 8परंतु परमात्मा ने हमारे प्रति अपना प्रेम इस प्रकार साबित किया है कि जब हम पापी ही थे तब मुक्तिदाता येशु ने हमारे लिए अपने प्राण न्योछावर किए। 9यदि हम मुक्तिदाता के बलि के खून द्वारा धर्मी बनाए गए हैं तो मुक्तिदाता के द्वारा हम अच्छे और बुरे कर्मों के न्याय के दिन परमात्मा के क्रोध से बच जाएँगे। 10जब हम अभी भी परमात्मा के दुश्मन थे#5:10 जब हम अभी भी परमात्मा के दुश्मन थे - या, “जब हम परमात्मा की आज्ञाओं के विरुद्ध चलते थे और परमात्मा हमारे पाप के कारण हमारे विरुद्ध थे” तो उन्होंने अपने पुत्र की बलि के द्वारा हमारे साथ मेल-मिलाप किया। इसके आलावा हमारे लिए और भी बहुत कुछ है। अब जब हमारा मेल-मिलाप परमात्मा के साथ हो गया है, तो मुक्तिदाता येशु के जीवित होने से हमें मुक्ति भी मिलेगी! 11हमारे मुक्तिदाता प्रभु येशु ने परमात्मा के साथ हमारा मेल-मिलाप कराया है। इसलिए हम परमात्मा में मगन हैं।
आदम द्वारा मृत्यु, मुक्तिदाता द्वारा मोक्ष
12पृथ्वी के पहले मनुष्य आदम ने पाप किया और इस पहले पाप ने संसार में पाप को जन्म दिया और इस पाप के कारण ही मृत्यु भी आई। इसलिए सभी को मरना ही है क्योंकि सभी ने पाप किया है। 13मोशे के नियम और शिक्षा के आने से पहले भी संसार में पाप था। परंतु पाप का कोई हिसाब-किताब नहीं रखा जा सकता था, क्योंकि उस समय मोशे के नियम और शिक्षा नहीं थी। 14तो भी आदम के समय से लेकर परमात्मा के प्रवक्ता मोशे के समय तक के सभी लोगों मृत्यु के द्वार से गुज़रकर जाना ही होता था। हालाँकि सभी ने आदम जैसा पाप नहीं किया था।
कुछ मायनों में आदम मुक्तिदाता के समान थे जो बाद में आए। 15परंतु परमात्मा की कृपा के वरदान और आदम के पाप में कोई समानता नहीं थी। उस एक मनुष्य के पाप के द्वारा बहुत से लोगों के जीवन में मृत्यु आई। दूसरी ओर अद्भुत तरीके से, एक मनुष्य मुक्तिदाता येशु ने परमात्मा की कृपा के वरदान के द्वार को बहुत से लोगों के लिए खोल दिया। 16आदम के पाप और परमात्मा के वरदान में बहुत अंतर है। आदम ने दुनिया का सबसे पहला पाप किया जिसके कारण दंड देने का रास्ता खुल गया। परंतु परमात्मा के वरदान के कारण हमारे बुरे कर्मों के लम्बे चौड़े खाते को मिटाने का रास्ता खुल गया, और हम परमात्मा के धर्मी भक्त बन जाएँगे। 17एक मनुष्य के पाप के कारण मौत का साम्राज्य आया, और एक ही मनुष्य मुक्तिदाता येशु द्वारा मोक्ष का साम्राज्य भी आया। और जिन लोगों को परमात्मा की भरपूर कृपा और धर्मी जीवन का उपहार प्राप्त हुआ है, वे मोक्ष के उस साम्राज्य में मुक्तिदाता के साथ शासन करेंगे।#5:17 वे मोक्ष के उस साम्राज्य में मुक्तिदाता के साथ शासन करेंगे - या, “वे मुक्तिदाता येशु के माध्यम से जीवन में राज करेंगे” (5:18,21देखें)।
18तो आदम के एक पाप ने सभी को दण्ड के योग्य बना दिया, परंतु मुक्तिदाता येशु के एक धर्मी काम के द्वारा सभी लोग अपने बुरे कर्मों के खाते को मिटाने, धर्मी भक्त बनने और मोक्ष प्राप्त करने के योग्य बनाये गए हैं। 19आदम ने परमात्मा की आज्ञा नहीं मानी जिसके कारण कई लोग पापी बन गए। परंतु प्रभु येशु ने परमात्मा की आज्ञा मानी जिसके कारण बहुत से लोग धर्मी बनाए जाएँगे।
20आदम के बहुत साल बाद परमात्मा ने मोशे के नियम और शिक्षा का परिचय कराया जिससे पाप का अहसास बढ़ गया। जब पाप का अहसास बढ़ा तो परमात्मा की कृपा और भी ज़्यादा बढ़ गई। 21इसलिए जैसे पाप के शासन काल में सबकी मृत्यु होगी, वैसे ही कृपा के शासन काल में सबको मोक्ष मिलेगा। कृपा के शासन काल में, लोग मुक्तिदाता प्रभु येशु के द्वारा धर्मी बनाए जाएँगे।
Currently Selected:
रोमियों 5: MYG
Highlight
Copy
Compare
Share
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
The MYG Project
Learn More About Muktidata Yeshu Granth