रोमियों 8
8
पवित्र आत्मा ने हमें पाप और मौत की शक्ति से मुक्त कर दिया
1अगर तुम मुक्तिदाता येशु की शरण में आ गए हो तो तुम्हें तुम्हारे बुरे कर्मों का दंड नहीं मिलेगा। 2पवित्र आत्मा की मोक्ष देने वाली शक्ति ने मुक्तिदाता येशु द्वारा तुमको पाप और मौत के बंधन से मुक्त कर दिया है। 3मोशे के नियम और शिक्षा ऐसा नहीं कर सके क्योंकि इसमें हमारे सांसारिक स्वभाव में बदलाव लाने की शक्ति नहीं थी। लेकिन परमात्मा ने वह किया जो नियम नहीं कर सका। उन्होंने अपने पुत्र को एक ऐसे शरीर में भेजा जो हमारे पापी शरीर जैसा था। और उस शरीर में परमात्मा ने हमारे पापों के लिए अपने पुत्र को बलि के रूप में देकर हमारे ऊपर पाप के शासन के अंत की घोषणा कर दी। 4उन्होंने ऐसा इसलिए किया ताकि मोशे के नियम और शिक्षा की अपेक्षा पूरी हो सके। अब हम सांसारिक इच्छाओं के पीछे नहीं भागते बल्कि परमात्मा की पवित्र आत्मा की इच्छाओं को पूरा करते हैं।
मोक्ष और शांति कैसे पाएँ?
5जो सांसारिक स्वभाव के हैं, उनका ध्यान संसार की बातों पर ही रहता है, परंतु जिनका स्वभाव आत्मिक है, उनका ध्यान पवित्र आत्मा पर रहता है। 6केवल सांसारिक लक्ष्यों को प्राप्त करने में मन लगाना मृत्यु के बंधन में बंधे रहना है,#8:6 मृत्यु के बंधन में बंधे रहना है - या, “मृत्यु।” लेकिन यहाँ अर्थ एक ऐसी अनंत मृत्यु है जिससे बचने का कोई रास्ता नहीं है। परंतु पवित्र आत्मा में मन लगाना मोक्ष और शांति है। 7सांसारिक में लीन रहना परमात्मा से दुश्मनी लेना है क्योंकि सांसारिक स्वभाव परमात्मा की आज्ञाओं का पालन नहीं करता और न ही कर सकता है। 8इसलिए जो लोग सांसारिकता में जी रहे हैं, वे परमात्मा को खुश नहीं कर सकते।
9परंतु तुम सांसारिक स्वभाव के अनुसार नहीं, परंतु पवित्र आत्मा के अनुसार जी रहे हो, क्योंकि परमात्मा की पवित्र आत्मा तुममें निवास करती है। जिनमें मुक्तिदाता येशु की आत्मा नहीं, उनका मुक्तिदाता के साथ कोई सम्बन्ध नहीं। 10परंतु मुक्तिदाता येशु तुम्हारे भीतर रहते हैं। तो पाप के कारण तुम्हारे शरीर की मृत्यु तो होगी परंतु आत्मा को मोक्ष मिलेगा क्योंकि परमात्मा ने तुम्हारे बुरे कर्मों के खाते को मिटा कर अपना धर्मी भक्त बना दिया। 11और यदि उन परमात्मा की पवित्र आत्मा जिन्होंने मुक्तिदाता प्रभु येशु को मरने के बाद ज़िन्दा कर दिया, तुम्हारे भीतर रहती है, तो परमात्मा अच्छे और बुरे कर्मों के न्याय के दिन तुम्हारे नश्वर शरीर को जीवित कर देंगे।
परमात्मा के बेटे-बेटियाँ बनना
12इसलिए भक्त भाइयो और बहनो, हमें सांसारिक स्वभाव के अनुसार जीने की ज़रूरत नहीं है। 13यदि तुम सांसारिकता में जीते हो तो मरने के लिए तैयार रहो, परंतु यदि पवित्र आत्मा की सहायता से सांसारिक बुरे कामों#8:13 सांसारिक बुरे कामों या, “बुरे शरीरिक कामों” को मारते हो तो तुम मोक्ष प्राप्त करोगे। 14क्योंकि जो लोग परमात्मा की पवित्र आत्मा द्वारा चलते हैं, वे परमात्मा के बेटे-बेटियाँ#8:14 बेटे-बेटियाँ - या, “बेटे” हैं।
15परमात्मा हमें डर का गुलाम नहीं बनाते कि हम डर में जीवन बिताएँ। इसके बजाय, हम उनके बेटे-बेटियाँ बन गए हैं#8:15 हम उनके बेटे-बेटियाँ बन गए हैं - या, गोद ले लिया है और उन्हें “पिताजी, हे पिता!”#8:15 पिताजी, हे पिता! - या, “हे पिताजी, हे अब्बा!” अब्बा अरामी भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ “पिता” है। कह कर पुकारते हैं। 16स्वयं पवित्र आत्मा हमारी आत्मा के साथ मिलकर साबित करता है कि हम परमात्मा की संतान हैं, 17और यदि संतान हैं तो वारिस भी, परमात्मा के वारिस और मुक्तिदाता येशु के साथ संयुक्त वारिस। क्योंकि हम ने मुक्तिदाता के साथ दुख उठाया है, हम उनके तेज में सहभागी भी होंगे।
