YouVersion Logo
Search Icon

लैव्यव्यवस्था 9

9
याजकीय सेवा का आरंभ
1आठवें दिन मूसा ने हारून, उसके पुत्रों और इस्राएली धर्मवृद्धों को बुलाया, 2और हारून से कहा, “तू पापबलि के लिए एक निर्दोष बछड़ा, और होमबलि के लिए एक निर्दोष मेढ़ा लेकर यहोवा के सामने भेंट चढ़ा। 3तू इस्राएलियों से यह कह, ‘तुम पापबलि के लिए एक बकरा, और होमबलि के लिए एक बछड़ा और भेड़ का एक बच्‍चा लो, जो एक-एक वर्ष के और निर्दोष हों; 4और यहोवा के सम्मुख चढ़ाने के लिए मेलबलियों के रूप में एक बैल और एक मेढ़ा, तथा तेल से सनी एक अन्‍नबलि लो; क्योंकि आज यहोवा तुम्हें दर्शन देगा।’ ” 5अत: मूसा ने जो कुछ लाने की आज्ञा दी थी वे उसे मिलापवाले तंबू के सामने ले आए, और सारी मंडली निकट आकर यहोवा के सामने खड़ी हुई। 6तब मूसा ने कहा, “यह वह कार्य है जिसे करने की आज्ञा यहोवा ने तुम्हें दी है, ताकि यहोवा का तेज तुम पर प्रकट हो।” 7तब मूसा ने हारून से कहा, “यहोवा की आज्ञा के अनुसार वेदी के निकट आकर अपनी पापबलि और होमबलि को चढ़ा, तथा अपने और लोगों के लिए प्रायश्‍चित्त कर। तब लोगों की भेंट को भी चढ़ा और उनके लिए प्रायश्‍चित्त कर।”
8अत: हारून ने वेदी के निकट आकर पापबलि के बछड़े को बलि किया, जो उसके लिए था। 9हारून के पुत्र लहू को उसके पास लाए, और उसने उस लहू में अपनी उंगली डुबाकर वेदी के सींगों पर लगाया, और बचे हुए लहू को वेदी के पाये पर उंडेल दिया। 10उसने पापबलि की चरबी, गुर्दों और कलेजे के ऊपर की झिल्ली को वेदी पर जलाया, जिस प्रकार यहोवा ने मूसा को आज्ञा दी थी। 11उसने मांस और खाल को छावनी से बाहर आग में जलाया।
12तब उसने होमबलि के पशु को बलि किया, और हारून के पुत्र उसके पास लहू को लेकर आए, जिसे उसने वेदी पर चारों ओर छिड़क दिया। 13तब उन्होंने होमबलि के पशु को टुकड़े-टुकड़े करके सिर सहित उसे दे दिया, और उसने उन्हें वेदी पर जलाया। 14उसने अँतड़ियों और पैरों को धोकर होमबलि के साथ वेदी पर जलाया।
15तब हारून ने लोगों की भेंट को चढ़ाया, और उस पापबलि के बकरे को लेकर जो लोगों के लिए था, बलिदान किया, और पहले पशु के समान उसे भी पापबलि के रूप में चढ़ाया। 16फिर वह होमबलि के पशु को लेकर आया और विधि के अनुसार उसे बलि किया। 17तब वह भोर की होमबलि के साथ-साथ अन्‍नबलि को भी लेकर आया और उसने उसमें से मुट्ठी भरकर वेदी पर जलाया।
18उसने लोगों की मेलबलि के रूप में बैल और मेढ़े को भी बलि किया, और हारून के पुत्र उसके पास लहू को लेकर आए, जिसे उसने वेदी पर चारों ओर छिड़क दिया। 19वे उसके पास बैल की चरबी, मेढे़ की मोटी पूँछ, अँतड़ियों को ढकनेवाली चरबी, गुर्दे और कलेजे के ऊपर की झिल्ली भी लेकर आए। 20फिर उन्होंने चरबी के उन टुकड़ों को छातियों पर रखा, और हारून ने चरबी के टुकड़ों को वेदी पर जलाया। 21परंतु छातियों और दाहिनी जाँघ को हारून ने मूसा की आज्ञा के अनुसार हिलाए जाने की भेंट के रूप में यहोवा के सामने हिलाया।
22फिर हारून ने लोगों की ओर अपने हाथ बढ़ाकर उन्हें आशीर्वाद दिया, और वह पापबलि, होमबलि तथा मेलबलियों को चढ़ाकर नीचे उतर आया। 23तब मूसा और हारून मिलापवाले तंबू में गए, और फिर वहाँ से निकलकर लोगों को अशीर्वाद दिया। तब यहोवा का तेज सब लोगों को दिखाई दिया; 24और यहोवा के सामने से आग निकली तथा होमबलि और चरबी के टुकड़ों को वेदी पर भस्म कर दिया। जब सब लोगों ने यह देखा तो उन्होंने जय जयकार की और अपने मुँह के बल गिरकर दंडवत् किया।

Highlight

Share

Compare

Copy

None

Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in

Videos for लैव्यव्यवस्था 9