अय्योब 19
19
परमेश्वर तथा मनुष्य द्वारा विश्वास का उत्तर
1तब अय्योब ने उत्तर दिया:
2“आप लोग कब तक मुझे यातना देते रहेंगे
तथा अपने इन शब्दों से कुचलते रहेंगे?
3इन दसों अवसरों पर आप लोग मेरा अपमान करते रहे हैं;
मेरे साथ अन्याय करते हुए आप लोगों को लज्जा तक न आई.
4हां, यदि वास्तव में मुझसे कोई त्रुटि हुई है,
तो यह त्रुटि मेरे लिए चिंता का विषय है.
5यदि आप लोग वास्तव में स्वयं को मुझसे उच्चतर प्रदर्शित करेंगे
तथा मुझ पर मेरी स्थिति को निंदनीय प्रमाणित कर देंगे,
6तब मैं यह समझ लूंगा, कि मेरी यह स्थिति परमेश्वर की ओर से है
तथा उन्हीं ने मुझे इस जाल में डाला है.
7“मैं तो चिल्ला रहा हूं,
‘अन्याय!’ किंतु मुझे कोई उत्तर नहीं मिल रहा;
मैं सहायता के लिए पुकार रहा हूं,
किंतु न्याय कहीं से मिल नहीं रहा है.
8परमेश्वर ने ही जब मेरे मार्ग को रोक दिया है,
तो मैं आगे कैसे बढ़ूं?
उन्होंने तो मेरे मार्गों को अंधकार कर दिया है.
9मेरा सम्मान मुझसे छीन लिया गया है,
तथा जो मुकुट मेरे सिर पर था,
वह भी उतार लिया गया है.
10वह मुझे चारों ओर से तोड़ने में शामिल हैं,
कि मैं नष्ट हो जाऊं;
उन्होंने मेरी आशा को उखाड़ दिया है,
जैसे किसी वृक्ष से किया जाता है.
11अपना कोप भी उन्होंने मुझ पर उंडेल दिया है;
क्योंकि उन्होंने तो मुझे अपना शत्रु मान लिया है.
12उनकी सेना एकत्र हो रही है;
उन्होंने मेरे विरुद्ध ढलान तैयार की है
तथा मेरे तंबू के आस-पास घेराबंदी कर ली है.
13“उन्होंने तो मेरे भाइयों को मुझसे दूर कर दिया है;
मेरे परिचित मुझसे पूर्णतः अनजान हो गए हैं.
14मेरे संबंधियों ने तो मेरा त्याग कर दिया है;
मेरे परम मित्रों ने मुझे याद करना छोड़ दिया है.
15वे, जो मेरी गृहस्थी के अंग हैं तथा जो मेरी परिचारिकाएं हैं;
वे सब मुझे परदेशी समझने लगी हैं.
16मैं अपने सेवक को अपने निकट बुलाता हूं,
किंतु वह सेवक उत्तर नहीं देते.
17मेरी पत्नी के लिए अब मेरा श्वास घृणास्पद हो गया है;
अपने भाइयों के लिए मैं घिनौना हो गया हूं.
18यहां तक कि छोटे-छोटे बालक मुझे तुच्छ समझने लगे हैं;
जैसे ही मैं उठता हूं, वे मेरी निंदा करते हैं.
19मेरे सभी सहयोगी मेरे विद्वेषी हो गए हैं;
मुझे जिन-जिन से प्रेम था, वे अब मेरे विरुद्ध हो चुके हैं.
20अब तो मैं मात्र चमड़ी तथा हड्डियों का रह गया हूं;
मैं जो हूं, मृत्यु से बाल-बाल बच निकला हूं.
21“मेरे मित्रो, मुझ पर कृपा करिये,
क्योंकि मुझ पर तो परमेश्वर का प्रहार हुआ है.
22किंतु परमेश्वर के समान आप लोग मुझे क्यों सता रहे हैं?
क्या मेरी देह को यातना देकर आप लोगों को संतोष नहीं हुआ है?
23“कैसा होता यदि मेरे इन विचारों को लिखा जाता,
इन्हें पुस्तक का रूप दिया जा सकता,
24सीसे के पटल पर लौह लेखनी से
उन्हें चट्टान पर स्थायी रूप से खोद दिया जाता!
25परंतु मुझे यह मालूम है कि मेरे छुड़ाने वाले जीवित हैं,
तथा अंततः वह पृथ्वी पर खड़े रहेंगे.
26मेरी देह के नष्ट हो जाने के बाद भी,
मैं अपनी देह में ही परमेश्वर का दर्शन करूंगा;
27जिन्हें मैं अपनी ही आंखों से देखूंगा,
उन्हें अन्य किसी के नहीं, बल्कि मेरे ही नेत्र देखेंगे.
मेरा मन अंदर ही अंदर उतावला हुआ जा रहा है!
28“अब यदि आप लोग यह विचार करने लगें,
‘हम उन्हें कैसे सता सकेंगे?’
अथवा, ‘उन पर हम कौन सा आरोप लगा सकेंगे?’
29तब उपयुक्त यह होगा कि आप लोग अपने ऊपर तलवार के प्रहार का ध्यान रखिए;
क्योंकि क्रोध का दंड तलवार से होता है,
तब आप लोगों को यह बोध होना अनिवार्य है,
कि न्याय का भी एक समय है.”
Currently Selected:
अय्योब 19: HCV
Highlight
Share
Compare
Copy
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
Holy Bible, Hindi Contemporary Version™ | Copyright © 2016, 2019, 2026 by Biblica, Inc. | Used with permission. All rights reserved worldwide.