भजन संहिता 96
96
पृथ्वी का राजा
1यहोवा के लिए एक नया गीत गाओ!
हे सारी पृथ्वी के लोगो,
यहोवा के लिए गाओ!
2यहोवा के लिए गाओ,
उसके नाम को धन्य कहो;
दिन प्रतिदिन उसके किए हुए
उद्धार का सुसमाचार सुनाते रहो।
3अन्यजातियों में उसकी महिमा का,
और देश-देश के लोगों में
उसके आश्चर्यकर्मों का वर्णन करो।
4क्योंकि यहोवा महान और अति स्तुति के योग्य है;
वह सब देवताओं से अधिक भययोग्य है।
5क्योंकि देश-देश के सब देवता तो मूर्तियाँ ही हैं;
परंतु यहोवा ने आकाशमंडल को बनाया है।
6उसके सम्मुख वैभव और ऐश्वर्य हैं;
उसके पवित्रस्थान में सामर्थ्य और शोभा हैं।
7हे देश-देश के कुल के लोगो,
यहोवा को सराहो;
यहोवा की महिमा और सामर्थ्य को मानो!
8यहोवा के नाम के योग्य उसकी महिमा करो;
भेंट लेकर उसके आँगनों में आओ।
9पवित्रता से शोभायमान होकर यहोवा को दंडवत् करो।
हे सारी पृथ्वी के लोगो,
उसके सामने काँपते रहो।
10जाति-जाति के लोगों में कहो,
“यहोवा राज्य करता है।
जगत स्थिर है,
वह टलेगा नहीं।
यहोवा देश-देश के
लोगों का न्याय खराई से करेगा।”
11आकाश आनंदित हो,
और पृथ्वी मगन हो!
समुद्र और जो कुछ उसमें है,
गरज उठें!
12मैदान और जो कुछ उसमें है,
प्रफुल्लित हों! तब वन के सारे वृक्ष जय जयकार करेंगे।
13यह यहोवा के सामने हो,
क्योंकि वह आने वाला है।
वह पृथ्वी का न्याय
करने के लिए आने वाला है;
वह जगत का न्याय धार्मिकता से,
और देश-देश के लोगों का
न्याय सच्चाई से करेगा।
वर्तमान में चयनित:
भजन संहिता 96: HSB
हाइलाइट
कॉपी
तुलना
शेयर
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
HINDI STANDARD BIBLE©
Copyright © 2023 by Global Bible Initiative