फ़िलेमोन 1
1
1मसीह येशु के लिए बंदी पौलॉस तथा हमारे भाई तिमोथियॉस की ओर से,
हमारे प्रिय सहकर्मी फ़िलेमोन, 2हमारी बहन आप्फ़िया, हमारे साथी योद्धा आरखिप्पॉस और कलीसिया को, जो आपके घर में एकत्रित होती है:
3हमारे पिता परमेश्वर और प्रभु मसीह येशु का अनुग्रह व शांति आप सभी को प्राप्त हो.
कृतज्ञता तथा प्रार्थना
4अपनी प्रार्थनाओं में आपको याद करते हुए मैं हमेशा अपने परमेश्वर का धन्यवाद करता हूं, 5क्योंकि मैं प्रभु मसीह येशु तथा सभी पवित्र लोगों के प्रति तुम्हारे प्रेम और विश्वास के बारे में सुना करता हूं. 6मेरी प्रार्थना है कि आपके विश्वास का सहभागी होना हर एक वरदान के स्पष्ट अहसास के द्वारा, जो आप में मसीह के लिए है, प्रभावशाली हो. 7प्रिय भाई, आपकी प्रेम भावना से मुझे बहुत आनंद व प्रोत्साहन मिला है क्योंकि आपके कारण पवित्र लोगों के हृदय आनंदित हुए हैं.
उनेसिमॉस के लिए विनती
8यद्यपि मुझे मसीह में आपको यह आज्ञा देने का अधिकार है कि आपका क्या करना सही है, 9मैं, मसीह येशु के लिए बंदी वृद्ध पौलॉस, आपका मित्र, आपसे इस समय प्रेम के आधार पर आपसे विनती मात्र कर रहा हूं. 10मेरी विनती मेरे पुत्र ओनेसिमॉस के संबंध में है, जो कारावास में मेरा आत्मिक पुत्र बन गया है, 11जो इससे पहले आपके लिए किसी काम का न था किंतु अब आपके और मेरे, दोनों के लिए बड़े काम का हो गया है.
12उसे, जो अब मेरे हृदय का टुकड़ा है, मैं आपके पास वापस भेज रहा हूं. 13हालांकि मैं चाहता था कि उसे अपने पास ही रखूं कि वह आपका स्थान लेकर सुसमाचार के लिए मुझ बंदी की सेवा करे. 14किंतु मैंने आपकी सलाह के बिना कुछ भी करना उचित न समझा कि आपकी उदारता मजबूरीवश नहीं परंतु अपनी इच्छा से हो. 15क्योंकि वह आपसे कुछ समय के लिए इसी कारण अलग हुआ कि आप उसे हमेशा के लिए प्राप्त कर लें. 16एक गुलाम के रूप में नहीं परंतु गुलाम से भी ऊंचा, मसीह में एक प्रिय भाई के रूप में, विशेषकर मेरे लिए. वह मुझे तो अत्यंत प्रिय है ही, किंतु मुझसे बढ़कर अब आपके लिए, दोनों ही रूपों में—एक व्यक्ति के रूप में तथा प्रभु में एक भाई के रूप में.
17इसलिये यदि आप मुझे अपना सहभागी समझते हैं तो मेरी विनती है कि आप उसे ऐसे अपना लीजिए जैसे आपने मुझे अपनाया था. 18यदि उसने किसी भी प्रकार से आपकी कोई हानि की है या उस पर आपका कोई कर्ज़ है तो उसे मेरे नाम लिख दीजिए. 19मैं, पौलॉस, अपने हाथ से यह लिख रहा हूं कि मैं वह कर्ज़ आपको चुका दूंगा—मुझे आपको यह याद दिलाना आवश्यक नहीं कि आपका सारा जीवन मेरा कर्ज़दार है. 20प्रिय भाई, मेरी यह कामना है कि प्रभु में मुझे आपसे यह सहायता प्राप्त हो और मेरा हृदय मसीह में आनंदित हो जाए. 21आपके आज्ञाकारी होने पर भरोसा करके, मैं आपको यह लिख रहा हूं क्योंकि मैं जानता हूं कि आप मेरे द्वारा कही गई बातों से कहीं अधिक ही करेंगे.
22इसके साथ ही, मेरे ठहरने का भी प्रबंध कर लीजिए क्योंकि मुझे आशा है कि आप लोगों की प्रार्थनाओं के उत्तर में मैं परमेश्वर द्वारा आप लोगों को दोबारा लौटा दिया जाऊंगा.
23मसीह येशु में मेरे साथी बंदी एफ़ाहफ़्रास.
24तथा मेरे सहकर्मी मार्कास, आरिस्तारख़ॉस, देमास और लूकॉस आपको नमस्कार करते हैं.
25प्रभु मसीह येशु का अनुग्रह आप सभी की आत्मा के साथ रहे.
Currently Selected:
फ़िलेमोन 1: HCV
Highlight
Copy
Compare
Share
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
Holy Bible, Hindi Contemporary Version™ | Copyright © 2016, 2019, 2026 by Biblica, Inc. | Used with permission. All rights reserved worldwide.