निर्गमन 17
17
चट्टान से पानी
1फिर यहोवा की आज्ञा के अनुसार एक स्थान से दूसरे स्थान की ओर बढ़ते हुए इस्राएलियों की सारी मंडली सीन नामक जंगल से निकली, और उन्होंने रपीदीम में डेरे खड़े किए; परंतु वहाँ उन लोगों को पीने का पानी न मिला। 2इसलिए वे मूसा से झगड़ा करते हुए कहने लगे, “हमें पीने का पानी दे।” मूसा ने उनसे कहा, “तुम मुझसे क्यों झगड़ते हो? तुम यहोवा की परीक्षा क्यों करते हो?”
3फिर लोगों को वहाँ पानी की प्यास लगी, तब वे यह कहकर मूसा पर कुड़कुड़ाने लगे, “तू हमें बाल-बच्चों और पशुओं सहित प्यासा मार डालने के लिए मिस्र से क्यों ले आया है?”
4तब मूसा ने यहोवा की दुहाई देते हुए कहा, “मैं इन लोगों का क्या करूँ? वे मुझ पर पथराव करने को तैयार हैं।”
5यहोवा ने मूसा से कहा, “इस्राएली धर्मवृद्धों में से कुछ को अपने साथ लेकर इन लोगों से आगे बढ़ चल; और जिस लाठी को तूने नील नदी पर मारा था उसे भी अपने हाथ में ले। 6देख, मैं होरेब पहाड़ की एक चट्टान पर तेरे सामने खड़ा रहूँगा; तू उस चट्टान पर मारना, और उसमें से पानी निकलेगा, जिससे कि लोग पीएँ।” तब मूसा ने इस्राएल के धर्मवृद्धों की आँखों के सामने वैसा ही किया। 7मूसा ने उस स्थान का नाम मस्सा#17:7 अर्थात् परीक्षा और मरीबा#17:7 अर्थात् झगड़ा रखा, क्योंकि इस्राएलियों ने वहाँ झगड़ा किया था, और यह कहकर यहोवा की परीक्षा की थी, “क्या यहोवा हमारे बीच है या नहीं?”
अमालेकियों की पराजय
8फिर अमालेकियों ने आकर रपीदीम में इस्राएलियों पर आक्रमण किया। 9तब मूसा ने यहोशू से कहा, “हमारे लिए कुछ पुरुषों को चुन ले, और बाहर जाकर अमालेकियों से लड़; मैं कल परमेश्वर की लाठी अपने हाथ में लिए हुए पहाड़ी की चोटी पर खड़ा रहूँगा।”
10यहोशू ने मूसा के कहे अनुसार किया और वह अमालेकियों से लड़ने लगा; और मूसा, हारून, तथा हूर पहाड़ी की चोटी पर चढ़ गए। 11जब तक मूसा अपना हाथ उठाए रहता था तब तक तो इस्राएल प्रबल होता था; परंतु जब-जब वह अपना हाथ नीचे करता था, तब-तब अमालेक प्रबल होता था। 12पर जब मूसा के हाथ थक गए, तो उन्होंने एक पत्थर लेकर मूसा के नीचे रख दिया, और वह उस पर बैठ गया, जबकि हारून और हूर एक-एक ओर खड़े होकर उसके हाथों को संभालते रहे; और उसके हाथ सूर्यास्त तक स्थिर रहे। 13इस प्रकार यहोशू ने अमालेकियों और उसके लोगों को तलवार के बल से हरा दिया।
14तब यहोवा ने मूसा से कहा, “स्मरण रखने के लिए इस बात को पुस्तक में लिख ले और यहोशू को सुना दे कि मैं आकाश के नीचे से अमालेक का स्मरण पूरी रीति से मिटा डालूँगा।”
15तब मूसा ने एक वेदी बनाकर उसका नाम “यहोवा निस्सी”#17:15 यहोवा निस्सी : अर्थात् यहोवा मेरा झंडा है रखा; 16और कहा, “यहोवा ने शपथ खाई है#17:16 या, मेरा हाथ यहोवा के सिंहासन की ओर है। कि यहोवा अमालेकियों से पीढ़ियों तक युद्ध करता रहेगा।”
Oyo Eponami Sikoyo:
निर्गमन 17: HSB
Tya elembo
Kopya
Kokisana
Kabola
Olingi kobomba makomi na yo wapi otye elembo na baapareyi na yo nyonso? Kota to mpe Komisa nkombo
HINDI STANDARD BIBLE©
Copyright © 2023 by Global Bible Initiative