भजन संहिता 58
58
अन्याय के विरुद्ध पुकार
संगीत निर्देशक के लिए। अल तशहेत की राग पर दाऊद का मिक्ताम।
1हे शासको, क्या तुम सचमुच
धर्म की बात बोलते हो?
हे मनुष्यो, क्या तुम खराई से न्याय करते हो?
2नहीं, तुम अपने मन में कुटिल कार्य करते हो;
तुम देश भर में हिंसा करते रहते हो।
3दुष्ट लोग गर्भ से ही पराए हो जाते हैं,
और जन्म से ही
वे झूठ बोलते हुए भटक जाते हैं।
4उनमें सर्प का सा विष है,
वे बहरे नाग के समान हैं,
जो अपने कान बंद कर लेता है;
5और सपेरे की नहीं सुनता,
चाहे सपेरा मंत्र पढ़ने में कितना ही
कुशल क्यों न हो।
6हे परमेश्वर, उनके मुँह के दाँतों को तोड़ डाल।
हे यहोवा, उन जवान सिंहों की
दाढ़ों को उखाड़ दे!
7वे बहते हुए पानी के समान विलीन हो जाएँ;
जब वे अपने तीर चढ़ाएँ,
तो उनके तीर नोक-रहित हो जाएँ।
8वे घोंघे के समान हो जाएँ
जो चलते-चलते गल जाता है,
और स्त्री के गिरे हुए गर्भ के समान
वे सूर्य को न देख सकें।
9इससे पहले कि तुम्हारी हाँड़ियों पर
हरी या सूखी झाड़ियों की आँच लगे,
वह उन्हें बवंडर से उड़ा ले जाएगा।
10धर्मी ऐसा पलटा देखकर आनंदित होगा।
वह अपने पैरों को दुष्ट के लहू से धोएगा।
11तब मनुष्य कहेंगे,
“निश्चय धर्मी को फल मिलता है;
निश्चय परमेश्वर है,
जो पृथ्वी पर न्याय करता है।”
वर्तमान में चयनित:
भजन संहिता 58: HSB
हाइलाइट
कॉपी
तुलना
शेयर
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
HINDI STANDARD BIBLE©
Copyright © 2023 by Global Bible Initiative