निर्गमन 22
22
संपत्ति संबंधी अधिकार
1“यदि कोई व्यक्ति किसी बैल अथवा भेड़-बकरी की चोरी कर उसे मार दें अथवा उसे बेच दें, तो उन्हें उस बैल के बदले पांच बैल तथा भेड़-बकरी के बदले चार भेड़-बकरी देने होंगे.
2“यदि कोई चोर चोरी करते हुए पकड़े जाएं और उन्हें मारते समय उनकी मृत्यु हो जाए, तब उस स्थिति में उनकी मृत्यु का दोष किसी पर न आए. 3किंतु यदि सूर्य निकलने के बाद उन्होंने चोरी की हो तो मृत्यु का दोष लगेगा.
“ज़रूरी होगा कि चोर उस नुकसान को भर दें. यदि वह नहीं भर सकते हैं, तो वह इस चोरी के कारण बेच दिये जाएं. 4यदि चोरी की गई वस्तु—बैल, गधा, अथवा भेड़-बकरी—ज़िंदा उनके पास है तो, उन्हें उसका दो गुणा दाम देना होगा.
5“यदि कोई व्यक्ति अपना पशु खुला छोड़ दें, और वह किसी का खेत अथवा दाख की बारी खा जाए, तो वह अपने ही खेत तथा दाख की बारी में से सबसे अच्छा हिस्सा उन्हें दें.
6“यदि कोई आग जलाए और आग फैलकर झाड़ियों में लग जाए और जमा किया हुआ अनाज, तथा पूरी उपज और खेत जलकर राख हो जाए, तो जिस व्यक्ति ने आग लगाई, वह खेत के नुकसान को चुकाएं.
7“यदि कोई अपने पड़ोसी को धन अथवा सोना-चांदी संभालने के लिये देते हैं और कोई व्यक्ति इन चीज़ों की चोरी कर लेते हैं, और चोर पकड़े जाते हैं, तो चोर को उसका दो गुणा धन देना होगा 8यदि चोर पकड़े न जाएं, तब उस घर के मालिक को फैसला करने वालों के सामने लाया जाए, ताकि यह मालूम हो जाए कि कहीं उन्होंने ही पड़ोसी के धन पर हाथ न धरा हो. 9चाहे वह बैल, गधे, भेड़-बकरी, वस्त्र अथवा किसी भी खोई हुई वस्तु के संबंध में हो, जिसके विषय में कोई यह कहे, ‘यह तो मेरा है!’ जब किसी चीज़ को लेकर आपस में झगड़ा करें कि यह मेरा है तब फैसला करने वाले सही फैसला करके दोषी को सजा दें और दोषी व्यक्ति दो गुणा दाम उनको लौटाएं.
10“यदि कोई व्यक्ति अपने पड़ोसी को गधा, बैल, भेड़-बकरी अथवा अन्य कोई भी पशु उनके घर पर रखने के लिए देते हैं, और तब उस पशु की मृत्यु हो जाती है, और किसी ने नहीं देखा कि वह पशु कैसे मरा था, और क्या हुआ, 11तब यहोवाह के सामने उन दोनों से पूछें कि उन्होंने अपने पड़ोसी की संपत्ति पर अधिकार तो नहीं कर लिया है, तब उस पशु के मालिक को उनकी बात पर विश्वास करना होगा. और उन्हें कोई दाम नहीं चुकाना होगा. 12किंतु यदि वास्तव में चोरी की गई है, तब उन्हें अपने पड़ोसी को दाम चुकाना होगा. 13यदि पशु को कोई जंगली जानवर मारकर टुकड़े-टुकड़े कर दे तो पड़ोसी को सबूत के तौर पर अवशेष लाना होगा; उस पशु के लिए किसी को भी दाम नहीं चुकाना होगा.
14“यदि कोई व्यक्ति अपने पड़ोसी से कोई पशु अपनी मदद के लिए लेते हैं, और जब उसका मालिक वहां नहीं हो और तब उस पशु को चोट लगे या उसकी मृत्यु हो जाये तो उन्हें उसका दाम चुकाना होगा. 15और यदि मालिक के सामने ही पशु को कुछ भी होता है तो पशु का दाम चुकाने की ज़रूरत नहीं है.
अन्य विविध विधान
16“यदि कोई पुरुष किसी कुंवारी को भ्रष्ट करते हैं, और उनके साथ संभोग करते हैं, तो वह उनका मोल देकर उनके साथ विवाह करें. 17और यदि उन लड़की के पिता विवाह के लिए तैयार नहीं होते हैं, तब उन पुरुष को कुंवारियों के लिए तय किया गया दाम देना होगा.
18“आप लोग तांत्रिक स्त्री को जीवित न रहने दें.
19“यदि कोई व्यक्ति किसी पशु के साथ मैथुन करें, निश्चयतः उन व्यक्ति को मार दिया जाए.
20“जो कोई यहोवाह को छोड़ें और किन्हीं और देवता को बलि चढ़ाएं, तो उन्हें नष्ट कर दिया जाए.
21“आप लोग किन्हीं अनजान व्यक्ति को परेशान न करें और न उन पर अत्याचार करें—क्योंकि आप लोग भी मिस्र देश में अनजान थे.
22“आप लोग किसी विधवा अथवा अनाथ बालक को दुःख न दें. 23यदि आप लोग उन्हें किसी भी तरह से दुःख देंगे और उस दुःख में वे मुझे पुकारेंगे, तो मैं निश्चयतः उन्हीं की पुकार सुनूंगा. 24और मैं बहुत क्रोधित होऊंगा और आप लोगों को तलवार से मार दूंगा और आप लोगों की पत्नियां विधवाएं तथा आप लोगों के बच्चे अनाथ हो जाएंगे.
25“यदि आप लोग मेरे लोगों में से किसी को रकम उधार में देंगे तो उसे व्यापारिक सौदे की तरह न लीजिए; कोई ब्याज न लें उनसे ब्याज मत लीजिए. 26यदि आप लोग कभी अपने पड़ोसी या भाई बहनों से पहनने के लिए कपड़ा मांगें तो शाम होने से पहले उन्हें वापस दे दें. 27क्योंकि हो सकता हैं उनके पास पहनने के लिए एक ही जोड़ा कपड़ा हो और, यदि वह मुझे पुकारें तब, मैं उन्हीं की सुनूंगा, क्योंकि मैं दयालु परमेश्वर हूं.
28“आप लोग परमेश्वर की निंदा न करें, और न अपने प्रधानों को शाप दें.
29“अपनी उपज तथा अपने फलों में से भेंट अर्पण करने में देरी न करें.
“आप लोग अपने पुत्रों में से पहिले पुत्र को मुझे अर्पण करें. 30और बैलों तथा गायों के पहलौंठे भी मुझे अर्पण करें, बच्चा सात दिन तक मां के साथ रहे और आठवें दिन वह मुझे अर्पण किया जाए.
31“आप लोग मेरे लिए अपने आपको पवित्र रखें. जो पशु मैदान में मरा हुआ मिले, उसका मांस न खाएं; आप लोग उसे कुत्तों को खिला दें.
Selectat acum:
निर्गमन 22: HCV
Evidențiere
Copiază
Compară
Împărtășește
Dorești să ai evidențierile salvate pe toate dispozitivele? Înscrie-te sau conectează-te
Holy Bible, Hindi Contemporary Version™ | Copyright © 2016, 2019, 2026 by Biblica, Inc. | Used with permission. All rights reserved worldwide.