Logo ya Aplikasyo ya Biblia
Elilingi ya Boluki

भजन संहिता 9

9
परमेश्‍वर के न्याय के लिए धन्यवाद का भजन
संगीत निर्देशक के लिए। मूथ-लाब्बेन की राग पर दाऊद का भजन।
1हे यहोवा, मैं अपने संपूर्ण मन से तेरा धन्यवाद करूँगा;
मैं तेरे सब आश्‍चर्यकर्मों का वर्णन करूँगा।
2मैं तेरे कारण मगन और आनंदित होऊँगा,
हे परमप्रधान, मैं तेरे नाम का भजन गाऊँगा।
3जब मेरे शत्रु पीछे हटते हैं,
तो वे तेरे सामने लड़खड़ाकर नष्‍ट हो जाते हैं।
4तूने मेरे पक्ष में निर्णय दिया है;
तूने सिंहासन पर विराजमान होकर धार्मिकता से न्याय किया है।
5तूने जाति-जाति को झिड़का और दुष्‍ट को नष्‍ट किया है;
तूने उनका नाम सदा-सर्वदा के लिए मिटा दिया है।
6शत्रु अनंतकाल के लिए उजड़ गए हैं;
तूने उनके नगरों को ढा दिया है,
और उनका स्मरण भी न रहा।
7परंतु यहोवा सदैव अपने सिंहासन पर विराजमान है,
उसने अपना सिंहासन न्याय के लिए स्थापित किया है।
8वह जगत का न्याय धार्मिकता से करेगा,
और देश-देश के लोगों का न्याय खराई से करेगा।
9यहोवा पिसे हुओं के लिए दृढ़ गढ़ है;
वह संकट के समय दृढ़ गढ़ है।
10जो तेरे नाम को जानते हैं,
वे तुझ पर भरोसा रखेंगे,
क्योंकि हे यहोवा, तूने अपने खोजियों को त्याग नहीं दिया है।
11यहोवा जो सिय्योन में विराजमान है,
उसका भजन गाओ! जाति-जाति के लोगों के बीच
उसके कार्यों का प्रचार करो!
12क्योंकि लहू का बदला लेनेवाला उनको स्मरण रखता है;
वह पीड़ितों की दुहाई को नहीं भूलता।
13हे यहोवा, मुझ पर अनुग्रह कर!
मेरी पीड़ा को देख जो मेरे बैरी मुझे दे रहे हैं;
तू मुझे मृत्यु के फाटकों के पास से उठाता है,
14कि मैं तेरे सब गुणों का वर्णन करूँ,
और सिय्योन के फाटकों के भीतर
तेरे उद्धार का आनंद मनाऊँ।
15अन्य जातिवालों ने जो गड्‌ढा खोदा था,
वे उसी में गिर पड़े;
जो जाल उन्होंने बिछाया था,
उनका पैर उसी में फँस गया।
16यहोवा ने स्वयं को प्रकट किया है,
उसने न्याय किया है;
दुष्‍ट अपने ही हाथों के कार्य से
फँस जाता है। हिग्गायोन। सेला।
17दुष्‍ट अधोलोक में लौट जाएँगे,
और वे सब जातियाँ भी जो परमेश्‍वर को भूल जाती हैं।
18क्योंकि दरिद्र सदा के लिए भुलाए नहीं जाएँगे,
और न पीड़ितों की आशा सर्वदा के लिए नष्‍ट होगी।
19उठ, हे यहोवा, मनुष्य को प्रबल न होने दे!
जाति-जाति का न्याय तेरे सामने किया जाए।
20हे यहोवा, उन्हें भयभीत कर।
जातियाँ यह जान लें कि
वे मात्र मनुष्य ही हैं। सेला।

Tya elembo

Kopya

Kokisana

Kabola

None

Olingi kobomba makomi na yo wapi otye elembo na baapareyi na yo nyonso? Kota to mpe Komisa nkombo