प्रशासक 12
12
यिफ्ताह और एफ्राईम
1तब एफ्राईमवासियों ने सेना इकट्ठी की. उन्होंने ज़ेफोन जाकर यिफ्ताह से यह कहके झगड़ा किया, “क्या मतलब था आपका हमें अपने साथ लिए बिना अम्मोन वंशजों से युद्ध के लिए जाने का? हम आपके साथ आपके घर में आग लगा देंगे.”
2यिफ्ताह ने उन्हें उत्तर दिया, “अम्मोन वंशजों के साथ मेरा और मेरे साथियों का बड़ा झगड़ा हो गया था. मैंने आपको बुलाया तो था, किंतु आपने आकर मुझे उनसे नहीं छुड़ाया. 3जब मैंने देखा कि मुझे छुड़ाने में आपकी रुचि नहीं है, मैंने अपनी जान हथेली में लेकर अम्मोन वंशजों पर हमला किया, और यहोवाह ने उन्हें हमारे वश में कर दिया. आप लोग अब मुझसे झगड़ा करने क्यों आए हैं?”
4इस कारण यिफ्ताह ने गिलआद के सारे सैनिकों को इकट्ठा किया और एफ्राईम से युद्ध करके गिलआद के सैनिकों ने उन्हें हरा दिया, क्योंकि एफ्राईमवासियों ने गिलआद वासियों पर आरोप लगाया था, “आप गिलआदवासी लोग तो एफ्राईम के भगोड़े हैं. आप तो एफ्राईम तथा मनश्शेह के ही वासी हैं.” 5गिलआद वासियों ने एफ्राईम के पास वाले यरदन के घाट अपने वश में कर लिए. जब कभी कोई व्यक्ति एफ्राईम से भागने की कोशिश में कहते थे, “मुझे पार जाने दीजिए,” गिलआदवासी उनसे प्रश्न करते थे, “क्या आप एफ्राईमवासी हैं?” यदि वह उत्तर देते थे, “नहीं,” 6तब गिलआदवासी उन्हें आदेश देते थे; “शिब्बोलेथ” बोलिए. किंतु वह उच्चारण करते थे, “सिब्बोलेथ,” क्योंकि उनके लिए इस शब्द का शुद्ध उच्चारण संभव नहीं होता था. यह होने पर गिलआदवासी उन्हें वहीं पकड़कर यरदन के घाटों में मार दिया करते थे. उस समय इस प्रक्रिया में एफ्राईम के बयालीस हज़ार व्यक्तियों को मार दिया गया.
7यिफ्ताह छः साल तक इस्राएल पर शासन करते रहे. इसके बाद गिलआदवासी यिफ्ताह की मृत्यु हो गई. उन्हें गिलआद के ही एक नगर में गाड़ दिया गया.
इबज़न, एलोन और अबदोन
8यिफ्ताह के बाद बेथलेहेम के इबज़न ने इस्राएल के शासन की जवाबदारी संभाली. 9उनके तीस पुत्र और तीस ही पुत्रियां थीं, जिनका विवाह उन्होंने बाहर के गोत्र में किया था. इसी प्रकार उन्होंने अपने पुत्रों का विवाह बाहरी गोत्रों में कर दिया था. उन्होंने इस्राएल पर शासन सात वर्षों तक किया. 10इसके बाद इबज़न की मृत्यु हो गई, और उन्हें बेथलेहेम में गाड़ दिया गया.
11उनके बाद ज़ेबुलूनवासी एलोन इस्राएल के शासक हुए. उन्होंने दस साल तक इस्राएल पर शासन किया. 12ज़ेबुलूनवासी एलोन की मृत्यु हुई और उन्हें ज़ेबुलून देश में अय्यालोन में गाड़ दिया गया.
13उनके बाद पीराथोनवासी हिल्लेल के पुत्र अबदोन इस्राएल के शासक हुए. 14उनके चालीस पुत्र और तीस पोते थे, जो सत्तर गधों पर आना-जाना करते थे. उन्होंने आठ साल इस्राएल पर शासन किया. 15पीराथोनवासी हिल्लेल के पुत्र अबदोन की मृत्यु हो गई. उन्हें एफ्राईम देश के पिराथोन में अमालेकियों के पहाड़ी इलाके में गाड़ दिया गया.
Currently Selected:
प्रशासक 12: HCV
Highlight
Copy
Compare
Share
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
Holy Bible, Hindi Contemporary Version™ | Copyright © 2016, 2019, 2026 by Biblica, Inc. | Used with permission. All rights reserved worldwide.