बाइबल ऐप लोगो
खोज चिह्न

भजन संहिता 81

81
आज्ञाकारिता के लिए बुलाहट
संगीत निर्देशक के लिए। गित्तीथ की राग पर आसाफ का भजन।
1परमेश्‍वर के लिए जो हमारा बल है
आनंद से गाओ;
याकूब के परमेश्‍वर का जय जयकार करो।
2भजन गाओ; डफ और मधुर स्वरवाली वीणा
और सारंगी बजाओ।
3नए चाँद के दिन और पूर्णिमा को,
हमारे पर्व के दिन तुरही फूँको।
4क्योंकि यह इस्राएल के लिए एक विधि,
और याकूब के परमेश्‍वर का ठहराया हुआ नियम है।
5इसे उसने यूसुफ के लिए
उस समय साक्षी ठहराया,
जब वह मिस्र देश में से
निकल आया था।
वहाँ मैंने एक अनजानी भाषा सुनी :
6“मैंने उसके कंधे से बोझ को उतार दिया;
उसके हाथों से टोकरी ढोना छूट गया।
7तूने संकट में पड़कर पुकारा,
और मैंने तुझे छुड़ाया;
मैंने बादल गरजने के गुप्‍त स्थान से
तुझे उत्तर दिया,
और मरीबा नामक सोते के पास तुझे परखा।
सेला।
8हे मेरी प्रजा, सुन,
मैं तुझे सचेत करता हूँ!
हे इस्राएल, भला हो कि तू मेरी सुने!
9तेरे बीच में पराया देवता न हो;
और न तू किसी पराए देवता को दंडवत् करना।
10मैं ही तेरा परमेश्‍वर यहोवा हूँ,
जो तुझे मिस्र देश से निकाल लाया था।
तू अपना मुँह पूरा खोल,
और मैं उसे भर दूँगा।”
11“परंतु मेरी प्रजा ने मेरी न सुनी;
इस्राएल ने मुझे न चाहा,
12इसलिए मैंने उसे उसके हठ पर छोड़ दिया,
कि वह अपनी ही युक्‍तियों के अनुसार चले।
13यदि मेरी प्रजा मेरी सुने,
और इस्राएल मेरे मार्गों पर चले,
14तो मैं क्षण भर में उनके शत्रुओं को दबा दूँगा,
और अपना हाथ उनके बैरियों के विरुद्ध चलाऊँगा।”
15यहोवा के बैरी तो उसकी अधीनता में होंगे;
और उनका दंड सदा बना रहेगा।
16परंतु वह इस्राएल को उत्तम से उत्तम गेहूँ खिलाएगा।
“मैं चट्टान के मधु से तुझे तृप्‍त करूँगा।”

वर्तमान में चयनित:

भजन संहिता 81: HSB

हाइलाइट

कॉपी

तुलना

शेयर

None

Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in