बाइबल ऐप लोगो
खोज चिह्न

भजन संहिता 85

85
परमेश्‍वर की दया के लिए प्रार्थना
संगीत निर्देशक के लिए। कोरहवंशियों का भजन।
1हे यहोवा, तू अपने देश पर प्रसन्‍न हुआ है;
तू याकूब को बँधुआई से
लौटा ले आया है।
2तूने अपनी प्रजा के अधर्म को क्षमा किया है;
और उसके सब पापों को ढाँप दिया है।
सेला।
3तूने अपने प्रकोप को शांत किया है;
और अपने भड़के हुए क्रोध को दूर किया है।
4हे हमारे उद्धारकर्ता परमेश्‍वर,
हमें फिर से स्थापित कर
और अपना कोप हम पर से हटा ले।
5क्या तू हमसे सदा क्रोधित रहेगा?
क्या तू पीढ़ी से पीढ़ी तक
अपना क्रोध बनाए रखेगा?
6क्या तू हमें फिर न जिलाएगा
कि तेरी प्रजा तुझमें आनंदित हो?
7हे यहोवा, अपनी करुणा हमें दिखा,
और अपना उद्धार हमें प्रदान कर।
8मैं सुनूँगा कि परमेश्‍वर यहोवा क्या कहता है;
वह तो अपनी प्रजा से
जो उसके भक्‍त हैं,
शांति की बातें कहेगा
और उन्हें मूर्खता की ओर लौटने न देगा।
9निश्‍चय उसका भय माननेवालों के उद्धार का समय निकट है
कि हमारे देश में महिमा का निवास हो।
10करुणा और सच्‍चाई का मिलन हुआ है;
धार्मिकता और मेल ने आपस में चुंबन किया है।
11पृथ्वी में से सच्‍चाई अंकुरित होती है,
और स्वर्ग से धार्मिकता झाँकती है।
12निश्‍चय यहोवा वह देगा जो उत्तम है,
और हमारी भूमि अपनी उपज देगी।
13धार्मिकता उसके आगे-आगे चलेगी,
और उसके कदमों के लिए मार्ग बनाएगी।

वर्तमान में चयनित:

भजन संहिता 85: HSB

हाइलाइट

कॉपी

तुलना

शेयर

None

Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in