YouVersion
Pictograma căutare

गणना 3

3
लेवियों से अपेक्षित सेवाकार्य
1जब यहोवाह ने मोशेह से सीनायी पर्वत पर बातें की, तब मोशेह तथा अहरोन की पीढ़ियां इस प्रकार थीं:
2अहरोन के पुत्रों के नाम: जेठे पुत्र नादाब, फिर अबीहू, एलिएज़र तथा इथामार. 3अहरोन के ये पुत्र अभिषिक्त पुरोहित थे. इन्हें अहरोन ने ही पुरोहित होने के लिए अभिषिक्त किया था. 4इनमें नादाब तथा अबीहू की मृत्यु उस परिस्थिति में यहोवाह के ही सामने हो गई थी, जब उन्होंने सीनायी के निर्जन प्रदेश के रास्ते यहोवाह को भेंट चढ़ाई, किंतु उन्होंने अपवित्र आग का उपयोग किया था. ये दोनों निस्संतान थे. इस कारण एलिएज़र तथा इथामार ही अपने पिता अहरोन के जीवनकाल में पुरोहित का काम करते रहे.
5फिर यहोवाह ने मोशेह को आज्ञा दी, 6“लेवी गोत्र को बुलाकर उन्हें अहरोन की उपस्थिति में ले जाइए ताकि वे पुरोहित अहरोन की सहायता के लिए तैयार रहें. 7वे मिलनवाले तंबू के सामने उपस्थित रहते हुए अहरोन तथा सारे इस्राएल के लिए अपनी सेवा किया करें, जिससे यह उनके लिए साक्षी के पवित्र निवासस्थान की सेवा हो. 8इस्राएलियों से ज़िम्मेदारियों को निभाने के अलावा वे मिलनवाले तंबू की वस्तुओं का ध्यान रखेंगे, यह उनकी साक्षी के पवित्र निवासस्थान संबंधित सेवा होगी. 9इस प्रबंध के अंतर्गत आप सारे लेवियों को अहरोन तथा उनके पुत्रों के अधीन कर देंगे, वे सारे इस्राएल में से उन्हें सौंप दिए गए हैं. 10इस प्रकार आप अहरोन तथा उनके पुत्रों को नियुक्त कर देंगे, कि वे पुरोहित के रूप में सेवा करते रहें, किंतु जो भी साधारण व्यक्ति पवित्र निवास के निकट आ जाएं, उन्हें प्राण-दंड दे दिया जाए.”
11यहोवाह ने मोशेह को यह आदेश भी दिया, 12“अब यह देखिए, मैंने लेवी को, सारे इस्राएल में से प्रत्येक पहलौठे के स्थान पर, अर्थात् उन संतान के स्थान पर, जो गर्भ के प्रथम फल होते हैं, अलग कर लिया है, कि लेवी सिर्फ मेरे होकर रहें. 13क्योंकि सभी पहलौठे मेरे हैं. जिस दिन मैंने मिस्र देश में सारे पहिलौठों को मारा, मैंने इस्राएल के घराने में से सभी पहिलौठों को अपने लिए अलग कर लिया था; मनुष्यों एवं पशुओं, दोनों में से. वे मेरे रहेंगे. मैं यहोवाह हूं.”
14इसके बाद यहोवाह ने सीनायी के निर्जन प्रदेश में मोशेह को यह आज्ञा दी, 15“आप लेवी के वंश की, उनके गोत्र तथा उनके परिवारों के अनुसार, गिनती करेंगे; हर एक नर बालक की जिनकी आयु एक महीने से अधिक है.” 16इसलिये मोशेह ने यहोवाह के वचन की आज्ञा के अनुसार उनकी गिनती की.
17उनके नामों के अनुसार लेवी के पुत्र इस प्रकार थे:
गेरशोन, कोहाथ, तथा मेरारी.
18परिवारों के अनुसार गेरशोन के पुत्र:
लिबनी तथा शिमेई.
19परिवारों के अनुसार कोहाथ के पुत्र:
अमराम, इज़हार, हेब्रोन तथा उज्ज़िएल.
20परिवारों के अनुसार मेरारी के पुत्र:
माहली तथा मूशी.
लेवियों के परिवार उनके पितरों के घरानों के अनुसार ये ही हैं.
21गेरशोन से लिबनियों तथा शिमेईयों के परिवारों का गोत्र निकला और ये गेरशोनियों का परिवार कहलाए.
22जब एक माह से ऊपर की अवस्था के नर गिने गए; उनकी संख्या 7,500 थी.
23गेरशोनियों के परिवारों के लिए यह तय किया गया कि वे साक्षी के पवित्र निवासस्थान के पीछे पश्‍चिम दिशा में अपने शिविर डाला करेंगे.
24गेरशोनियों के घराने के प्रधान लाएल के पुत्र एलियासाफ़ थे.
25गेरशोन-वंशजों के लिए मिलनवाले तंबू के संबंध में निर्धारित ये कार्य थे: साक्षी के पवित्र निवासस्थान का आंगन, उसके आवरण तथा मिलनवाले तंबू के द्वार का पर्दा, 26आंगन के पर्दे, उस आंगन के द्वार का पर्दा, जो वेदी एवं साक्षी के पवित्र निवासस्थान के चारों ओर है, उसकी डोरियां, जो इनसे संबंधित विधियों के अनुसार प्रयोग की जाती हैं.
