बाइबल ऐप लोगो
खोज चिह्न

भजन संहिता 38

38
पीड़ित पापी की प्रार्थना
स्मारक के रूप में दाऊद का भजन।
1हे यहोवा, क्रोध में आकर मुझे न झिड़क,
और न अपने प्रकोप में मुझे ताड़ना दे।
2क्योंकि तेरे तीर मुझे गहरे लगे हैं,
और मैं तेरे हाथ के नीचे दबा हूँ।
3तेरे क्रोध के कारण मेरे शरीर में कुछ भी आरोग्यता नहीं,
मेरे पाप के कारण मेरी हड्डियों में भी चैन नहीं है।
4क्योंकि मैं अपने अधर्म के कामों में सिर तक डूब चुका हूँ,
और वे भारी बोझ के समान मेरे सहने से बाहर हो गए हैं।
5मेरी मूर्खता के कारण मेरे घावों से दुर्गंध आने लगी है,
और वे सड़ गए हैं।
6मैं झुक गया और नीचे दब गया हूँ।
मैं दिन भर विलाप करता फिरता हूँ;
7क्योंकि मेरी कमर में जलन ही जलन है,
और मेरे शरीर में कुछ भी आरोग्यता नहीं है।
8मैं निर्बल हूँ और पूरी तरह से टूट गया हूँ;
मैं अपने मन की पीड़ा के कारण कराहता हूँ।
9हे प्रभु, मेरी हर अभिलाषा तेरे सामने है,
और मेरा आहें भरना तुझसे छिपा नहीं।
10मेरा हृदय तेज़ी से धड़कता है,
मेरी शक्‍ति क्षीण होती जाती है,
और यहाँ तक कि मेरी आँखों की ज्योति भी जाती रही।
11मेरे मित्र और मेरे साथी घावों के कारण
मुझसे किनारा करते हैं,
और मेरे परिजन भी दूर खड़े रहते हैं।
12मेरे प्राण के खोजी मेरे लिए जाल बिछाते हैं,
और मेरी हानि चाहनेवालों ने
मुझे नष्‍ट करने की धमकी दी है।
वे दिन भर दुष्‍टता की युक्‍तियाँ रचते हैं।
13परंतु मैं तो बहरे के समान हूँ जो सुनता नहीं,
और गूँगे के समान जो बोलता नहीं।
14हाँ, मैं उस मनुष्य के समान हूँ जो कुछ नहीं सुनता,
और जिसके मुँह से कोई उत्तर नहीं निकलता।
15क्योंकि हे यहोवा, मैंने तुझ पर अपनी आशा लगाई है,
हे प्रभु, हे मेरे परमेश्‍वर,
तू ही उत्तर देगा।
16क्योंकि मैंने कहा,
“जो लोग मेरे पैर फिसलने के कारण
मुझे नीचा दिखाकर अपने पर घमंड करते हैं,
वे मुझ पर आनंदित न हो पाएँ।”
17क्योंकि मैं तो अब गिरने ही पर हूँ,
और मेरी पीड़ा निरंतर मेरे सामने है।
18मैं अपना अधर्म मानता हूँ,
और अपने पाप के कारण मैं दुःखी हूँ।
19परंतु मेरे शत्रु फुर्तीले और बलवंत हैं;
मुझसे अकारण घृणा करनेवाले तो बहुत हैं।
20जो भलाई के बदले बुराई करते हैं,
वे भी मेरा विरोध करते हैं
क्योंकि मैं भलाई का अनुसरण करता हूँ।
21हे यहोवा, मुझे छोड़ न दे!
हे मेरे परमेश्‍वर, मुझसे दूर न रह!
22हे प्रभु, हे मेरे उद्धार,
मेरी सहायता के लिए शीघ्र आ!

वर्तमान में चयनित:

भजन संहिता 38: HSB

हाइलाइट

कॉपी

तुलना

शेयर

None

Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in