Akara Njirimara YouVersion
Akara Eji Eme Ọchịchọ

लेवी 1

1
होमबलि के लिए विधान
1यहोवाह ने मोशेह को आह्वान कर उन्हें मिलनवाले तंबू में से उनसे बात की. यहोवाह ने कहा, 2“इस्राएल की प्रजा को यह आदेश दो: ‘जब कभी आप लोगों में से कोई व्यक्ति यहोवाह के लिए बलि अर्पण करें, वह यह बलि किसी गाय-बैलों या भेड़-बकरियों में से लेकर आएं.
3“ ‘यदि उनकी होमबलि ढोरों से है, तो वह एक निर्दोष नर पशु को बलि करें, वह इस निर्दोष नर पशु को मिलनवाले तंबू के प्रवेश द्वार पर बलि करें कि वह यहोवाह द्वारा स्वीकृत हो. 4वह व्यक्ति अपना हाथ होमबलि के इस पशु के सिर पर रखें कि यह उनके पक्ष में प्रायश्चित बलि के रूप में स्वीकार की जाए. 5वह यहोवाह के सामने इस बछड़े को बलि करें और अहरोन के पुत्र, जो पुरोहित हैं, इसके रक्त को उस वेदी के चारों ओर छिड़क दें, जो मिलनवाले तंबू के प्रवेश पर स्थित है. 6फिर वह इस होमबलि के पशु की खाल उतारकर इसे टुकड़ों में काट दें. 7अहरोन के पुत्र, जो पुरोहित हैं, वेदी पर अग्नि रखें और इस अग्नि पर लकड़ियों को सजाकर रखें. 8अहरोन के पुत्र, जो पुरोहित हैं; टुकड़ों, सिर और चर्बी को जलती हुई लकड़ियों पर, जो वेदी पर हैं, सजाकर रखें. 9वह उस पशु की आंतों और टांगों को जल से धोएं और पुरोहित इन सभी को होमबलि के लिए वेदी पर दहन करें. यह यहोवाह के लिए सुखद-सुगंध की अन्‍नबलि होगी.
10“ ‘किंतु यदि उनकी होमबलि भेड़-बकरियों में से है, तो वह एक निर्दोष नर पशु को अर्पण करें. 11वह उसका वध यहोवाह के सामने वेदी के उस ओर करें, जो उत्तरी दिशा की ओर है, और अहरोन के पुत्र, जो पुरोहित हैं, इसके रक्त को वेदी के चारों ओर छिड़क दें. 12फिर वह इसके सिर और इसकी चर्बी को टुकड़ों में काट दें, और पुरोहित इन्हें उन लकड़ियों पर जो वेदी पर जल रहीं हैं, सजाकर रखें, 13किंतु आंतों और पैरों को वह जल से धोएं और पुरोहित इन सभी को होमबलि के लिए वेदी पर जलाएं, यह यहोवाह के लिए सुखद-सुगंध, की होमबलि और अन्‍नबलि होगी.
14“ ‘किंतु यदि वह यहोवाह के लिए पक्षियों की होमबलि चढ़ाते हैं, तो वह अपनी बलि के लिए कपोत अथवा कबूतर के बच्‍चे लेकर आएं. 15पुरोहित इसे वेदी पर लाएं; उसका सिर मरोड़ कर उसका वध करें, तथा उसे वेदी पर जलाएं. इसका रक्त वेदी की एक ओर बहाए जाए. 16वह उसके गले की थैली और परों को वेदी के पूर्वी ओर, जो राख डालने का स्थान है, फेंक दें. 17फिर वह उसके पंख पकड़कर फाड़ें, किंतु उसे अलग न करें और पुरोहित इन सभी को होमबलि के लिए वेदी पर जलाएं. यह यहोवाह के लिए सुखद-सुगंध की होमबलि, और अन्‍नबलि होगी.

Nke Ahọpụtara Ugbu A:

लेवी 1: HCV

Mee ka ọ bụrụ isi

Mapịa

Lee anya n'etiti ihe abụọ

Kesaa

None

Ịchọrọ ka echekwaara gị ihe ndị gasị ị mere ka ha pụta ìhè ná ngwaọrụ gị niile? Debanye aha gị ma ọ bụ mee mbanye