बाइबल ऐप लोगो
खोज चिह्न

भजन संहिता 79

79
यरूशलेम का विनाश, और सहायता की प्रार्थना
आसाफ का भजन।
1हे परमेश्‍वर, जाति-जाति के लोग
तेरे निज भाग में घुस आए हैं;
उन्होंने तेरे पवित्र मंदिर को अशुद्ध किया,
और यरूशलेम को खंडहर बना दिया है।
2उन्होंने तेरे सेवकों के शवों को
आकाश के पक्षियों का आहार कर दिया,
और तेरे भक्‍तों का मांस पृथ्वी के
वनपशुओं को खिला दिया है।
3उन्होंने उनका लहू यरूशलेम के चारों ओर
जल के समान बहाया,
और उन्हें मिट्टी देनेवाला कोई न था।
4हम अपने पड़ोसियों के लिए
निंदा के पात्र बन गए हैं;
हमारे आस-पास के लोग
हम पर हँसते,
और हमारा ठट्ठा करते हैं।
5हे यहोवा, कब तक?
क्या तू सदा के लिए
हम पर क्रोधित रहेगा?
क्या तेरी जलन आग
के समान भड़कती रहेगी?
6अपना प्रकोप उन जातियों पर उंडेल
जो तुझे नहीं जानतीं,
और उन राज्यों के लोगों पर
जो तुझसे प्रार्थना नहीं करते।
7क्योंकि उन्होंने याकूब को निगल लिया,
और उसके वासस्थान को उजाड़ डाला है।
8हमारे पूर्वजों के द्वारा किए अधर्म के
कामों को हमारे विरुद्ध स्मरण न कर।
तेरी दया हम पर शीघ्र हो,
क्योंकि हम बड़ी दुर्दशा में पड़े हैं।
9हे हमारे उद्धारकर्ता परमेश्‍वर,
अपने नाम की महिमा के लिए हमारी सहायता कर;
और अपने नाम के कारण
हमें छुड़ाकर हमारे पापों को ढाँप दे।
10जाति-जाति के लोग क्यों कहें,
“उनका परमेश्‍वर कहाँ है?”
तेरे सेवकों के बहाए गए
लहू का बदला लिया जाना
हमारी आँखों के सामने जाति-जाति के लोगों
के मध्य प्रकट हो जाए।
11बंदियों का कराहना तेरे सम्मुख पहुँचे;
अपने भुजबल से घात होनेवालों को बचा ले।
12हे प्रभु, हमारे पड़ोसियों ने जो तेरी निंदा की है,
उसका सातगुणा बदला उन्हें दे!
13तब हम जो तेरी प्रजा
और तेरी चरागाह की भेड़ें हैं,
तेरा धन्यवाद सदा करते रहेंगे,
और पीढ़ी से पीढ़ी तक
तेरी स्तुति करते रहेंगे।

वर्तमान में चयनित:

भजन संहिता 79: HSB

हाइलाइट

कॉपी

तुलना

शेयर

None

Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in