लैव्यव्यवस्था 1
1
होमबलि की विधि
1तब यहोवा ने मूसा को बुलाकर मिलापवाले तंबू में से उससे कहा, 2“इस्राएलियों से बात कर और उनसे कह कि जब तुममें से कोई यहोवा के लिए बलिदान चढ़ाए, तो वह अपनी पशुबलि को गाय-बैलों या भेड़-बकरियों में से ही लेकर आए।
3“यदि उसका बलिदान गाय-बैलों में से होमबलि हो, तो वह निर्दोष नर को चढा़ए; वह उसे मिलापवाले तंबू के द्वार पर चढ़ाए कि वह यहोवा के सम्मुख ग्रहणयोग्य ठहरे। 4वह होमबलि के पशु के सिर पर अपना हाथ रखे, तब वह उसके लिए प्रायश्चित्त के रूप में ग्रहण किया जाएगा। 5वह उस बछड़े को यहोवा के सामने बलि करे; और हारून के पुत्र जो याजक हैं, लहू को लेकर आएँ और उसे उस वेदी पर चारों ओर छिड़कें जो मिलापवाले तंबू के द्वार पर है। 6फिर वह होमबलि के पशु की खाल उतारकर उस पशु के टुकड़े-टुकड़े करे। 7तब हारून याजक के पुत्र वेदी पर आग रखें, और आग पर लकड़ी सजाकर रखें। 8हारून के पुत्र जो याजक हैं, पशु के टुकड़ों को सिर और चरबी सहित उस लकड़ी पर सजाकर रखें जो वेदी की आग पर है। 9वह व्यक्ति उसकी अँतड़ियों और पैरों को जल से धोए। तब याजक इन सब को होमबलि के रूप में वेदी पर जलाए कि वह यहोवा के लिए अग्नि में अर्पित सुखदायक सुगंधवाली बलि ठहरे।
10“यदि वह व्यक्ति झुंड में से भेड़ या बकरे की होमबलि चढ़ाए, तो निर्दोष नर को चढ़ाए। 11वह उसे यहोवा के सामने वेदी के उत्तर की ओर बलि करे; और हारून के पुत्र जो याजक हैं, उसके लहू को वेदी पर चारों ओर छिड़कें। 12वह व्यक्ति उसके सिर और चरबी सहित उसके टुकड़े-टुकड़े करे, और याजक इन सब को उस लकड़ी पर सजाकर रखे जो वेदी की आग पर है। 13वह उसकी अँतड़ियों और पैरों को जल से धोए। तब याजक इन सब को लाकर होमबलि के रूप में वेदी पर जलाए कि वह यहोवा के लिए अग्नि में अर्पित सुखदायक सुगंधवाली बलि ठहरे।
14“यदि वह व्यक्ति यहोवा के लिए पक्षियों में से होमबलि चढ़ाए, तो वह उसे पंडुकों या कबूतरों में से चढ़ाए। 15याजक उसे वेदी के निकट लाए और मरोड़कर उसका सिर धड़ से अलग करे, और उसे वेदी पर जलाए। उसका लहू वेदी के एक ओर बहा दिया जाए। 16वह उसकी गल-थैली को तथा जो कुछ उसमें है उसे निकालकर वेदी के पूर्व की ओर राख डालने के स्थान पर फेंक दे। 17वह उसे पंखों के बीच से फाडे़, पर उन्हें अलग-अलग न करे। तब याजक उसे उस लकड़ी पर रखकर जलाए जो वेदी की आग पर है कि वह होमबलि और यहोवा के लिए अग्नि में अर्पित सुखदायक सुगंधवाली बलि ठहरे।
Currently Selected:
लैव्यव्यवस्था 1: HSB
Highlight
Share
Compare
Copy
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
HINDI STANDARD BIBLE©
Copyright © 2023 by Global Bible Initiative