भजन संहिता 17

17
सुरक्षा के लिए प्रार्थना
दाऊद की प्रार्थना।
1हे यहोवा, उचित पक्ष को सुन,
मेरी पुकार पर ध्यान दे;
मेरी प्रार्थना पर कान लगा,
जो कपटी होंठों से नहीं निकलती।
2तेरे सामने मेरा न्याय हो;
तेरी आँखें सच्‍चाई को देखें।
3तूने मेरे मन को जाँचा है।
तूने रात को मेरी सुधि ली;
तूने मुझे परखा, परंतु कुछ बुरा न पाया।
मैंने ठान लिया है कि मेरे मुँह से
पाप की कोई बात नहीं निकलेगी।
4मनुष्य के कार्यों के संबंध में : तेरे होंठों के शब्द के द्वारा
मैंने हिंसक लोगों के मार्गों से स्वयं को बचाए रखा।
5मेरे कदम तेरे मार्गों में स्थिर रहे;
मेरे पैर लड़खड़ाए नहीं।
6हे परमेश्‍वर, मैंने तुझी को पुकारा है;
क्योंकि तू मुझे उत्तर देता है।
अपना कान मेरी ओर लगा और मेरी विनती को सुन।
7तू जो अपने दाहिने हाथ से अपने शरणागतों को
उनके विरोधियों से बचाता है,
अपनी अद्भुत करुणा दिखा।
8-9अपनी आँख की पुतली के समान मुझे सुरक्षित रख;
अपने पंखों के तले मुझे उन दुष्‍टों से छिपा ले,
जो मुझ पर अत्याचार करते हैं,
अर्थात् मेरे प्राणघातक शत्रुओं से जो मुझे घेरे हुए हैं।
10उन्होंने अपने हृदयों को कठोर कर लिया है;
उनके मुँह से घमंड की बातें निकलती हैं।
11उन्होंने अब हमें कदम-कदम पर घेर लिया है;
वे हमें मिट्टी में मिला देने के लिए घात लगाए हुए हैं।
12वे उस सिंह के समान हैं
जो फाड़ खाने को उत्सुक रहता है,
और उस जवान सिंह के समान हैं
जो घात लगाने के स्थानों में बैठा रहता है।
13उठ, हे यहोवा! उसका सामना कर,
और उसे पटक दे! अपनी तलवार के बल से
मेरे प्राण को दुष्‍ट से बचा ले।
14हे यहोवा, अपना हाथ बढ़ाकर मुझे मनुष्यों से,
अर्थात् संसार के उन मनुष्यों से बचा ले,
जिनका भाग इसी जीवन में है,
और जिनका पेट तू अपने भंडार से भरता है।
वे बाल-बच्‍चों से संतुष्‍ट रहते हैं,
और शेष संपत्ति अपने बच्‍चों के लिए छोड़ जाते हैं।
15परंतु मैं धार्मिकता में तेरे मुख का दर्शन करूँगा;
जब मैं जागूँगा तब तेरे स्वरूप को देखकर संतुष्‍ट होऊँगा।

वर्तमान में चयनित:

भजन संहिता 17: HSB

हाइलाइट

कॉपी

तुलना

शेयर

None

Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in