Logo ya Aplikasyo ya Biblia
Elilingi ya Boluki

भजन संहिता 40

40
धन्यवाद बलि और सहायता के लिए पुकार
संगीत निर्देशक के लिए। दाऊद का भजन।
1मैं धीरज से यहोवा की प्रतीक्षा करता रहा,
और उसने मेरी ओर झुककर मेरी दुहाई सुनी।
2उसने मुझे विनाश के गड्‌ढे और दलदल में से निकाला,
और मुझे चट्टान पर खड़ा करके मेरे कदमों को दृढ़ किया है।
3उसने मेरे मुँह में एक नया गीत डाला है,
जो हमारे परमेश्‍वर की स्तुति का गीत है।
बहुत से लोग यह देखकर भयभीत होंगे,
और यहोवा पर भरोसा रखेंगे।
4क्या ही धन्य है वह मनुष्य
जो यहोवा पर भरोसा रखता है,
और अभिमानियों तथा झूठ में लीन रहनेवालों की ओर नहीं जाता।
5हे यहोवा मेरे परमेश्‍वर, जो आश्‍चर्यकर्म और
जो विचार तूने हमारे लिए किए हैं,
वे तो बहुत हैं;
तेरे तुल्य कोई नहीं।
यदि मैं उनके विषय में बताऊँ
और उनकी चर्चा करूँ तो वे इतने हैं
कि उनकी गिनती नहीं हो सकती।
6मेलबलि और अन्‍नबलि तूने न चाही;
तूने मेरे कान खोदकर खोले हैं।
होमबलि और पापबलि की माँग तूने नहीं की।
7तब मैंने कहा, “देख, मैं आया हूँ!
पुस्तक में मेरे विषय यही लिखा है।
8हे मेरे परमेश्‍वर,
मैं तेरी इच्छा पूरी करने से प्रसन्‍न होता हूँ।
तेरी व्यवस्था मेरे हृदय में बसी है।”
9मैंने बड़ी सभा में धार्मिकता का
शुभ-संदेश सुनाया है,
हे यहोवा, तू तो जानता है
कि मैंने अपने मुँह को बंद नहीं रखा।
10मैंने तेरी धार्मिकता को
अपने मन में छिपाए नहीं रखा;
मैंने तेरी सच्‍चाई और तेरे उद्धार की चर्चा की है।
मैंने तेरी करुणा और तेरी सच्‍चाई को
बड़ी सभा से छिपाए नहीं रखा।
11हे यहोवा, तू मुझे अपनी दया से वंचित न कर;
तेरी करुणा और तेरी सच्‍चाई से निरंतर मेरी रक्षा होती रहे।
12क्योंकि अनगिनित बुराइयों ने मुझे घेर लिया है;
मेरे अधर्मों ने मुझे ऐसा पकड़ लिया है
कि मैं देख नहीं सकता।
वे गिनती में मेरे सिर के बालों से कहीं बढ़कर हैं,
इसलिए मेरा हृदय टूट गया है।
13हे यहोवा, कृपा करके मुझे छुड़ा ले!
हे यहोवा, मेरी सहायता के लिए शीघ्र आ!
14जो मेरे जीवन को नाश करने की खोज में हैं,
वे सब लज्‍जित और निराश हों;
और जो मेरी हानि से प्रसन्‍न होते हैं,
वे पीछे हटाए और अपमानित किए जाएँ।
15जो मुझसे “आहा, आहा,” कहते हैं,
वे अपनी लज्‍जा के कारण विस्मित हों।
16जितने तुझे खोजते हैं
वे सब तुझमें आनंदित और मगन हों;
जितने तेरे उद्धार को प्रिय जानते हैं,
वे सब निरंतर कहें, “यहोवा की बड़ाई हो!”
17मैं तो दीन और दरिद्र हूँ,
फिर भी प्रभु का ध्यान मुझ पर लगा रहता है।
तू मेरा सहायक और मेरा छुड़ानेवाला है;
हे मेरे परमेश्‍वर, विलंब न कर।

Tya elembo

Kopya

Kokisana

Kabola

None

Olingi kobomba makomi na yo wapi otye elembo na baapareyi na yo nyonso? Kota to mpe Komisa nkombo