भजन संहिता 55
55
मित्र के द्वारा विश्वासघात
संगीत निर्देशक के लिए। तारवाले वाद्य-यंत्रों के साथ दाऊद का मश्कील।
1हे परमेश्वर, मेरी प्रार्थना पर कान लगा,
और मेरी विनती को अनसुना न कर।
2मेरी ओर ध्यान दे और मुझे उत्तर दे।
चिंता के कारण मैं बेचैन और व्याकुल हूँ।
3क्योंकि शत्रु कोलाहल मचाते हैं,
और दुष्ट अत्याचार करते हैं;
वे मुझे विपत्ति में डालते हैं
और क्रोध में आकर मुझे सताते हैं।
4मेरा मन भीतर ही भीतर तड़पता है,
और मृत्यु का भय मुझमें समा गया है।
5भय और कँपकँपी ने मुझे जकड़ लिया है,
और डर ने मुझे धर दबोचा है।
6तब मैंने कहा, “भला होता कि कबूतर के समान
मेरे भी पंख होते,
और मैं उड़ जाता,
और विश्राम पाता।
7देखो, फिर तो मैं उड़ते-उड़ते दूर निकल जाता,
और जंगल में बसेरा करता। सेला।
8मैं प्रचंड वायु और आँधी से
बचकर अपने शरणस्थान में भाग जाता।”
9हे प्रभु, उन्हें नष्ट कर दे,
और उनकी भाषा में गड़बड़ी डाल,
क्योंकि मैंने नगर में हिंसा और उपद्रव देखा है।
10दिन और रात वे उसकी शहरपनाह पर चढ़कर
चारों ओर घूमते रहते हैं;
उसके भीतर दुष्टता और उत्पात हैं।
11उसके भीतर विनाश है;
और अत्याचार तथा छल उसके चौक से
कभी दूर नहीं होते।
12मेरी बदनामी करनेवाला मेरा शत्रु नहीं है,
नहीं तो मैं सह लेता;
और न ही वह मेरा बैरी है
जो मेरे विरुद्ध डींग मारता है,
नहीं तो मैं उससे छिप जाता।
13परंतु वह तो तू ही है,
जो मेरी बराबरी का मनुष्य,
और मेरा साथी तथा परममित्र है।
14हम आपस में मधुर संगति रखते थे;
हम भीड़ के साथ परमेश्वर के भवन जाते थे।
15उन्हें मृत्यु अचानक आ दबाए;
वे जीवित ही अधोलोक में उतर जाएँ,
क्योंकि उनके घर और मन में दुष्टता भरी है।
16परंतु मैं तो परमेश्वर को पुकारूँगा;
और यहोवा मुझे बचा लेगा।
17मैं साँझ, भोर, और दोपहर को दुहाई दूँगा
और गिड़गिड़ाता रहूँगा, और वह मेरी आवाज़ सुन लेगा।
18भले ही मुझसे लड़नेवाले बहुत हैं,
फिर भी वह मेरे विरुद्ध छिड़े हुए
युद्ध से मेरे प्राण को सकुशल छुड़ा लेगा।
19परमेश्वर, जो सनातन से सिंहासन पर विराजमान है,
सुनेगा और उन्हें उत्तर देगा।
सेला।
उनमें कोई परिवर्तन नहीं,
और न उनमें परमेश्वर का कोई भय है।
20उसने उन्हीं के विरुद्ध हाथ उठाया है
जिनका उसके साथ मेल-मिलाप था;
उसने अपनी वाचा को तोड़ दिया है।
21उसकी बातें तो मक्खन सी चिकनी थीं
परंतु उसके मन में लड़ाई थी;
उसकी बातें तेल से अधिक नरम थीं
पर वास्तव में वे नंगी तलवारें थीं।
22अपना बोझ यहोवा पर डाल दे
और वही तुझे संभालेगा;
वह धर्मी को कभी टलने नहीं देगा।
23परंतु हे परमेश्वर, तू उन्हें विनाश के गड्ढे में डाल देगा;
हत्यारे और कपटी मनुष्य अपनी आधी आयु तक भी जीवित न रहेंगे,
परंतु मैं तो तुझ पर भरोसा रखे रहूँगा।
वर्तमान में चयनित:
भजन संहिता 55: HSB
हाइलाइट
कॉपी
तुलना
शेयर
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
HINDI STANDARD BIBLE©
Copyright © 2023 by Global Bible Initiative