Logo ya Aplikasyo ya Biblia
Elilingi ya Boluki

भजन संहिता 94

94
न्यायी परमेश्‍वर
1हे यहोवा, बदला लेनेवाले परमेश्‍वर!
हे बदला लेनेवाले परमेश्‍वर,
अपना तेज दिखा!
2हे पृथ्वी के न्यायी, उठ;
घमंडियों को दंड#94:2 अक्षरशः बदला दे
जिसके वे योग्य हैं!
3हे यहोवा, दुष्‍ट लोग कब तक?
दुष्‍ट लोग कब तक आनंद मनाते रहेंगे?
4वे बकबक करते और ढिठाई की बातें बोलते हैं;
सब अनर्थकारी डींग मारते हैं।
5हे यहोवा, वे तेरे लोगों को कुचल डालते हैं,
और तेरे निज भाग को कष्‍‍ट पहुँचाते हैं।
6वे विधवा और परदेशी को घात करते,
और अनाथों की हत्या करते हैं;
7वे कहते हैं :
“याह नहीं देखता;
याकूब का परमेश्‍वर ध्यान नहीं देता।”
8तुम जो प्रजा में पशु-समान हो,
ध्यान दो; हे मूर्खो,
तुम कब बुद्धिमान बनोगे?
9क्या जिसने कान दिया, वह स्वयं नहीं सुनता?
क्या जिसने आँख रची,
वह स्वयं नहीं देखता?
10जो जाति-जाति को ताड़ना देता
और मनुष्य को ज्ञान सिखाता है,
क्या वह झिड़केगा नहीं?
11यहोवा मनुष्य के विचारों को जानता है
कि वे तो व्यर्थ हैं।
12हे यहोवा, क्या ही धन्य है
वह मनुष्य जिसे तू ताड़ना देता है,
और अपनी व्यवस्था से सिखाता है,
13ताकि तू उसे विपत्ति के दिनों में उस समय तक राहत दे,
जब तक कि दुष्‍टों के लिए गड्‌ढा न खोदा जाए।
14क्योंकि यहोवा न तो अपनी प्रजा को त्यागेगा,
और न अपने निज भाग को छोड़ेगा।
15परंतु वह फिर धार्मिकता के अनुसार न्याय करेगा,
और सब सीधे मनवाले उसके पीछे हो लेंगे।
16मेरे लिए कुकर्मियों के विरुद्ध कौन खड़ा होगा?
अनर्थकारियों के विरुद्ध मेरा पक्ष कौन लेगा?
17यदि यहोवा मेरा सहायक न होता
तो मेरा प्राण शीघ्र ही
चिर-निद्रा में सो जाता।
18जब मैंने कहा, “मेरा पैर फिसलने पर है,
” तब हे यहोवा, तेरी करुणा ने मुझे थाम लिया।
19जब मेरे मन में बहुत सी चिंताएँ आती हैं,
तब तेरी दी हुई शांति से
मैं हर्षित हो जाता हूँ।
20क्या तेरे और उन दुष्‍ट न्यायियों#94:20 अक्षरशः दुष्‍‍टता के सिंहासन के बीच
साँठ-गाँठ हो सकती है,
जो कानून की आड़ में उत्पात मचाते हैं?
21वे धर्मी का प्राण लेने के लिए दलबंदी करते हैं,
और निर्दोष को मृत्युदंड देते हैं।
22परंतु यहोवा मेरा दृढ़ गढ़ है;
मेरा परमेश्‍वर मेरी शरण की चट्टान है।
23उसने उनकी दुष्‍टता उन्हीं पर लौटा दी है;
वह उन्हीं की बुराई में उनका नाश करेगा।
हाँ, हमारा परमेश्‍वर यहोवा
उनका नाश कर डालेगा।

Tya elembo

Kopya

Kokisana

Kabola

None

Olingi kobomba makomi na yo wapi otye elembo na baapareyi na yo nyonso? Kota to mpe Komisa nkombo