लैव्यव्यवस्था 19
19
पवित्रता के नियम
1फिर यहोवा ने मूसा से कहा, 2“इस्राएलियों की सारी मंडली से कह : तुम पवित्र बने रहो, क्योंकि मैं तुम्हारा परमेश्वर यहोवा पवित्र हूँ। 3तुममें से प्रत्येक अपने माता-पिता का आदर करे, और मेरे विश्रामदिनों को माने; मैं तुम्हारा परमेश्वर यहोवा हूँ। 4तुम मूर्तियों की ओर न फिरना, और न अपने लिए देवताओं की प्रतिमाएँ ढालकर बनाना; मैं तुम्हारा परमेश्वर यहोवा हूँ।
5“जब तुम यहोवा के लिए मेलबलि चढ़ाओ, तो इस रीति से चढ़ाओ कि तुम ग्रहण किए जाओ। 6उसका मांस बलिदान के दिन और अगले दिन खाया जाए, परंतु जो तीसरे दिन तक बच जाए वह आग में जला दिया जाए। 7यदि उसमें से कुछ भी तीसरे दिन खाया जाए, तो वह अशुद्ध ठहरेगा; वह ग्रहणयोग्य न होगा। 8जो कोई उसे खाएगा उसे अपने अधर्म का भार उठाना पड़ेगा क्योंकि उसने यहोवा के लिए अर्पित पवित्र वस्तु को अपवित्र किया है। उस मनुष्य को उसके लोगों में से नष्ट किया जाए।
9“फिर जब तुम अपनी भूमि की फसल काटो तो अपने खेत को कोने-कोने तक पूरा न काटना, और न कटनी के बाद बालों को बटोरना। 10तुम अपनी दाख की बारी के फल पूरी तरह न तोड़ लेना, और न अपनी दाख की बारी के झड़े हुए अंगूरों को बटोरना। तुम उन्हें कंगालों और परदेशियों के लिए छोड़ देना। मैं तुम्हारा परमेश्वर यहोवा हूँ।
11“तुम चोरी न करना। तुम एक दूसरे से छल न करना, और न झूठ बोलना। 12तुम मेरे नाम की झूठी शपथ न खाना, और अपने परमेश्वर का नाम अपवित्र न करना। मैं यहोवा हूँ।
13“तुम एक दूसरे पर अंधेर न करना, और न एक दूसरे को लूटना। मज़दूर की मज़दूरी तुम्हारे पास सारी रात अर्थात् सुबह तक न रहे। 14तुम बहरे व्यक्ति को शाप न देना, और न अंधे व्यक्ति के सामने ठोकर रखना, बल्कि तुम अपने परमेश्वर का भय मानना। मैं यहोवा हूँ।
15“तुम न्याय करने में कुटिलता न करना। तुम न तो कंगाल का पक्ष लेना और न बड़े लोगों को प्रमुखता देना। तुम एक दूसरे का न्याय सच्चाई से करना। 16तू अपने लोगों के बीच बदनामी करते न फिरना, और न अपने पड़ोसी के प्राण के विरुद्ध खड़ा होना। मैं यहोवा हूँ।
17“तू अपने मन में अपने भाई से बैर न रखना। तू अपने पड़ोसी को अवश्य समझाना, ताकि तुझे उसके पाप में सहभागी न होना पड़े। 18तू बदला न लेना, और न अपने लोगों से बैर रखना, बल्कि अपने भाई से अपने समान प्रेम रखना। मैं यहोवा हूँ।
19“तुम मेरी विधियों को मानना। तुम अपने पशुओं का भिन्न जाति के पशुओं से प्रजनन न कराना। तुम अपने खेत में दो प्रकार के बीज न बोना, और न दो प्रकार के धागों से बना वस्त्र पहनना।
