यशायाह 9
9
1फिर भी, पहले जो लोग संकट में थे, उनके लिए अब और अधिक शोक नहीं होगा. अतीत में उन्होंने ज़ेबुलून और नफताली के अभिमान को मिटाया था, किंतु भविष्य में वह समुद्र के रास्ते यरदन के उस पार, गैर-यहूदी जनसमूहों के गलील प्रदेश को सम्मानित करेंगे—
2अंधकार में चल रहे लोगों ने
एक बड़ी ज्योति को देखा;
गहन अंधकार के निवासियों पर
ज्योति चमकी.
3जैसे फसल कटनी के समय
आनंदित होती है,
और जैसे लोग लूट बांटने के समय
मगन होते हैं;
वैसे ही आपने उस जनसमुदाय को बढ़ाया
और आनंदित किया.
4क्योंकि परमेश्वर ने उनके जूए
और भारी बोझ को दूर किया,
जो मिदियान के द्वारा दिया गया था.
5युद्ध में लड़ने वाले सैनिकों के जूते
और खून से भरे हुए सभी कपड़े जलने के लिए नियत होंगे,
वे सब आग के लिए ईंधन होंगे!
6क्योंकि हमारे लिए एक बालक पैदा हुआ है,
हमें एक पुत्र दिया गया है,
प्रभुता उनके कंधों पर स्थित होगी,
और उनका नाम
अद्भुत युक्ति करने वाले, पराक्रमी परमेश्वर,
अनंत काल के पिता, और शांति के राजकुमार होगा.
7दाविद के सिंहासन और उनके राज्य पर उनके अधिकार
तथा उनकी शांति का अंत न होगा.
इसलिये दाविद की राजगद्दी हमेशा न्याय
और धर्म के साथ स्थिर रहेगी.
सेनाओं के यहोवाह का जोश इसे पूरा करेगा.
इस्राएल के खिलाफ़ यहोवाह का क्रोध
8यहोवाह ने याकोब के पास एक संदेश भेजा;
जो इस्राएल पर पूरा हुआ.
9यह एफ्राईम और शमरिया के
सभी लोगों को मालूम हो जाएगा—
जो घमंड
और कठोरता से बोलते हैं,
10“ईंटें तो गिर गई हैं,
लेकिन हम गिरे हुए पत्थरों से घर बनाएंगे,
गूलर-वृक्ष तो काट दिए गए हैं,
तब हम उनके स्थान पर देवदार उगाएंगे.”
11तब यहोवाह रेज़िन की ओर से उसके विरुद्ध शत्रु खड़े करेंगे
और उसके अन्य शत्रुओं को उकसाएंगे.
12पूर्व से अरामी और पश्चिम से फिलिस्तीनी
जो मुंह खोलकर इस्राएल को निगल जाएंगे.
यह सब होने पर भी उनका क्रोध शांत न होगा,
और उनका हाथ उठा रहेगा.
13फिर भी लोग उनकी ओर नहीं फिरे,
और न ही उन्होंने सर्वशक्तिमान यहोवाह की ओर ध्यान दिया.
14इसलिये यहोवाह एक ही दिन में इस्राएल से सिर और पूंछ,
तथा खजूर के सरकंडे को काट डालेंगे;
15सिर तो वह प्रतिष्ठित और प्रधान व्यक्ति हैं,
और पूंछ वह भविष्यद्वक्ता जो झूठी बातें सिखाते हैं.
16क्योंकि वे ही, उनको मार्ग बताकर भटका देते थे,
और जो उनकी अगुवाई करते थे नाश हो गए.
17इसलिये प्रभु उनके जवानों से खुश नहीं थे,
और उनके अनाथ और विधवाओं पर कोई दया नहीं करते,
क्योंकि सब श्रद्धाहीन और कुकर्मी थे,
उनमें सब की बातें मूर्खता की होती थी.
इतना सब होने पर भी उनका क्रोध शांत न हुआ,
और उनका हाथ उठा रहा.
18दुष्ट व्यक्ति आग के समान जलते हैं;
जो ऊंटकटारों तथा कंटीली झाड़ियों को जला देती है,
वन के झुरमुट को जला देती है,
और उसका धुआं ऊपर उठता है.
19सर्वशक्तिमान यहोवाह के क्रोध से
देश झुलस गया है
और प्रजा आग में जल गई है;
भाई ने भाई को नहीं छोड़ा.
20वे दायीं ओर से छीन झपटकर खाने पर भी भूखे ही रहते हैं,
और वह भी खा जाते हैं;
जो बाईं ओर होता है,
फिर भी तृप्त नहीं होते.
उनमें से हर एक व्यक्ति अपनी ही बांह के मांस को खा जाते हैं:
21एफ्राईम मनश्शेह को खाता है और मनश्शेह एफ्राईम को;
वे एक साथ होकर यहूदाह के विरुद्ध हो गए हैं.
इतना सब होने पर भी उनका क्रोध शांत न होगा,
और उनका हाथ उठा रहेगा.
वर्तमान में चयनित:
यशायाह 9: HCV
हाइलाइट
कॉपी
तुलना
शेयर
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
Holy Bible, Hindi Contemporary Version™ | Copyright © 2016, 2019, 2026 by Biblica, Inc. | Used with permission. All rights reserved worldwide.