YouVersion
Pictograma căutare

लेवी 23

23
ठहराए गए उत्सव
1यहोवाह ने मोशेह से दोबारा कहा, 2“इस्राएल के घराने को यह आज्ञा दीजिए: ‘ये यहोवाह के वे ठहराए हुए उत्सव हैं, जिन्हें आप लोग पवित्र समारोह घोषित करेंगे; मेरे द्वारा निर्धारित उत्सव ये हैं:
शब्बाथ—विश्राम का दिन
3“ ‘छः दिन तो कार्य किया जा सकता है, किंतु सातवां दिन पूर्ण विश्राम का शब्बाथ है, एक पवित्र समारोह का दिन. आप लोग कोई कार्य न करें; यह आप लोगों के सारे घराने में यहोवाह के लिए एक शब्बाथ होगा.
फ़सह और अखमीरी रोटी का उत्सव
4“ ‘ये यहोवाह के ठहराए गए उत्सव हैं—पवित्र समारोह, जिनकी घोषणा आप लोगों को उनके तय किए गए समय पर करनी है. 5यहोवाह के फ़सह का निर्धारित समय पहले माह के चौदहवें दिन संध्या समय है. 6उसी माह के पंद्रहवें दिन यहोवाह के लिए अखमीरी रोटी के उत्सव होगा; सात दिन तक खमीर रहित रोटी ही खाई जाए. 7पहले दिन पवित्र सभा होगी; तथा उस दिन आप लोग किसी भी प्रकार की मेहनत न करें. 8किंतु सातों दिनों आप लोग यहोवाह को अन्‍नबलि चढ़ाएं. सातवें दिन पवित्र सभा होगी, इस दिन आप लोग किसी भी प्रकार की मेहनत न करें.’ ”
प्रथम फल का उत्सव
9यहोवाह ने मोशेह से कहा, 10“इस्राएल के घराने को यह आज्ञा दीजिए, ‘जब आप लोग उस देश में प्रवेश करें, जिसे मैं आप लोगों को देनेवाला हूं तथा उसकी उपज इकट्ठी करें, तो आप लोग अपनी पहली उपज की पूलियों को पुरोहित के सामने लेकर आएं. 11पुरोहित इन पूलियों को यहोवाह के सामने हिलाने की बलि के रूप में चढ़ाएं कि यह आप लोगों के लिए ग्रहण किया जाए; पुरोहित इसे शब्बाथ के अगले दिन हिलाएं. 12उसी दिन, जिस दिन पूलियों को हिलाने की मुद्रा बलि के रूप में चढ़ाया जाए, एक वर्षीय नर मेमने की होमबलि यहोवाह को चढ़ाई जाए. 13इसके साथ अन्‍नबलि में जैतून तेल और 2 ओमेर, (जो एफ़ाह का 2⁄10 है)#23:13 लगभग, 3 किलो ग्राम मैदा मिलाकर यहोवाह के लिए सुखदायी सुगंध के रूप में आग में चढ़ाया जाए. इसके अलावा उसके साथ पेयबलि के लिए हीन भर की चौथाई#23:13 लगभग, 1 लीटर 1⁄4 हीन दाखरस भी. 14उस दिन तक तथा जब तक आप लोगों के परमेश्वर के लिए निर्धारित बलि न चढ़ा दी जाए, तब तक न तो रोटी और न ही भुने अथवा कच्चे अन्‍न को खाया जाए. यह आप लोगों के सारे घराने में आप लोगों की सारी पीढ़ियों के लिए सदा-सर्वदा के लिए एक विधि है.
सप्‍ताहों का उत्सव
15“ ‘आप लोग शब्बाथ के अगले दिन से, जब लहराने की बलि के रूप में चढ़ाने के लिए पुलियां लाई जाएं, गिनती करें; ये पूरे सात शब्बाथ होंगे. 16सातवें शब्बाथ के अगले दिन से पचास दिनों की गिनती करें; फिर यहोवाह को नया अन्‍नबलि चढ़ाया जाए. 17आप लोग अपने निवास स्थानों से लहराने की बलि के रूप में चढ़ाने के लिए एफ़ाह के दो दसवें अंश मैदे की रोटियां लाएं; जो यहोवाह को प्रथम फल के रूप में चढ़ाने के लिए खमीर के साथ बनाई जाएं. 18रोटियों के साथ साथ सात एक-एक वर्षीय निर्दोष मेमने, पशुओं से एक बछड़ा और दो मेढ़े चढ़ाएं; ये सब यहोवाह के लिए होमबलि हैं, जो उनकी अन्‍नबलि तथा उनकी पेयबलि सहित अग्निबलि द्वारा यहोवाह को सुखद-सुगंध होंगे. 19पापबलि के लिए एक बकरा और मेलबलि के लिए एक-एक वर्षीय दो मेमने भी अर्पित करें. 20पुरोहित इन्हें लहराने की बलि के समान बलि चढ़ाने के लिए पहली उपज की रोटियों और मेमनों के साथ यहोवाह के सामने लहराएं. ये यहोवाह के लिए पवित्र तथा पुरोहित के ठहराए हुए भाग हैं. 21उसी दिन आप लोग एक पवित्र समारोह भी मनाने की घोषणा करें. उस दिन किसी भी प्रकार का परिश्रम न करें. यह आप लोगों के सारे घरानों में आप लोगों की सारी पीढ़ियों के लिए सदा-सर्वदा के लिए एक विधि है.
22“ ‘जब आप लोग अपने देश में उपज इकट्ठी करें, तो आप लोग अपने खेतों से कोने-कोने तक की उपज इकट्ठी न करें, न ही अपनी उपज की सिल्ला इकट्ठी करें; आप लोग उन्हें दीनों तथा आप लोगों के बीच रहनेवाले विदेशियों के लिए छोड़ दें. मैं यहोवाह ही आप लोगों का परमेश्वर हूं.’ ”