27कोहाथ से अमरामियों का, इज़हारियों का, हेब्रोनियों का तथा उज्जिएलियों के परिवारों का कुल निकला; ये ही कोहाथियों के परिवार थे.
28जब एक महीने से अधिक आयु के हर एक पुरुष की गिनती की गई, तो उनकी संख्या 8,600 पाई गई.
ये पवित्र निवास से संबंधित कार्य किया करते थे.
29इनके शिविर डालने के लिए ठहराया हुआ स्थान साक्षी के पवित्र निवासस्थान का दक्षिणी इलाका था.
30कोहाथियों के गोत्रों के परिवारों के प्रधान उज्ज़िएल के पुत्र एलिज़ाफ़ान थे.
31इनके लिए ठहराई हुई ज़िम्मेदारियां ये थीं: वाचा का संदूक, मेज़, दीवट, वेदियां, उन्हीं के द्वारा उपयोग किए जानेवाले पवित्र निवास के सारे बर्तन, पर्दे तथा उनसे संबंधित सारी सेवाएं.
32लेवियों के प्रमुख प्रधान पुरोहित अहरोन के पुत्र एलिएज़र थे. इन्हें ही पवित्र निवास से संबंधित सारी सेवाओं की देखभाल करनी होती थी.
33मेरारी से माहलियों तथा मुशियों के परिवारों का कुल निकला, जो मेरारी के परिवार कहलाए.
34जब एक महीने से ऊपर की आयु के पुरुष गिने गए; तो उनकी संख्या 6,200 थी.
35मेरारी के कुल के परिवारों के प्रधान अबीहाइल के पुत्र ज़ूरिएल थे.
इनके शिविर के लिए ठहराया हुआ स्थान साक्षी के पवित्र निवासस्थान के उत्तर में था.
36मेरारी के वंशजों के लिए ठहराए हुए कार्य ये थे: पवित्र निवासस्थान के चौखट, उसकी छड़ें, उसके खंभे, उसके आधारपात्र, उसका सारा सामान तथा इन सबसे संबंधित सारे कार्य, 37तथा आंगन के आस-पास के खंभे तथा उनके आधारपात्र, उनकी खूंटियां तथा उनकी डोरियां.
38वे, जिन्हें सूर्योदय की दिशा, पवित्र निवासस्थान के पूर्व में मिलनवाले तंबू के सामने शिविर डालने के लिए नियुक्त किया गया था, वे मोशेह एवं अहरोन तथा उनके पुत्र हैं. वे पवित्र निवास से संबंधित कार्यों की रखवाली करेंगे,
जो इस्राएल के प्रति उनका कर्तव्य होगा.
किंतु यदि कोई साधारण व्यक्ति पवित्र निवास के निकट आएं, तो उन्हें मार दिया जाएगा.
39यहोवाह द्वारा मोशेह एवं अहरोन को दी गई आज्ञा के अंतर्गत, जो गिनती उनके परिवारों के अनुसार की गई थी, हर एक महीने से ऊपर की आयु के पुरुष की गिनती से प्राप्‍त कुल संख्या थी 22,000.
40इसके बाद यहोवाह ने मोशेह को आज्ञा दी, “इस्राएल में एक महीने से अधिक आयु के हर एक पुरुष की गिनती करिये तथा उनके नामों की सूची बनाइए. 41इस्राएल के घराने के पहिलौठों के तथा इस्राएल के पशुओं के पहिलौठों के स्थान पर आप मेरे लिए लेवियों को अलग कर लेंगे. मैं ही वह यहोवाह हूं.”
42इसलिये मोशेह ने इस्राएल के घराने के सभी पहिलौंठों की गिनती की, जैसा कि उन्हें यहोवाह की ओर से आज्ञा दी गई थी. 43ये सभी एक महीने से अधिक आयु के पुरुष थे, जिनकी गिनती नामों एवं संख्या के आधार पर की गई. इनकी संख्या कुल 22,273 हुई.
44इसके बाद यहोवाह ने मोशेह को आज्ञा दी, 45“इस्राएल के घराने के सभी पहिलौठों के स्थान पर, लेवियों एवं उनके पशुओं को अलग कर लीजिए. लेवी मेरे होंगे. मैं ही वह यहोवाह हूं. 46इस्राएल के घराने के 273 पहिलौठों की छुड़ौती के लिए, जो लेवियों की संख्या से अधिक हैं, 47आप प्रति व्यक्ति पांच शेकेल लेंगे; तथा ये शेकेल पवित्र निवास के मानक शेकेल होंगे एक शेकेल में बीस गेराह. 48आप यह छुड़ौती की राशि अहरोन तथा उनके पुत्रों को सौंप देंगे.”
49इसलिये मोशेह ने उन व्यक्तियों से, जो लेवियों की संख्या के अलावा थे, वह छुड़ौती की राशि इकट्ठी कर ली. 50इस्राएल के पहिलौठों से उन्होंने पवित्र निवास के मानक शेकेल में धनराशि इकट्ठी कर ली, जो 1,365 शेकेल थी. 51यहोवाह के वचन के आदेश के अनुसार यह छुड़ौती की राशि मोशेह ने अहरोन एवं उनके पुत्रों को सौंप दी.

Selectat acum:

गणना 3: HCV

Evidențiere

Copiază

Compară

Împărtășește

None

Dorești să ai evidențierile salvate pe toate dispozitivele? Înscrie-te sau conectează-te