20“यदि कोई व्यक्ति किसी दासी के साथ संभोग करे जिसकी मंगनी तो किसी पुरुष के साथ हो गई हो, परंतु वह न तो दाम देकर छुड़ाई गई हो और न स्वतंत्र की गई हो, तो उन दोनों को दंड दिया जाए, पर मृत्युदंड नहीं, क्योंकि वह स्त्री स्वतंत्र नहीं है। 21परंतु वह व्यक्ति मिलापवाले तंबू के द्वार पर दोषबलि के रूप में यहोवा के पास एक मेढ़ा ले आए। 22तब याजक दोषबलि के मेढ़े के द्वारा उसके पाप के लिए यहोवा के सम्मुख प्रायश्चित्त करे। फिर जो पाप उसने किया है वह क्षमा किया जाएगा।
23“फिर जब तुम कनान देश में पहुँचकर भोजन के लिए किसी प्रकार का वृक्ष लगाओ, तो उसके फल को वर्जित जानना, वह तीन वर्ष तक तुम्हारे लिए वर्जित रहे; इसमें से कुछ न खाया जाए। 24चौथे वर्ष में उसका सारा फल यहोवा की स्तुति की भेंट के रूप में पवित्र ठहरेगा। 25पाँचवें वर्ष में तुम उसका फल खा सकोगे, ताकि तुम्हारे लिए उसकी उपज बढ़े। मैं तुम्हारा परमेश्वर यहोवा हूँ।
26“तुम ऐसा कोई मांस न खाना जिसमें लहू हो। तुम न तो कोई तंत्र-मंत्र करना और न कोई जादू-टोना। 27तुम अपने सिर के बालों को गोलाई में न कटवाना, और न अपनी दाढ़ी के किनारों को बिगाड़ना। 28तुम मरे हुओं के लिए अपने शरीर को न चीरना, और न अपने शरीर को गोदना। मैं यहोवा हूँ।
29“तुम अपनी बेटियों को वेश्या बनाकर अपवित्र न करना, ऐसा न हो कि देश में वेश्यावृत्ति बढ़ जाए, और यह अधर्म से भर जाए। 30तुम मेरे विश्रामदिनों को मानना, और मेरे पवित्रस्थान का आदर करना। मैं यहोवा हूँ।
31“तुम ओझाओं और तांत्रिकों के पास न जाना, और न उन्हें खोजना कि कहीं उनके कारण अशुद्ध हो जाओ। मैं तुम्हारा परमेश्वर यहोवा हूँ।
32“पके बालवालों के सामने आदर से खड़े होना, और वृद्ध व्यक्ति का आदरमान करना, तथा अपने परमेश्वर का भय मानना। मैं यहोवा हूँ।
33“यदि कोई परदेशी तुम्हारे देश में तुम्हारे साथ रहता हो, तो उस पर अत्याचार न करना। 34जो परदेशी तुम्हारे बीच रहता हो उससे अपने देशवासी के समान व्यवहार करना, और उससे अपने समान प्रेम करना; क्योंकि तुम भी मिस्र देश में परदेशी थे। मैं तुम्हारा परमेश्वर यहोवा हूँ।
35“तुम न्याय करने में, तौलने में, और नापने में कुटिलता न करना। 36तुम्हारे पास सही तराजू, सही बाट, सही एपा, और सही हीन#19:36 तरल पदार्थ को मापने का पैमाना रहें। मैं तुम्हारा परमेश्वर यहोवा हूँ जो तुम्हें मिस्र देश से निकाल लाया है। 37इसलिए तुम मेरी सब विधियों और मेरे सब नियमों को मानना और उनका पालन करना। मैं यहोवा हूँ।”
Oyo Eponami Sikoyo:
लैव्यव्यवस्था 19: HSB
Tya elembo
Kopya
Kokisana
Kabola
Olingi kobomba makomi na yo wapi otye elembo na baapareyi na yo nyonso? Kota to mpe Komisa nkombo
HINDI STANDARD BIBLE©
Copyright © 2023 by Global Bible Initiative