भजन संहिता 19
19
सृष्टि और पवित्रशास्त्र की साक्षी
संगीत निर्देशक के लिए। दाऊद का भजन।
1आकाश परमेश्वर की महिमा का वर्णन करता है;
और आकाशमंडल उसकी हस्तकला को प्रकट करता है।
2वे दिन प्रतिदिन बात करते हैं,
और रात प्रतिरात ज्ञान सिखाते हैं।
3न कोई बोली है और न कोई भाषा,
जहाँ उनकी आवाज़ सुनाई नहीं देती।
4उनका स्वर सारी पृथ्वी पर फैल गया है,
और उनके वचन जगत की छोर तक पहुँच गए हैं।
परमेश्वर ने आकाश में सूर्य के लिए एक मंडप खड़ा किया है;
5वह उस दूल्हे के समान है जो अपने कक्ष से निकलता है;
वह शूरवीर के समान अपनी दौड़ दौड़ने में हर्षित होता है।
6वह आकाशमंडल के एक सिरे से निकलता है,
और उसके दूसरे सिरे तक चक्कर लगाता है;
और उसकी गर्मी सब को पहुँचती है।
7यहोवा की व्यवस्था सिद्ध है,
जो प्राण को बहाल कर देती है।
यहोवा के नियम विश्वासयोग्य हैं,
जो साधारण लोगों को बुद्धिमान बना देते हैं।
8यहोवा के उपदेश सच्चे हैं,
जो हृदय को आनंदित कर देते हैं।
यहोवा की आज्ञा शुद्ध है,
वह आँखों में ज्योति ले आती है।
9यहोवा का भय पवित्र है,
जो अनंतकाल तक बना रहता है।
यहोवा के नियम सत्य और पूरी रीति से धर्ममय हैं।
10वे तो सोने से और बहुत से कुंदन से भी बढ़कर मनोहर हैं;
वे मधु से, यहाँ तक कि छत्ते के टपकनेवाले मधु से भी बढ़कर मीठे हैं।
11उन्हीं से तेरा दास चिताया जाता है;
उनका पालन करने से बड़ा प्रतिफल प्राप्त होता है।
12अपनी भूल को कौन समझ सकता है?
मेरे गुप्त पापों से मुझे शुद्ध कर।
13तू अपने दास को ढिठाई के पापों से भी बचाए रख;
वे मुझ पर प्रभुता न कर पाएँ!
तब मैं निर्दोष बना रहूँगा,
और बड़े अपराधों से बचा रहूँगा।
14मेरे मुँह के वचन और मेरे हृदय का ध्यान तुझे ग्रहणयोग्य हों,
हे यहोवा, मेरी चट्टान और मेरे उद्धारकर्ता!
Currently Selected:
भजन संहिता 19: HSB
Highlight
Share
Compare
Copy
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
HINDI STANDARD BIBLE©
Copyright © 2023 by Global Bible Initiative