Logo de YouVersion
Icono de búsqueda

उत्पत्ति 17

17
अब्राम तथा खतना-वाचा का चिन्ह
1जब अब्राम निन्यानबे वर्ष के हुए तब यहोवाह उन पर प्रकट हुए और उनसे कहा, “मैं सर्वशक्तिमान परमेश्वर#17:1 सर्वशक्तिमान परमेश्वर मूल भाषा में एल शद्दय हूं; आप मेरे सामने विश्वासयोग्यता से चलिए और निर्दोष रहिए. 2मैं अपने और आपके बीच अपनी वाचा स्थापित करूंगा और आपके वंश को बहुत बढ़ाऊंगा.”
3तब अब्राम ने झुककर परमेश्वर को प्रणाम किया और परमेश्वर ने उनसे कहा, 4“आपके साथ मेरी वाचा यह है: आप अनेक जातियों के गोत्रपिता होंगे. 5अब से आपका नाम अब्राम#17:5 अब्राम अर्थात्, उन्‍नत पिता न रहेगा, पर अब्राहाम#17:5 अब्राहाम अर्थात्, जातियों का पिता होगा; क्योंकि मैंने आपको अनेक जातियों के गोत्रपिता बनाया है. 6मैं आपको बहुत फलवंत करूंगा; आपको जाति-जाति का मूल बनाऊंगा, और आपके वंश में राजा पैदा होंगे. 7मैं आपके और आनेवाले आपके वंश के साथ पीढ़ी-पीढ़ी की यह वाचा बांधूंगा कि मैं आपका और आपके बाद आपके वंश का परमेश्वर रहूंगा. 8यह कनान देश, जिसमें आप पराये होकर रहते हैं, यह देश आपको और आपके बाद आपके वंशजों को सदाकाल के लिये अधिकार में दे दूंगा; और मैं उनका परमेश्वर रहूंगा.”
9परमेश्वर ने अब्राहाम से फिर कहा, “आप और आपके बाद आपके वंश के लोग मेरी वाचा को सच्चाई से मानते रहिएगा. 10आपके और आपके बाद आपके वंश के साथ मेरी वाचा यह है, जिसे आप लोगों को मानना ज़रूरी है: आपके बीच में प्रत्येक पुरुष का ख़तना किया जाये. 11और यह ख़तना आप लोगों की खलड़ी (त्वचा) का किया जाये. यही मेरे एवं आप लोगों के बीच की गई वाचा का चिन्ह होगा. 12आपके वंश में सभी पीढ़ियों में हर लड़के के आठ दिन के होने पर उनका ख़तना कीजिएगा, आपके घर के वह सेवक जिनका जन्म आपके घर में हुआ है अथवा जिन्हें किसी परदेशी से मूल्य देकर खरीदा गया हो, चाहे वे आपके वंश में से न हों. 13आपके घर में पैदा हुए हों या फिर पैसा देकर खरीदे गए हों, उन सबका ख़तना करना ज़रूरी है. आपके शरीर में मेरी यह वाचा सदाकाल की वाचा है. 14परंतु जो पुरुष बिना ख़तना किए रहेंगे, उन्हें समाज से अलग कर दिया जाएगा, क्योंकि उन्होंने मेरी वाचा को तोड़ा है.”
15परमेश्वर ने अब्राहाम से यह भी कहा, “आपकी पत्नी सारय को आप अब सारय मत कहिए; परंतु अब उनका नाम साराह होगा. 16मैं उन्हें आशीष दूंगा और मैं आपको उनके द्वारा एक बेटा दूंगा. मैं उन्हें आशीष दूंगा. जिससे वह जाति-जाति की मूलमाता होंगी; और जनताओं के राजाओं का जन्म उनके वंश में होगा.”
17यह सुनकर अब्राहाम ने झुककर प्रणाम किया; वह हंसने लगे और मन में कहने लगे, “क्या सौ साल के व्यक्ति से बेटा पैदा हो सकता है? साराह, जो नब्बे साल की है, क्या वह बेटा जन्म दे सकती है?” 18और अब्राहाम ने परमेश्वर से कहा, “अच्छा हो कि इशमाएल आपसे आशीष पाये!”
19तब परमेश्वर ने अब्राहाम से कहा, “नहीं! आपकी पत्नी साराह से एक बेटा होगा, और आप उनका नाम यित्सहाक#17:19 यित्सहाक अर्थात्, हंसनेवाला रखिएगा. मैं उनके साथ ऐसी वाचा बांधूंगा, जो उनके बाद आनेवाली पीढ़ी-पीढ़ी तक सदाकाल की वाचा होगी. 20और इशमाएल के बारे में, मैंने आपकी बात सुनी है: मैं उन्हें ज़रूर आशीष दूंगा; मैं उन्हें फलवंत करूंगा और उनको संख्या में बहुत बढ़ाऊंगा. वह बारह शासकों के पिता होंगे, और मैं उनसे एक बड़ी जाति बनाऊंगा. 21परंतु मैं अपनी वाचा यित्सहाक के साथ बांधूंगा, जिन्हें साराह आपके लिए अगले साल इसी समय जन्म देंगी.” 22जब परमेश्वर अब्राहाम से अपनी बात कह चुके, तब वे चले गए.
23तब अब्राहाम ने उसी दिन परमेश्वर के आदेश के अनुसार अपने पुत्र इशमाएल तथा अपने उन सेवकों का, जिनका जन्म उनके परिवार में हुआ था या जिन्हें अब्राहाम ने धन देकर खरीदा था, परिवार के हर एक पुरुष लेकर परमेश्वर के कहे अनुसार उनका ख़तना किया. 24अब्राहाम की खलड़ी के खतने के समय उनकी उम्र निन्यानवे वर्ष थी, 25और खतने के समय उनका पुत्र इशमाएल तेरह वर्ष का था. 26अब्राहाम तथा उनके पुत्र इशमाएल का ख़तना एक ही दिन किया गया. 27और उनके परिवार के सब पुरुष, जो उनके घर में पैदा हुए थे अथवा जो किसी विदेशी से धन देकर खरीदे गये थे, उन सबका ख़तना उनके साथ किया गया.

Actualmente seleccionado:

उत्पत्ति 17: HCV

Destacar

Copiar

Comparar

Compartir

None

¿Quieres tener guardados todos tus destacados en todos tus dispositivos? Regístrate o inicia sesión