बाइबल ऐप लोगो
खोज चिह्न

भजन संहिता 80

80
पाप-क्षमा के लिए प्रार्थना
संगीत निर्देशक के लिए। शोशन्‍नीमेदूत की राग पर आसाफ का भजन।
1हे इस्राएल के चरवाहे,
तू जो यूसुफ की अगुवाई
भेड़ों के झुंड के समान करता है,
कान लगा! तू जो करूबों पर विराजमान है,
अपना तेज दिखा!
2एप्रैम, बिन्यामीन, और मनश्शे के सामने अपना पराक्रम दिखा,
और हमारा उद्धार करने को आ!
3हे परमेश्‍वर, हमें फिर से स्थापित कर,
और हम पर अपने मुख का प्रकाश चमका;
तब हमारा उद्धार हो जाएगा।
4हे सेनाओं के परमेश्‍वर यहोवा,
तू कब तक अपनी प्रजा की प्रार्थना से क्रोधित रहेगा?
5तूने आँसुओं को उनका आहार बना दिया,
और मटके भर भरके
उन्हें आँसू पिलाए हैं।
6तू हमें हमारे पड़ोसियों के
झगड़ने का कारण बना देता है,
और हमारे शत्रु हम पर हँसते हैं।
7हे सेनाओं के परमेश्‍वर, हमें फिर से स्थापित कर,
और हम पर अपने मुख का प्रकाश चमका;
तब हमारा उद्धार हो जाएगा।
8तू मिस्र से एक दाखलता उखाड़ लाया;
और तूने अन्यजातियों को निकालकर उसे लगा दिया।
9तूने उसके लिए भूमि तैयार की।
उसने गहरी जड़ पकड़ी
और देश भर में फैल गई।
10पर्वत उसकी छाया से,
और विशाल देवदार उसकी डालियों से ढक गए।
11उसकी शाखाएँ समुद्र तक,
और उसकी टहनियाँ महानद तक फैल गईं।
12फिर तूने उसके बाड़ों को क्यों गिरा दिया
कि सब आने जानेवाले उसके फलों को तोड़ते हैं?
13जंगली सूअर उसे उजाड़ देता है,
और मैदान के पशु
उसे खा जाते हैं।
14हे सेनाओं के परमेश्‍वर, लौट आ!
स्वर्ग से दृष्‍टि कर,
और इस दाखलता की सुधि ले।
15तूने इस लता को अपने दाहिने हाथ से लगाया था,
और इसकी कोमल शाखा को
तूने अपने लिए दृढ़ किया था।
16उन्होंने उसे आग से जला दिया,
और काट डाला।
तेरी घुड़की से वे नष्‍ट हो जाएँ।
17तेरा हाथ तेरे दाहिनी ओर के पुरुष,
अर्थात् मनुष्य के पुत्र पर रखा रहे,
जिसे तूने अपने लिए दृढ़ किया है।
18तब हम तुझसे न फिरेंगे।
हमें जिला, और हम तुझसे प्रार्थना करेंगे।
19हे सेनाओं के परमेश्‍वर यहोवा,
हमें फिर से स्थापित कर,
और हम पर अपने मुख का प्रकाश चमका;
तब हमारा उद्धार हो जाएगा।

वर्तमान में चयनित:

भजन संहिता 80: HSB

हाइलाइट

कॉपी

तुलना

शेयर

None

Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in