Bible App logo
Elilingi ya Boluki

भजन संहिता 5

5
धर्मी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना
संगीत निर्देशक के लिए : बाँसुरियों के साथ। दाऊद का भजन।
1हे यहोवा, मेरे वचनों पर कान लगा;
मेरे कराहने की ओर ध्यान दे।
2हे मेरे राजा, हे मेरे परमेश्‍वर,
मेरी दुहाई पर ध्यान दे,
क्योंकि मैं तुझी से प्रार्थना करता हूँ।
3हे यहोवा, भोर को मेरी वाणी तुझे सुनाई देगी,
मैं भोर को प्रार्थना करके तेरी प्रतीक्षा करूँगा।
4तू ऐसा ईश्‍वर नहीं जो दुष्‍टता से प्रसन्‍न हो;
और न ही बुराई तेरे साथ रह सकती है।
5घमंडी तेरे सामने खड़े नहीं रह पाएँगे;
तू सब कुकर्मियों से घृणा करता है।
6तू झूठ बोलनेवालों को नष्‍ट करता है।
यहोवा हत्यारे और छली मनुष्य से घृणा करता है।
7परंतु मैं तो तेरी अपार करुणा के कारण तेरे भवन में आऊँगा।
मैं तेरा भय मानकर तेरे पवित्र मंदिर की ओर दंडवत् करूँगा।
8हे यहोवा, मेरे शत्रुओं के कारण
धार्मिकता के मार्ग में मेरी अगुवाई कर;
मेरे आगे-आगे अपना सीधा मार्ग दिखा।
9उनके मुँह में कोई सच्‍चाई नहीं है;
उनके मन में दुष्‍टता भरी है।
उनका गला खुली हुई कब्र है,
और वे अपनी जीभ से चिकनी-चुपड़ी बातें करते हैं।
10हे परमेश्‍वर, तू उन्हें दोषी ठहरा।
वे अपनी ही युक्‍तियों से गिर जाएँ;
उन्हें उनके अपराधों की अधिकाई के कारण निकाल बाहर कर,
क्योंकि उन्होंने तेरे विरुद्ध विद्रोह किया है।
11परंतु जो तेरी शरण लेते हैं वे सब मगन हों।
वे सदैव आनंद के गीत गाते रहें,
क्योंकि तू उनकी रक्षा करता है;
और जो तेरे नाम के प्रेमी हैं वे तुझमें प्रफुल्लित हों।
12हे यहोवा, तू धर्मी मनुष्य को आशिष देता है;
तू उसे अपनी अनुग्रहरूपी ढाल से घेरे रहता है।

Tya elembo

Kopya

Kokisana

Kabola

None

Olingi kobomba makomi na yo wapi otye elembo na baapareyi na yo nyonso? Kota to mpe Komisa nkombo