18मैं जानता हूँ कि जो तेज हम पर#8:18हम पर - या, “हम में” प्रकट होगा, उस तेज के सामने इस दुनिया के दुख कुछ नहीं हैं। 19सारी सृष्टि उस समय का इंतज़ार कर रही है जब परमात्मा अपने बेटे-बेटियों को प्रकट करेंगे। 20सृष्टि को अपने उद्देश्य को पूरा करने से पीछे कर दिया गया, लेकिन यह उसकी अपनी पसंद का नतीजा नहीं था। परमात्मा ने सृष्टि की शुरुआत में अपनी इच्छा से यह इसलिए किया 21कि स्वयं सृष्टि सड़न और बदबू के बंधन से मुक्त हो और परमात्मा की संतान के तेज से भरी मुक्ति में भाग ले। 22हम जानते हैं कि सारी सृष्टि अब तक प्रसव पीड़ा के दर्द के समान परमात्मा से सुंदर भविष्य के लिए दर्द से तड़प रही है। 23हम, जिनके पास पवित्र आत्मा है, अपने मन की गहराइयों में कराह रहे हैं, जबकि हम परमात्मा से इस पुष्टि की प्रतीक्षा कर रहे हैं कि हम उनकी संतान हैं और वह हमारे शरीर का रूपांतरण कर दें। 24जब हमें मुक्ति मिली, तो हमारे पास भविष्य में इसके मिलने की आशा थी। लेकिन अगर हमारे पास पहले से ही वह है जिसकी हम आशा करते हैं, तो आशा करते रहने की कोई आवश्यकता नहीं है। 25परंतु यदि हम उस चीज़ की आशा करते हैं जो दिखाई नहीं देती, तो सबर के साथ उसका इंतज़ार ज़रूर करना चाहिए।
परमात्मा-भक्तों की भलाई हर परिस्थिति में करते हैं
26इसी प्रकार पवित्र आत्मा भी हमारी भक्ति की कमियों को पूरा करने में सहायता करता है। उदाहरण के लिए, जब हम नहीं जानते कि कैसे और क्या प्रार्थना करनी है, तो पवित्र आत्मा हमारे लिए ऐसे तरीके से प्रार्थना करता है जिसे शब्दों में कहा नहीं जा सकता। 27किंतु अंतर्यामी परमात्मा जानते हैं कि पवित्र आत्मा क्या कह रहा है, क्योंकि पवित्र आत्मा परमात्मा की इच्छा के अनुसार हम पवित्र भक्तों के लिए प्रार्थना करता है। 28हम जानते हैं कि जो परमात्मा से प्रेम करते हैं और जिन्हें परमात्मा ने अपनी योजनाओं को पूरा करने के लिए चुना है, चाहें स्थिति कोई भी हो परमात्मा उनके लिए हर बात से भलाई पैदा कर देते हैं। 29और परमात्मा पहले से जानते हैं कि उनके चुने हुए लोग कौन होंगे। उन्होंने उन्हें अपने पुत्र प्रभु येशु की तरह बनाने का फैसला किया था, इसलिए उनके पुत्र प्रभु येशु बहुत से भाइयों-बहनों में पहले जन्मे बच्चे होंगे। 30जिन्हें परमात्मा पहले से जानते थे, उन्हें अपने परिवार में शामिल होने का निमंत्रण दिया, और जिन्हें निमंत्रण दिया परमात्मा ने उन्हें धर्मी भक्त बना दिया और जिन्हें परमात्मा ने धर्मी भक्त बनाया, उन्हें तेज भी दिया।
परमात्मा का प्रेम
31तो इस बारे में क्या कहा जा सकता है? यदि परमात्मा हमारे पक्ष में हैं, तो हमारा विरोध कौन कर सकता है? 32परमात्मा ने अपने पुत्र को दर्द के सागर में जाने से नहीं रोका, परंतु हम सबके लिए उनको क्रूस पर बलि होने के लिए दे दिया। जब परमात्मा ने ऐसा करने के लिए तैयार हैं, तो क्या वह हमें सब कुछ नहीं देंगे जिसकी हमें ज़रूरत है? 33अगर परमात्मा अपने चुने हुए लोगों को धर्मी भक्त बनाते हैं तो क्या किसी में इतनी हिम्मत है कि उन पर आरोप लगा सके। 34या क्या कोई उन पर दोष लगा सकता है? कोई नहीं! मुक्तिदाता येशु मरे और परमात्मा ने उन्हें ज़िन्दा कर दिया। अब वह परमात्मा की दाईं ओर बैठकर उनसे हमारी सिफारिश करते हैं। 35क्या कुछ भी हमें मुक्तिदाता येशु के प्रेम से अलग कर सकता है? क्या दुख, या परेशानियाँ, या अत्याचार, या अकाल, या गरीबी, या खतरा, या मौत की धमकी हमें उनसे अलग कर सकती है? 36जैसे परमात्मा-ग्रंथ में लिखा है, “तुम्हारे लिए दिनभर हमें हमारी जान का खतरा रहता है, हमारे साथ वध होने वाली भेड़ों के समान व्यवहार किया जाता है।”#भजन शास्त्र 44:22 37परंतु मुक्तिदाता ने हम से प्रेम किया है और उनके द्वारा हम इन सब दुखों में पूरी तरह से विजय प्राप्त करते हैं। 38-39मुझे पूरा भरोसा है कि न तो मृत्यु, न जीवन, न स्वर्गदूत, न अशुद्ध आत्मा, न आसमानी में रह रहा अत्याचारी, न वर्तमान, न भविष्य, न शक्तियाँ, न ऊँचाई, न गहराई, और न इस सृष्टि की कोई और चीज़, हमें परमात्मा के उस प्रेम से अलग कर सकेगी जो हमारे मुक्तिदाता प्रभु येशु द्वारा मिला है।
वर्तमान में चयनित:
रोमियों 8: MYG
हाइलाइट
कॉपी
तुलना
शेयर
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
The MYG Project
Muktidata Yeshu Granth के बारे में और अधिक जानें