प्रेरितों 27
27
पौलुस की रोम यात्रा
1जब यह निश्चित हो गया कि हमें जहाज़ से इटली जाना है, तो उन्होंने पौलुस और कुछ अन्य बंदियों को औगुस्तुस#27:1 अर्थात् रोमी सम्राट के सैन्य दल के यूलियुस नामक शतपति के हाथ सौंप दिया। 2अद्रमुत्तियुम का एक जहाज़ आसिया के किनारे के स्थानों से होता हुआ जाने वाला था। हम उस पर चढ़कर रवाना हुए। थिस्सलुनीके का मकिदुनियावासी अरिस्तर्खुस भी हमारे साथ था। 3दूसरे दिन हम सैदा में उतरे, और यूलियुस ने पौलुस पर कृपा करके उसे मित्रों के पास जाने की अनुमति दी कि उसका सत्कार किया जाए। 4वहाँ से हम जहाज़ द्वारा साइप्रस की आड़ में चले क्योंकि हवा हमारे विपरीत थी। 5फिर हम किलिकिया और पंफूलिया के तटवर्ती समुद्र को पार करके लूसिया के मूरा में उतरे। 6वहाँ शतपति को इटली जानेवाला सिकंदरिया का एक जहाज़ मिला और उसने हमें उस पर चढ़ा दिया। 7जब हम बहुत दिन तक धीरे-धीरे खेते हुए बड़ी कठिनाई से कनिदुस के सामने पहुँचे, तो हवा हमें आगे बढ़ने नहीं दे रही थी। इसलिए हम सलमोने के सामने से क्रेते द्वीप की आड़ में चले, 8और उसके किनारे-किनारे बड़ी कठिनाई से खेते हुए हम एक स्थान पर पहुँचे जो सुंदर-बंदरगाह कहलाता था; लसया नगर उसके निकट था।
पौलुस की सलाह की उपेक्षा
9बहुत समय बीत गया था और यहाँ तक कि उपवास का दिन भी बीत गया था, और अब जलयात्रा संकटमय हो चुकी थी। अतः पौलुस उन्हें यह कहकर चेतावनी देने लगा, 10“हे सज्जनो, मुझे जान पड़ता है कि इस यात्रा में विपत्ति आएगी, और न केवल माल और जहाज़ की, बल्कि हमारे प्राणों की भी हानि होगी।” 11परंतु शतपति ने कप्तान और जहाज़ के स्वामी की बातों को पौलुस की बातों से बढ़कर माना। 12वह बंदरगाह शीतकाल बिताने के लिए उपयुक्त नहीं था, इसलिए अधिकांश लोगों ने वहाँ से जहाज़ द्वारा रवाना होने का विचार किया, कि यदि हो सके तो वे किसी प्रकार फीनिक्स में पहुँचकर शीतकाल बिताएँ। यह क्रेते का बंदरगाह था जिसका मुँह दक्षिण-पश्चिम तथा उत्तर-पश्चिम की ओर था।
समुद्र में तूफ़ान
13जब दक्षिणी हवा धीरे-धीरे बहने लगी, तो उन्होंने यह सोचकर लंगर उठाया कि उनका उद्देश्य पूरा हो गया है और वे क्रेते के पास से किनारे-किनारे जाने लगे। 14परंतु अभी अधिक समय भी नहीं बीता था कि द्वीप की ओर से एक भयानक तूफ़ान उठा जो यूरकुलीन कहलाता है। 15जब जहाज़ तूफ़ान में फँस गया तो उसका सामना न कर सका; और हम विवश होकर उसके साथ-साथ बहने लगे। 16तब कौदा नामक एक छोटे से द्वीप की आड़ में बहते हुए हम बड़ी कठिनाई से डोंगी को अपने वश में कर सके। 17डोंगी को उठाने के बाद उन्होंने रस्सों से जहाज़ को नीचे से कस दिया; और इस डर से कि कहीं बालू#27:17 समुद्र के भीतर पाए जाने वाले बालू का ढेर में फँस न जाएँ, वे पाल को नीचे करके बहते हुए जाने लगे। 18हम तूफ़ान से बहुत हिचकोले खा रहे थे, इसलिए अगले दिन वे जहाज़ का माल फेंकने लगे, 19और तीसरे दिन उन्होंने अपने हाथों से जहाज़ का साज़ो-सामान भी फेंक दिया। 20बहुत दिनों तक न तो सूर्य और न ही तारे दिखाई दिए, और तूफ़ान भी प्रचंड था। अंत में हमारे बचने की सारी आशा भी जाती रही।
