यशायाह 10

10
1हाय उन लोगों पर जो अन्याय के कानूनों को बनाते हैं,
और जो दमनकारी आदेश जारी करते हैं,
2कि वे कंगालों को न्याय से दूर कर दें
और गरीबों के अधिकारों को छीन लें,
जिससे वे विधवाओं को लूट सकें
और अनाथों को अपना शिकार बना सकें.
3क्या करेंगे आप लोग दंड और विनाश के दिन,
जो दूर से आएगा?
तब सहायता के लिए आप लोग दौड़कर किसके पास जाएंगे?
और कहां छिपाएंगे अपने आपको?
4बंदियों के बीच चापलूसी और मरे हुओं के बीच छिपने के सिवा
कोई भी रास्ता नहीं रह जाएगा.
इतना सब होने पर भी, उनका क्रोध नहीं हटेगा,
और उनका हाथ उठा रहेगा.
अश्शूर पर दण्डाज्ञा
5“अश्शूर पर हाय,
जो मेरे क्रोध का सोंटा तथा लाठी है!
6मैं उसको एक श्रद्धाहीन जाति के विरुद्ध भेजूंगा,
और उन लोगों के विरुद्ध जिनसे मैं क्रोधित हूं,
उसे आज्ञा दे रहा हूं कि वह इसे उजाड़ दे,
लूट ले और गलियों के कीचड़-समान रौंद डाले.
7किंतु फिर भी उसकी इच्छा यह नहीं
और न ही उसके हृदय में ऐसी कोई युक्ति है;
परंतु उसका यह उद्देश्य है,
कि वह अनेक देशों को नष्ट करे और मिटा डाले.
8क्योंकि वह यह कहता है, ‘क्या मेरे सब हाकिम राजा नहीं हैं?’
9‘क्या कलनो कर्कमीश व हामाथ अरपाद के
और शमरिया दमेशेक के समान नहीं है?
10इसलिये कि मेरा हाथ मूर्तियों के राज्य में पहुंच गया है,
जिनकी गढ़ी हुई मूर्तियां येरूशलेम और शमरिया से अधिक थीं—
11क्या मैं येरूशलेम और उसकी मूर्तियों के साथ वही करूंगा
जैसा मैंने शमरिया और उसकी मूर्तियों के साथ किया था?’ ”
12जब प्रभु ज़ियोन पर्वत और येरूशलेम में अपना सब काम पूरा कर चुकें, तब वे कहेंगे, “मैं अश्शूर के राजा को उनके हृदय के सुविचारित घमण्ड और उनकी आंखों की अहंकारी अभिव्यक्ति के लिए दण्ड दूंगा. 13क्योंकि वह कहता है:
“ ‘मैंने यह अपनी ही शक्ति और अपनी ही बुद्धि से किया है,
क्योंकि मैं समझदार हूं.
मैंने राष्ट्रों की सीमाओं को हटा दिया है,
और उनके खज़ानों को लूट लिया है;
और एक पराक्रमी के समान उनके राजाओं को हरा दिया है.
14और मेरा हाथ राष्ट्रों की धन-संपत्ति को वैसे ही पा गया है जैसे कोई घोंसले तक पहुंचता है;
और जैसे कोई त्यागे हुए अण्डों को बटोरता है,
वैसे ही मैंने सारी पृथ्वी को बटोर लिया है;
और कोई पंख नहीं हिलाता, न कोई मुंह खोलता है,
और न ही चहचहाता है.’ ”
15क्या कुल्हाड़ी अपनी प्रशंसा करेगी,
या आरी स्वयं को जो उसे खींचता है अच्छा होने का दावा करेगी?
यह तो उसी प्रकार है जैसे लाठी उसे उठाए जो काठ है ही नहीं,
या मुगदर अपने प्रयोक्ता को चलाए!
16इसलिए प्रभु, सर्वशक्तिमान यहोवाह,
उनके हृष्ट-पुष्ट योद्धाओं पर एक क्षय रोग भेजेंगे,
