भजन संहिता 88
88
मृत्यु से बचाने की प्रार्थना
एक गीत। कोरहवंशियों का भजन। संगीत निर्देशक के लिए। महलतलन्नोत की राग पर एज्रावंशी हेमान का मश्कील।
1हे मेरे उद्धारकर्ता परमेश्वर यहोवा,
मैं दिन और रात तेरी दुहाई देता हूँ।
2मेरी प्रार्थना तुझ तक पहुँचे,
मेरी पुकार की ओर कान लगा!
3क्योंकि मेरा प्राण कष्टों से भरा है,
और मेरा जीवन अधोलोक के निकट पहुँचा है।
4मेरी गिनती कब्र में जानेवालों में हो रही है;
मैं बलहीन पुरुष के समान हो गया हूँ।
5मुझे मृतकों के बीच छोड़ा गया है।
मैं उनके समान हो गया हूँ
जो घात होकर कब्र में पड़े हैं,
जिन्हें अब तू स्मरण नहीं करता
और जिन पर से तेरा हाथ उठ गया है।
6तूने मुझे अथाह गड्ढे में,
अर्थात् अंधेरे और गहरे स्थान में डाल दिया है।
7तेरे प्रकोप ने मुझे दबा रखा है;
अपनी लहरों से तूने मुझे पीड़ित किया है। सेला।
8तूने मेरे परिचितों को मुझसे दूर कर दिया है;
तूने मुझे उनकी दृष्टि में घृणित बना दिया है।
मैं बंदी हूँ और बचकर भाग नहीं सकता।
9दुःख भोगते-भोगते मेरी आँखें धुँधला गई हैं।
हे यहोवा, मैंने तुझे प्रतिदिन पुकारा है;
मैंने अपने हाथ तेरी ओर फैलाए हैं।
10क्या तू मृतकों के लिए अद्भुत कार्य करेगा?
क्या मरे हुए लोग उठकर तेरी स्तुति करेंगे?
सेला।
11क्या कब्र में तेरी करुणा का,
और विनाश की दशा में तेरी सच्चाई का वर्णन किया जाएगा?
12क्या तेरे अद्भुत कार्यों को अंधकार में,
और तेरी धार्मिकता को भुलाए जाने के देश में जाना जा सकता है?
13परंतु हे यहोवा, मैंने तेरी दुहाई दी है;
और भोर को मेरी प्रार्थना तुझ तक पहुँचती है।
14हे यहोवा, तू मुझे क्यों त्यागे रहता है?
तू अपना मुँह मुझसे क्यों छिपाए रहता है?
15मैं बचपन से ही दुःखी और मृत्यु के निकट रहा हूँ।
मैं तुझसे अत्यंत भयभीत हूँ,
और व्याकुल हो गया हूँ।
16तेरा प्रकोप मुझ पर पड़ा है।
तेरे आतंक ने मुझे नष्ट कर दिया है,
17और वह दिन भर जल के समान मुझे घेरे रहता है;
मैं उससे पूरी तरह से घिर गया हूँ।
18तूने मेरे प्रिय और मेरे साथी को
मुझसे दूर कर दिया है;
और मेरे परिचितों को अंधकार में डाल दिया है।
वर्तमान में चयनित:
भजन संहिता 88: HSB
हाइलाइट
कॉपी
तुलना
शेयर
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
HINDI STANDARD BIBLE©
Copyright © 2023 by Global Bible Initiative