21बहुत समय तक वे बिना भोजन के रहे। तब पौलुस ने उनके बीच में खड़े होकर कहा, “हे भाइयो, वास्तव में उचित तो यह था कि तुम मेरी बात मानकर क्रेते से जहाज़ द्वारा रवाना न होते, तब न यह विपत्ति आती और न यह हानि होती। 22परंतु अब मैं तुमसे आग्रह करता हूँ कि साहस रखो, क्योंकि इस जहाज़ को छोड़ तुममें से किसी के भी प्राण की हानि न होगी। 23क्योंकि जिस परमेश्वर का मैं हूँ और जिसकी मैं सेवा करता हूँ, उसका एक स्वर्गदूत पिछली रात को मेरे पास आ खड़ा हुआ, 24और कहा, ‘हे पौलुस, मत डर! तुझे कैसर के सामने खड़ा होना अवश्य है, और देख, परमेश्वर ने इन सब को जो तेरे साथ यात्रा कर रहे हैं, तुझे सौंप दिया है।’ 25इसलिए हे भाइयो, साहस रखो! क्योंकि मैं परमेश्वर पर विश्वास करता हूँ कि जैसा मुझसे कहा गया है, वैसा ही होगा। 26हम अवश्य किसी द्वीप पर जा लगेंगे।”
27जब चौदहवीं रात आई और हम अद्रिया समुद्र में भटक रहे थे, तो आधी रात के लगभग नाविकों को किसी तट के निकट पहुँचने का आभास हुआ। 28जब उन्होंने गहराई नापी तो वह सैंतीस मीटर थी, और थोड़ा आगे बढ़कर फिर गहराई नापी तो सत्ताईस मीटर थी। 29तब इस डर से कि कहीं हम पथरीले स्थानों से टकरा न जाएँ, उन्होंने जहाज़ के पिछले भाग से चार लंगर डाले और दिन होने की कामना करने लगे। 30परंतु नाविक जहाज़ पर से भाग जाना चाहते थे और उन्होंने डोंगी समुद्र में ऐसे उतारी मानो वे अगले भाग से लंगर डाल रहे हों। 31तब पौलुस ने शतपति और सैनिकों से कहा, “यदि ये जहाज़ पर नहीं रहे, तो तुम भी बच नहीं सकते।” 32अतः सैनिकों ने डोंगी के रस्से काट दिए और उसे नीचे गिरा दिया।
33जब दिन निकलने वाला था तो पौलुस ने यह कहकर सब से भोजन करने का आग्रह किया, “बिना भोजन किए प्रतीक्षा करते-करते आज तुम्हें चौदह दिन हो गए हैं, और तुमने कुछ भी नहीं खाया है। 34इसलिए मैं तुमसे आग्रह करता हूँ कि कुछ खा लो, यह तुम्हारे बचाव के लिए है; क्योंकि तुममें से किसी के सिर का एक बाल भी बाँका न होगा।” 35यह कहने के बाद उसने रोटी लेकर सब के सामने परमेश्वर का धन्यवाद किया और तोड़कर खाने लगा। 36तब उन सब ने भी प्रोत्साहित होकर भोजन किया। 37जहाज़ में हम सब कुल दो सौ छिहत्तर व्यक्ति थे। 38भरपेट भोजन करने के बाद वे गेहूँ को समुद्र में फेंककर जहाज़ को हल्का करने लगे।
जहाज़ का टूटना
39दिन होने पर उन्होंने उस स्थान को तो नहीं पहचाना, पर उन्हें एक खाड़ी दिखाई दे रही थी जिसका रेतीला तट था। उन्होंने विचार किया कि यदि हो सके तो जहाज़ को उसी पर लगा दें। 40उन्होंने लंगरों को काटकर समुद्र में छोड़ दिया, और साथ ही साथ पतवारों के बंधन ढीले कर दिए, और अगला पाल उठाकर हवा के सहारे तट की ओर चलने लगे। 41परंतु जहाज़ दो जल प्रवाहों के बीच पड़कर बालू में फँस गया और उसका अगला भाग ऐसा धंस गया कि हिल न सका और पिछला भाग लहरों के बल से टूटने लगा। 42सैनिकों का विचार था कि बंदियों को मार डालें, कहीं ऐसा न हो कि कोई तैरकर निकल भागे। 43परंतु शतपति ने पौलुस को बचाने की इच्छा से उन्हें ऐसा करने से रोका, और आदेश दिया कि जो तैर सकते हैं वे पहले कूदकर भूमि पर पहुँच जाएँ; 44और बाकी लोग पटरों और जहाज़ की अन्य वस्तुओं के सहारे पहुँच जाएँ। इस प्रकार सब लोग भूमि पर सुरक्षित पहुँच गए।
वर्तमान में चयनित:
प्रेरितों 27: HSB
हाइलाइट
शेयर
तुलना
कॉपी
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
HINDI STANDARD BIBLE©
Copyright © 2023 by Global Bible Initiative