और उनके ऐश्वर्य के नीचे आग जल उठेगी
जैसे धधकती हुई ज्वाला.
17इस्राएल की ज्योति आग
और इस्राएल का पवित्र परमेश्वर
ज्वाला बन जाएंगे;
और अश्शूर के कंटीले झाड़-झंखाड़ को
धधकती अग्नि एक ही दिन में जलाकर
राख कर देगी.
18वे उसके वन और फलदायक उद्यान के वैभव को ऐसे नष्ट कर देंगे, जैसे एक रोगी की देह
और प्राण कमजोर होते हैं.
19उसके वन में शेष रह गए वृक्षों की संख्या इतनी अल्प हो जाएगी
कि कोई बालक भी इसकी गणना कर लेंगे.
इस्राएल का शेषांश
20उस दिन इस्राएल के बचे हुए लोग,
और याकोब वंश के भागे हुए लोग,
अपने मारने वाले पर
फिर विश्वास नहीं करेंगे,
बल्कि यहोवाह इस्राएल के पवित्र परमेश्वर पर भरोसा रखेंगे.
21याकोब में से बचे हुए लोग
पराक्रमी परमेश्वर के पास लौट आएंगे.
22क्योंकि हे इस्राएल, चाहे तुम्हारी प्रजा समुद्र के बालू के समान भी हो,
किंतु उनमें से कुछ ही बच पाएंगे.
लेकिन विनाश पूरे
न्याय के साथ होगा.
23क्योंकि विनाश करने का निर्णय
प्रभु, सर्वशक्तिमान यहोवाह ने ले लिया है.
24इसलिये प्रभु, सर्वशक्तिमान यहोवाह यों कहते हैं:
“हे ज़ियोन में रहनेवाले, अश्शूरियों से मत डरिए;
चाहे वे सोंटे से और लाठी से आप लोगों को मारें.
25क्योंकि कुछ ही समय में आप लोगों पर मेरा गुस्सा शांत हो जाएगा
और मैं उन्हें नाश कर दूंगा.”
26सर्वशक्तिमान यहोवाह उन्हें चाबुक से ऐसा मारेंगे,
जैसा उन्होंने ओरेब की चट्टान पर मिदियान को मारा था.
उनकी लाठी समुद्र पर होगी और वे इसे ऐसे उठा लेंगे,
जैसे उन्होंने मिस्र में किया था.
27उस दिन उनका बोझ आप लोगों के कंधों से हट जाएगा,
और उनका जूआ आप लोगों की गर्दन से;
यह जूआ अभिषेक के साथ
तोड़ दिया जाएगा.
28उन्होंने अय्याथ पर हमला कर दिया है;
और वे मिगरोन में से होकर निकल गये हैं;
मिकमाश में उन्होंने अपने हथियार रखे हैं.
29वे घाटी पार करके,
“वे गेबा में रात रुकेंगे.”
रामाह डरा हुआ है;
शाऊल का गिबियाह भाग गया है.
30हे गल्लीम की पुत्री, ऊंचे स्वर में चिल्लाइए!
हे लयशाह के लोगो, सुनिए!
हे अनाथोथ, ध्यान दीजिए!
31मदमेनाह भाग गया है;
गीबाम के लोग जाने के लिये तैयार हैं.
32वे आज नोब में रुकेंगे;
वे ज़ियोन की पुत्री के पर्वत
अर्थात् येरूशलेम की पहाड़ी को,
अपनी ताकत दिखाएंगे.
33देखिये, प्रभु, सर्वशक्तिमान यहोवाह,
भयानक रूप से डालियों को काट डालेंगे.
और वे जो ऊंचे हैं,
नीचे किए जाएंगे.
34वे घने वन के झुरमुटों को काट डालेंगे;
और सर्वसामर्थ्यी परमेश्वर लबानोन को नाश कर देंगे.

वर्तमान में चयनित:

यशायाह 10: HCV

हाइलाइट

कॉपी

तुलना

शेयर

None

Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in

यशायाह 10 के लिए वीडियो