भजन संहिता 86
86
विनती और भरोसा
दाऊद की प्रार्थना।
1हे यहोवा, कान लगाकर मेरी सुन ले,
क्योंकि मैं असहाय और दरिद्र हूँ।
2मेरे प्राण की रक्षा कर,
क्योंकि मैं तेरा भक्त हूँ।
तू मेरा परमेश्वर है,
इसलिए अपने दास का,
जो तुझ पर भरोसा रखता है,
उद्धार कर।
3हे प्रभु, मुझ पर अनुग्रह कर,
क्योंकि मैं दिन भर
तुझे पुकारता रहता हूँ।
4अपने दास के मन को आनंदित कर,
क्योंकि हे प्रभु,
मैं अपना मन तेरी ओर लगाता हूँ।
5हे प्रभु, तू भला और क्षमा करनेवाला है,
और जितने तुझे पुकारते हैं
उन सब के लिए तू अति करुणामय है।
6हे यहोवा, मेरी प्रार्थना पर कान लगा,
और मेरे गिड़गिड़ाने को ध्यान से सुन।
7संकट के दिन मैं तुझे पुकारूँगा,
क्योंकि तू मुझे उत्तर देता है।
8हे प्रभु, देवताओं में तेरे तुल्य
कोई भी नहीं,
और न ही किसी के
कार्य तेरे जैसे हैं।
9हे प्रभु, तूने जितनी जातियों को बनाया है,
वे सब आकर तेरे सामने दंडवत् करेंगी,
और तेरे नाम की महिमा करेंगी।
10क्योंकि तू महान और आश्चर्यकर्म करनेवाला है,
केवल तू ही परमेश्वर है।
11हे यहोवा, अपना मार्ग मुझे दिखा
कि मैं तेरे सत्य मार्ग पर चलूँ;
मुझे स्थिर मन दे
कि मैं तेरे नाम का भय मानूँ।
12हे प्रभु, हे मेरे परमेश्वर,
मैं अपने संपूर्ण मन से तेरा धन्यवाद करूँगा,
और तेरे नाम की महिमा सदा करता रहूँगा।
13क्योंकि मुझ पर तेरी बड़ी करुणा हुई है;
तूने मेरे प्राण को अधोलोक के गड्ढे में
जाने से बचा लिया है।
14हे परमेश्वर, अभिमानी लोग तो मेरे विरुद्ध उठ खड़े हुए हैं,
और निर्दयी मनुष्यों का झुंड मेरे प्राण के पीछे पड़ा है।
वे तुझ पर ध्यान नहीं देते।
15परंतु हे प्रभु, तू दयालु और अनुग्रहकारी परमेश्वर है।
तू क्रोध करने में धीमा
तथा करुणा और सच्चाई से परिपूर्ण है।
16मेरी ओर फिरकर मुझ पर अनुग्रह कर।
अपने दास को अपना बल दे,
और अपनी दासी के पुत्र का उद्धार कर।
17मुझे अपनी भलाई का कोई चिह्न दिखा,
जिसे देखकर मेरे बैरी लज्जित हों;
क्योंकि हे यहोवा, तूने स्वयं मेरी सहायता की
और मुझे शांति दी है।
वर्तमान में चयनित:
भजन संहिता 86: HSB
हाइलाइट
कॉपी
तुलना
शेयर
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
HINDI STANDARD BIBLE©
Copyright © 2023 by Global Bible Initiative