तुरही का उत्सव
23यहोवाह ने मोशेह से दोबारा कहा, 24“इस्राएल के घराने को यह आज्ञा दीजिए, ‘सातवें माह का प्रथम दिन शब्बाथ का विश्राम दिन होगा, तुरही फूंकने के द्वारा इसका स्मरण दिलाएं. यह एक पवित्र समारोह है. 25इस दिन आप लोग किसी प्रकार का परिश्रम न करें, और यहोवाह को अग्निबलि चढ़ाएं.’ ”
प्रायश्चित दिवस
26यहोवाह ने मोशेह को निर्देश दिया, 27“इस माह का दसवां दिन प्रायश्चित का दिन होगा, यह आप लोगों के लिए पवित्र समारोह होगा और इस दिन अपने हृदयों को नम्र बनाकर यहोवाह को अग्निबलि चढ़ाई जाए. 28इस दिन आप लोग किसी भी प्रकार का परिश्रम न करें, क्योंकि यह प्रायश्चित का दिन है कि यहोवाह आप लोगों के परमेश्वर के सामने आप लोगों के लिए प्रायश्चित पूरा किया जाए. 29जो व्यक्ति इस दिन स्वयं को नम्र नहीं करते, उन्हें उनके परिवार से बाहर निकाल दिया जाए. 30जो व्यक्ति इस दिन परिश्रम करते हैं, मैं उन व्यक्ति को उनके परिवार के बीच से नाश कर दूंगा. 31आप लोग इस दिन किसी भी प्रकार का परिश्रम नहीं करेंगे. यह आप लोगों के सारे घरानों में आप लोगों की सारी पीढ़ियों के लिए हमेशा के लिए एक विधि है. 32यह आप लोगों के लिए संपूर्ण विश्राम का शब्बाथ है, इस दिन आप लोग अपने हृदयों को नम्र करेंगे; माह के नौवें दिन शाम से शाम तक शब्बाथ का पालन करेंगे.”
झोपड़ी का उत्सव
33यहोवाह ने मोशेह से दोबारा कहा, 34“इस्राएल के घराने को यह आज्ञा दीजिए, ‘सातवें माह के पंद्रहवें दिन से यहोवाह के लिए सात दिनों के लिए झोपड़ी का उत्सव होगा. 35प्रथम दिवस पवित्र समारोह होगा; आप लोग इस दिन किसी भी प्रकार का परिश्रम नहीं करेंगे. 36आप लोग इन सातों दिन यहोवाह को अग्निबलि चढ़ाएं. आठवें दिन आप लोग पवित्र समारोह का आयोजन करेंगे और इस दिन यहोवाह को एक अग्निबलि चढ़ाएंगे; यह एक औपचारिक आयोजन होगा. आप लोग किसी भी प्रकार का परिश्रम नहीं करेंगे.
37(“ ‘ये यहोवाह के वे नियत उत्सव हैं, जिन्हें आप लोग यहोवाह के लिए अग्निबलियां प्रस्तुत करने के लिए पवित्र सभा घोषित करें. होमबलियां, अन्‍नबलियां, अन्य बलियां तथा पेयबलियां, हर एक अपने-अपने नियत दिन पर अर्पित करने के लिए हैं. 38ये भेंटें यहोवाह के शब्बाथ के लिये चढ़ाई जानेवाली भेंटों के अतिरिक्त हैं, और आप लोगों की भेंटों के अतिरिक्त हैं, और जो कुछ आप लोगों ने मन्‍नतें मानी हैं, और जो कुछ आप लोग यहोवाह को स्वेच्छा से चढ़ायेंगे, उसके भी अतिरिक्त हैं.)
39“ ‘सातवें माह के पंद्रहवें दिन, जब आप लोग देश की उपज इकट्ठी कर चुकेंगे, तब सात दिनों के लिए यहोवाह के लिए उत्सव मनाएं. इसमें प्रथम दिन तथा आठवां दिन शब्बाथ का विश्राम दिन होगा. 40प्रथम दिन आप लोग स्वयं अपने लिए हरे-भरे वृक्षों के फल, खजूर वृक्ष की शाखाएं, घने वृक्षों की शाखा और नदी के किनारे के मजनूं वृक्ष लेकर सात दिन तक यहोवाह आप लोगों के परमेश्वर के सामने आनंद करें. 41आप लोग हर साल यहोवाह के लिए सात दिन यह उत्सव मनाएंगे. यह उत्सव सातवें माह में मनाया जाए. यह आप लोगों की सारी पीढ़ियों में हमेशा के लिए एक विधि है. 42आप लोग सात दिन झोपड़ियों में रहेंगे; इस्राएल के सारे मूल निवासी झोपड़ियों में रहेंगे, 43ताकि आप लोगों की आनेवाली पीढ़ियों को यह अहसास हो जाए कि जब मैंने इस्राएल के घराने को मिस्र से निकाला था, मैंने उन्हें झोपड़ियों में टिकाया था. मैं ही यहोवाह आप लोगों का परमेश्वर हूं.’ ”
44इस प्रकार मोशेह ने इस्राएल के घराने के सामने यहोवाह के निर्धारित उत्सवों का विवरण दिया.

Selectat acum:

लेवी 23: HCV

Evidențiere

Copiază

Compară

Împărtășește

None

Dorești să ai evidențierile salvate pe toate dispozitivele? Înscrie-te sau conectează-te