Logo ya Aplikasyo ya Biblia
Elilingi ya Boluki

भजन संहिता 45

45
राजकीय विवाह गान
संगीत निर्देशक के लिए। शोशन्‍नीम की राग पर कोरहवंशियों का मश्कील। एक प्रेम गीत।
1मेरे हृदय में एक मधुर भाव उमड़ रहा है,
मैं राजा को अपना गीत सुनाता हूँ।
मेरी जीभ निपुण लेखक की लेखनी बनी है।
2मनुष्यों की संतानों में तू अति सुंदर है,
तेरे होंठ अनुग्रह से परिपूर्ण हैं;
इसलिए परमेश्‍वर ने तुझे सदा-सर्वदा
के लिए आशिष दी है।
3हे शूरवीर, तू अपनी तलवार को
कमर पर बाँध ले,
जो तेरा वैभव और प्रताप है!
4तू सत्य, नम्रता, और धार्मिकता के लिए
अपने प्रताप पर सवार होकर
विजयपूर्वक आगे बढ़।
तेरा दाहिना हाथ तुझे भयानक कार्य सिखाए।
5तेरे तीर तेज़ हैं,
वे राजा के शत्रुओं के हृदयों को बेधते हैं।
देश-देश के लोग तेरे सामने गिरते हैं।
6हे परमेश्‍वर, तेरा सिंहासन सदा-सर्वदा
के लिए स्थिर है।
तेरे राज्य का राजदंड
तो न्याय का राजदंड है।
7तूने धार्मिकता से प्रेम
और दुष्‍टता से बैर किया है,
इसलिए परमेश्‍वर, तेरे परमेश्‍वर ने
तेरे साथियों से बढ़कर हर्ष के
तेल से तेरा अभिषेक किया है।
8तेरे सब वस्‍त्र गंधरस, अगर,
और तेजपात से सुगंधित हैं :
हाथी दाँत के महलों के तारवाले वाद्यों ने
तुझे आनंदित किया है।
9तेरी प्रतिष्‍ठित महिलाओं में राजकुमारियाँ भी हैं;
महारानी तेरे दाहिनी ओर ओपीर के
सोने से आभूषित होकर खड़ी है।
10हे बेटी, सुन,
कान लगाकर ध्यान दे :
अपने लोगों और अपने पिता के
घर को भूल जा;
11तब राजा तेरी सुंदरता की चाह करेगा।
वह तो तेरा प्रभु है,
उसे दंडवत् कर।
12सोर की बेटी भेंट लेकर आएगी,
और प्रजा के धनी लोग
तेरी कृपा प्राप्‍त करने का प्रयास करेंगे।
13महल में राजकुमारी अति शोभायमान है;
उसके वस्‍त्रों में सोने के बेल-बूटे कढ़े हैं।
14बेल-बूटेदार वस्‍त्रों से सुसज्‍जित
वह राजा के पास पहुँचाई जाएगी;
उसके पीछे-पीछे उसकी कुँवारी सहेलियाँ
तेरे पास पहुँचाई जाएँगी।
15आनंद और हर्ष के साथ उन्हें पहुँचाया जाएगा;
और वे राजा के महल में प्रवेश करेंगी।
16तेरे पूर्वजों के स्थान पर तेरे पुत्र होंगे;
तू उन्हें समस्त पृथ्वी पर शासक ठहराएगा।
17मैं तेरे नाम को पीढ़ी से पीढ़ी तक स्मरणीय बनाऊँगा;
इस कारण देश-देश के लोग
सदा-सर्वदा तेरा धन्यवाद करते रहेंगे।

Tya elembo

Kopya

Kokisana

Kabola

None

Olingi kobomba makomi na yo wapi otye elembo na baapareyi na yo nyonso? Kota to mpe Komisa nkombo