2 शमुएल 8
8
दाविद के अभियान
1कुछ समय बाद दाविद ने फिलिस्तीनियों को युद्ध में हराया, और फिलिस्तीनियों के कब्जे के प्रमुख नगर मेथेग-अम्माह का नियंत्रण उनसे छीन लिया.
2दाविद ने मोआबियों को भी हराया, उन्हें भूमि पर लिटा कर एक डोर से उन्हें मापा. तब दो पंक्तियों का वध किया जाने का और एक पंक्ति को सजीव रखने का आदेश दिया. इससे मोआबी दाविद के सेवक हो गए और उन्हें शुल्क देने लगे.
3जब ज़ोबाह के राजा रेहोब के पुत्र हादेदेज़र फरात नदी पर अपने अधिकार की पुनःस्थापना कर रहे थे, दाविद ने उनको भी हराया. 4दाविद ने हादेदेज़र से 1,000 रथ, 7,000 घुड़सवार और 20,000 पैदल सैनिक छीन लिए, और रथों के घोड़ों के पैंरो की प्रमुख नस काट दीं, किंतु सौ रथों में इस्तेमाल के लिए पर्याप्त घोड़ों को छोड़ दिया.
5जब ज़ोबाह के राजा हादेदेज़र की सहायता के लिए दमेशेक से अरामी वहां आए, दाविद ने 22,000 अरामियों को मार दिया. 6दाविद ने दमेशेक के अरामी सैनिकों के बीच एक रक्षक सेना ठहरा दी. अरामी दाविद के सेवक बन गए, और उन्हें कर देने लगे. दाविद जहां कहीं गए, उन्हें यहोवाह की सहायता मिलती रही.
7हादेदेज़र के सेवकों की सोने की ढालों को दाविद ने लाकर येरूशलेम में रख दिया. 8हादेदेज़र के दोनों नगर बेताह और बेरोथाई से राजा दाविद ने बड़ी मात्रा में कांसा इकट्ठा किया.
9जब हामाथ के राजा तोऊ ने यह सुना कि दाविद ने हादेदेज़र की संपूर्ण सेना को हरा दिया है, 10तब तोऊ ने अपने पुत्र योराम को राजा दाविद से भेंट करने भेजा, ताकि वह राजा दाविद के स्वास्थ्य के बारे में मालूम करें, और उन्हें बधाई दें, क्योंकि दाविद ने हादेदेज़र को हरा दिया था, जो हमेशा तोऊ से युद्ध करते रहते थे. योराम अपने साथ सोना, चांदी और कांसे की वस्तुएं भी लाए थे.
11राजा दाविद ने सोना, चांदी और कांसे की इन सभी वस्तुओं को उन वस्तुओं के साथ यहोवाह को समर्पित कर दिया, जिन्हें वह उन सभी पराजित देशों, 12अर्थात्, एदोम, मोआब, अम्मोन के वंशजों, फिलिस्तीनियों और अमालेकियों और ज़ोबाह के पुत्र, राजा हादेदेज़र से कब्जा किये थे.
13नमक की घाटी में 18,000 एदोमियों#8:13 एदोमियों कुछ हस्तलेखों में अरामियों का संहार कर लौटने पर दाविद ने अपनी कीर्ति व्यापक कर ली.
14इसके बाद दाविद ने संपूर्ण एदोम राष्ट्र में गढ़ रक्षक सेनाएं बना दीं. सभी एदोमवासी दाविद के अधीन हो गए. दाविद जहां कहीं हमला करते थे, यहोवाह की ओर से उन्हें सफलता ही प्राप्त होती थी.
दाविद के अधिकारी
15दाविद सारे इस्राएल के शासक थे. उन्होंने अपनी सारी प्रजा के लिए न्याय और सच्चाई की व्यवस्था की थी. 16ज़ेरुइयाह के पुत्र योआब सेना पर अधीक्षक थे और अहीलूद के पुत्र यहोशाफ़ात थे लेखापाल; 17अहीतूब के पुत्र सादोक और अबीयाथर के पुत्र अहीमेलेख पुरोहित थे और सेराइयाह उनके सचिव थे; 18यहोयादा के पुत्र बेनाइयाह केरेथि और पेलेथ के निवासियों के प्रधान थे और दाविद के पुत्र प्रशासनिक सलाहकार थे.
Currently Selected:
2 शमुएल 8: HCV
Highlight
Share
Compare
Copy
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
Holy Bible, Hindi Contemporary Version™ | Copyright © 2016, 2019, 2026 by Biblica, Inc. | Used with permission. All rights reserved worldwide.