YouVersion Logo
Search Icon

प्रकाशन 15

15
सात विपत्तियां लिए हुए सात स्वर्गदूत
1तब मैंने स्वर्ग में एक अद्भुत और आश्चर्यजनक दृश्य देखा: सात स्वर्गदूत सात अंतिम विपत्तियां लिए हुए थे—अंतिम इसलिये कि इनके साथ परमेश्वर के क्रोध का अंत हो जाता है. 2तब मुझे ऐसा अहसास हुआ मानो मैं एक कांच की झील को देख रहा हूं, जिसमें आग मिला दी गई हो. मैंने इस झील के तट पर उन्हें खड़े हुए देखा, जिन्होंने उस हिंसक पशु, उसकी मूर्ति तथा उसके नाम की संख्या पर विजय प्राप्‍त की थी. इनके हाथों में परमेश्वर द्वारा दी हुई वीणा थी. 3वे परमेश्वर के दास मोशेह तथा मेमने का गीत गा रहे थे:
“अद्भुत और असाधारण काम हैं आपके,
प्रभु सर्वशक्तिमान परमेश्वर.
धर्मी और सच्चे हैं मार्ग आपके,
राष्ट्रों के राजन.
4कौन हैं, प्रभु, जिनमें आपके प्रति श्रद्धा न होगी,
कौन हैं, जो आपकी महिमा न करेंगे?
मात्र आप ही हैं पवित्र.
सभी राष्ट्र आकर
आपकी आराधना करेंगे,
क्योंकि आपके न्याय के कार्य प्रकट हो चुके हैं.”#15:4 स्तोत्र 111:2, 3; व्यव 32:4; येरे 10:7; स्तोत्र 86:9; 98:2
5इसके बाद मैंने देखा कि स्वर्ग में मंदिर, जो साक्ष्यों का पवित्र निवासस्थान है, खोल दिया गया. 6मंदिर में से वे सातों स्वर्गदूत, जो सात विपत्तियां लिए हुए थे, बाहर निकले. वे मलमल के स्वच्छ उज्जवल वस्त्र धारण किए हुए थे तथा उनकी छाती पर सोने की कमरबंधें थीं. 7तब चार जीवित प्राणियों में से एक ने उन सात स्वर्गदूतों को सनातन परमेश्वर के क्रोध से भरे सात सोने के कटोरे दे दिए. 8मंदिर परमेश्वर की आभा तथा सामर्थ्य के धुएं से भर गया और उस समय तक मंदिर में कोई भी प्रवेश न कर सका, जब तक उन सातों स्वर्गदूतों द्वारा उंडेली गई सातों विपत्तियां समाप्‍त न हो गईं.

Highlight

Copy

Compare

Share

None

Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in