भजन संहिता 57
57
सुरक्षा पाने के लिए परमेश्वर से प्रार्थना
संगीत निर्देशक के लिए। अल तशहेत की राग पर दाऊद का मिक्ताम। जब दाऊद शाऊल से भागकर गुफा में छिप गया था।
1हे परमेश्वर, मुझ पर अनुग्रह कर!
मुझ पर अनुग्रह कर
क्योंकि मैं तेरा शरणागत हूँ;
और जब तक ये विपत्तियाँ दूर न हो जाएँ,
मैं तेरे पंखों की छाया में शरण लिए रहूँगा।
2मैं परमप्रधान परमेश्वर को पुकारूँगा;
मैं परमेश्वर को पुकारूँगा,
जो मेरे लिए सब कुछ पूर्ण करता है।
3वह स्वर्ग से सहायता भेजकर मुझे बचा लेगा;
वह उसे अपमानित करता है
जो मुझे कुचलता है।
सेला।
परमेश्वर अपनी करुणा और सच्चाई को भेजेगा।
4मेरा प्राण सिंहों के बीच में है।
मुझे उन लोगों के बीच लेटना पड़ता है
जो मनुष्यों को निगल जाते हैं,
अर्थात् ऐसे मनुष्यों के बीच
जिनके दाँत भाले और तीर के समान हैं
और जिनकी जीभ तेज़ तलवार है।
5हे परमेश्वर, स्वर्ग के ऊपर तू अति महान हो;
तेरी महिमा सारी पृथ्वी पर फैल जाए!
6उन्होंने मेरे पैरों के लिए जाल बिछाया है,
मेरा प्राण ढला जाता है।
उन्होंने मेरे आगे गड्ढा खोदा,
पर वे स्वयं उसमें गिर पड़े। सेला।
7मेरा मन स्थिर है,
हे परमेश्वर, मेरा मन स्थिर है।
मैं गाऊँगा, हाँ, मैं स्तुति के भजन गाऊँगा।
8हे मेरी आत्मा जाग जा!
हे सारंगी और वीणा जाग जाओ!
मैं भी भोर होते ही जाग उठूँगा।
9हे प्रभु, मैं जाति-जाति के लोगों के बीच
तेरा धन्यवाद करूँगा;
मैं देश-देश के लोगों के बीच
तेरा भजन गाऊँगा।
10क्योंकि तेरी करुणा स्वर्ग तक बड़ी है,
और तेरी सच्चाई आकाशमंडल तक पहुँचती है।
11हे परमेश्वर, स्वर्ग के ऊपर तू अति महान हो;
तेरी महिमा सारी पृथ्वी पर फैल जाए!
वर्तमान में चयनित:
भजन संहिता 57: HSB
हाइलाइट
कॉपी
तुलना
शेयर
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
HINDI STANDARD BIBLE©
Copyright © 2023 by Global Bible Initiative