बाइबल ऐप लोगो
खोज चिह्न

भजन संहिता 90

90
चौथा भाग
भजन 90—106
अनंत परमेश्‍वर और नश्‍वर मनुष्य
परमेश्‍वर के जन मूसा की प्रार्थना।
1हे प्रभु, तू पीढ़ी से पीढ़ी तक हमारा निवासस्थान रहा है।
2पर्वतों को उत्पन्‍न‍ करने से पहले,
या इससे पहले कि तू पृथ्वी
और जगत की सृष्‍टि करता,
अनादिकाल से अनंतकाल तक तू ही परमेश्‍वर है।
3तू मनुष्य को मिट्टी में लौटा देता है,
और कहता है,
“हे आदम की संतानो, लौट जाओ!”
4क्योंकि हज़ार वर्ष तेरी दृष्‍टि में ऐसे हैं
जैसे कल का दिन जो बीत गया,
या जैसे रात का एक पहर।
5तू मनुष्यों को जल-धारा के समान बहा देता है;
वे स्वप्‍न के समान ठहरते हैं।
वे भोर को उगनेवाली घास के समान होते हैं,
6जो भोर को फूलती और बढ़ती है,
और साँझ तक मुरझाकर सूख जाती है।
7हम तो तेरे क्रोध से भस्म हुए हैं;
और तेरे प्रकोप से भयभीत हो गए हैं।
8तूने हमारे अधर्मों को अपने सम्मुख,
और हमारे गुप्‍त पापों को
अपने मुख की ज्योति में रखा है।
9हमारे सब दिन तेरे क्रोध में कट जाते हैं;
और हम अपने वर्षों को
आहें भरते हुए बिताते हैं।
10हमारी आयु के वर्ष तो सत्तर होते हैं,
और चाहे बल के कारण अस्सी भी हो जाएँ,
फिर भी उनमें से अधिकतर कष्‍‍ट
और शोक में व्यतीत होते हैं।
हमारे वर्ष शीघ्र बीत जाते हैं,
और हम चले जाते हैं।
11तेरे क्रोध की शक्‍ति को कौन समझता है?
तेरा प्रकोप तेरे भय के योग्य है।
12अतः हमें अपने दिन गिनना सिखा
कि हम बुद्धि से भरा मन पाएँ।
13हे यहोवा, कब तक?
लौट आ और अपने दासों पर तरस खा!
14भोर को अपनी करुणा से हमें तृप्‍त कर
कि हम जीवन भर जय जयकार
और आनंद करते रहें।
15जितने दिन तूने हमें दुःख दिए
और जितने वर्ष हमने क्लेश सहे हैं,
उतने ही वर्ष हमें आनंद के दे।
16तेरा कार्य तेरे दासों पर,
और तेरा प्रताप उनकी संतान पर प्रकट हो।
17हमारे परमेश्‍वर यहोवा की मनोहरता हम पर प्रकट हो।
तू हमारे हाथों के कार्यों को
हमारे लिए दृढ़ कर;
हाँ, तू हमारे हाथों के कार्यों को दृढ़ कर।

वर्तमान में चयनित:

भजन संहिता 90: HSB

हाइलाइट

कॉपी

तुलना

शेयर

None

Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in