Logo ya Aplikasyo ya Biblia
Elilingi ya Boluki

भजन संहिता 39

39
जीवन की अस्थाई प्रकृति
संगीत निर्देशक यदूतून के लिए। दाऊद का भजन।
1मैंने कहा, “मैं अपने चाल-चलन की चौकसी करूँगा
ताकि मेरी जीभ से पाप न हो।
जब तक दुष्‍ट मेरे सामने है,
मैं अपने मुँह पर लगाम लगाए रहूँगा।”
2मैं चुपचाप और शांत रहा,
मैं भलाई की ओर भी चुप्पी साधे रहा;
और मेरा दुःख बढ़ गया।
3मेरा हृदय भीतर ही भीतर जल उठा;
सोचते-सोचते आग भड़क उठी।
तब मैं अपनी जीभ से बोल उठा :
4हे यहोवा, ऐसा कर कि मैं अपना अंत जान लूँ,
और यह भी कि मेरी आयु के दिन कितने हैं।
मैं जानूँ कि मैं कैसा क्षणभंगुर हूँ।
5देख, तूने मेरी आयु कितनी छोटी#39:5 अक्षरशः हाथ भर की रखी है,
और मेरा जीवनकाल मानो तेरी दृष्‍टि में कुछ भी नहीं।
निश्‍चय हर एक मनुष्य,
कितना ही स्थिर क्यों न हो,
फिर भी भाप के समान ही है। सेला।
6निश्‍चय हर मनुष्य छाया के समान चलता-फिरता है;
सचमुच लोग व्यर्थ ही घबराते हैं।
मनुष्य धन का संचय तो करता है
पर नहीं जानता कि उसे कौन लेगा।
7अब हे प्रभु, मैं किस बात की प्रतीक्षा करूँ?
मेरी आशा तो तुझ पर लगी है।
8मेरे सब अपराधों से मुझे छुड़ा ले।
मूर्ख मेरी निंदा न कर सके।
9मैं चुपचाप रहा; मैंने अपना मुँह नहीं खोला
क्योंकि तूने ही यह किया है।
10जो विपत्ति तूने मुझ पर डाली है उसे दूर कर,
क्योंकि तेरे हाथ की मार से मैं नाश हुआ जाता हूँ।
11तू मनुष्य को अधर्म के लिए डाँट-फटकार कर ताड़ना देता है,
और जो कुछ उसे प्रिय लगता है
उसे तू ऐसे नष्‍ट कर देता है
जैसे कोई कीड़ा वस्तुओं को खा जाता है।
सचमुच हर मनुष्य भाप के समान ही है। सेला।
12“हे यहोवा, मेरी प्रार्थना सुन,
और मेरी दुहाई पर कान लगा।
मेरे आँसुओं को देखकर चुप न रह,
क्योंकि मैं तेरे साथ रहनेवाला एक परदेशी हूँ,
और अपने सब पूर्वजों के समान यात्री हूँ।
13इससे पहले कि मैं चला जाऊँ और न रहूँ,
अपनी क्रोध भरी दृष्‍टि मुझ पर से हटा ले
कि मैं फिर से आनंदित हो जाऊँ।”

Tya elembo

Kopya

Kokisana

Kabola

None

Olingi kobomba makomi na yo wapi otye elembo na baapareyi na yo nyonso? Kota to mpe Komisa nkombo