मीकाह 4
4
यहोवाह का पर्वत
1अंत के दिनों में,
वह पर्वत और पहाड़
जिस पर यहोवाह का भवन है;
उसे दृढ़ और ऊंचा किया जाएगा,
और सब समुदाय के लोग बहती हुई नदी के समान उस ओर आएंगे.
2और समुदायों के लोग कहेंगे,
“आओ, हम यहोवाह के पर्वत,
याकोब के परमेश्वर के भवन को चलें.
कि वह हमें अपने नियम सिखाएं,
और हम उनके मार्गों पर चलें.”
क्योंकि ज़ियोन से व्यवस्था निकलेगी,
और येरूशलेम से यहोवाह का वचन आएगा.
3परमेश्वर जनसमूहों के बीच न्याय करेंगे
और लोगों की परेशानियां दूर करेंगे.
तब वे अपनी तलवारों को पीट-पीटकर हल के फाल
तथा अपने भालों को हंसिया बना लेंगे.
एक देश दूसरे के विरुद्ध तलवार नहीं उठायेगा,
तथा उन्हें फिर कभी लड़ने के लिए तैयार नहीं किया जाएगा.
4हर एक जन अपनी ही अंगूर की लता
और अपने ही अंजीर के वृक्ष के नीचे बैठेंगे,
और उन्हें कोई नहीं डराएंगे,
क्योंकि सर्वशक्तिमान यहोवाह ने कहा है.
5सब जातियां अपने-अपने
देवताओं का नाम लेकर चलें तो चलें,
पर हम सदा-सर्वदा यहोवाह
अपने परमेश्वर का नाम लेकर चलेंगे.
यहोवाह की योजना
6“उस दिन,” यह यहोवाह की घोषणा है,
“मैं लंगड़ों को इकट्ठा करूंगा;
मैं बंधुवों को
और उन लोगों को भी इकट्ठा करूंगा जिन्हें मैंने दुःख दिया है.
7मैं लंगड़ों को अपना बचा हुआ भाग,
और भगाये हुओं को एक मजबूत जनसमुदाय बनाऊंगा.
तब उस समय से लेकर सदा-सर्वदा तक
यहोवाह ज़ियोन पर्वत से उन पर शासन करते रहेंगे.
8जहां तक आपका संबंध है, हे झुंड की चौकसी के मचान,
हे ज़ियोन की पुत्री के सुरक्षा गढ़,
आपको आपके पहले का राज्य दे दिया जाएगा;
येरूशलेम की पुत्री को राजपद दिया जाएगा.”
9आप उच्च स्वर में क्यों चिल्ला रही हैं,
क्या आपका कोई राजा नहीं है?
क्या आपके शासन करने वाले नाश हो गए हैं,
कि आप जच्चा स्त्री के समान दर्द से छटपटा रही हैं?
10हे ज़ियोन की बेटी, जच्चा स्त्री की तरह
दर्द से छटपटाइए,
क्योंकि अब आपको शहर छोड़कर
खुले मैदान में डेरा डालना ज़रूरी है.
आप बाबेल जाएंगी;
और आप बचाई जाएंगी.
वहां यहोवाह आपको
आपके शत्रुओं के हाथ से छुड़ाएंगे.
11पर अब तो आपके विरुद्ध में
बहुत से राष्ट्र इकट्ठे हुए हैं.
वे कहते हैं, “उन्हें अशुद्ध होने दीजिए,
ज़ियोन की दुर्गति हमारे आनंद का विषय हो!”
12पर वे यहोवाह के विचारों को
नहीं जानते हैं;
वे उनकी उस योजना को नहीं समझते,
कि उन्होंने उन्हें पूलियों के समान खलिहान में इकट्ठा किया है.
13“हे ज़ियोन की बेटी, उठिए और दांवनी करिये,
क्योंकि मैं आपको लोहे के सींग दूंगा;
मैं आपको पीतल के खुर दूंगा,
और आप बहुत से जनसमुदायों को टुकड़े-टुकड़े कर देंगी.”
आप उनकी लूटी गई चीज़ें यहोवाह को,
और उनकी संपत्ति सारे पृथ्वी के प्रभु को अर्पित करेंगी.
Nu geselecteerd:
मीकाह 4: HCV
Markering
Kopiëren
Vergelijk
Delen
Wil je jouw markerkingen op al je apparaten opslaan? Meld je aan of log in
Holy Bible, Hindi Contemporary Version™ | Copyright © 2016, 2019, 2026 by Biblica, Inc. | Used with permission. All rights reserved worldwide.