नीतिवचन 17

17
1सुख-चैन के साथ सूखी रोटी खाना
उस बलि-भोज के मांस से श्रेष्‍ठ है,
जो लड़ाई-झगड़े वाले घर में खाया जाता है।
2जो संतान अपने माता-पिता के लिए
लज्‍जा का कारण बनती है,
उस पर वह सेवक शासन करता है,
जो बुद्धि से कार्य करता है।
ऐसा सेवक मालिक की पैतृक सम्‍पत्ति में
संतान के साथ बराबर का हिस्‍सा पाता है।
3जैसे कुठाली चांदी को परखने के लिए,
और सोने को परखने के लिए भट्ठी है,
वैसे ही मनुष्‍य के हृदय को परखने वाला
प्रभु है।#नीति 27:21
4दुष्‍कर्मी बुरी बातों को ध्‍यान से सुनता है,
झूठा मनुष्‍य दुष्‍टतापूर्ण वचनों पर
कान लगाता है।
5जो मनुष्‍य गरीब का मजाक उड़ाता है,
वह उसके सृजक परमेश्‍वर का उपहास
करता है;
जो मनुष्‍य दूसरे के दु:ख पर हंसता है,
उसको परमेश्‍वर निस्‍सन्‍देह दण्‍ड देगा।#लेव 19:14
6बूढ़ों की शोभा उनके नाती-पोते हैं,
और बाल-बच्‍चों का गौरव
उनके माता-पिता।#भज 128:6
7मूर्ख मनुष्‍य के मुख में
शुभ वचन फबता नहीं;
इससे अधिक अशोभनीय है
शासक के मुख से झूठी बात का निकलना।
8घूस देनेवाला मनुष्‍य
घूस को जादू का चिराग समझता है;
वह जहाँ-जहाँ जाता है,
सफलता उसके चरण चूमती है।
9जो मनुष्‍य दूसरे के अपराध क्षमा करता है,
वह प्रेम का खोजी कहलाता है;
पर दूसरों की बातें यहाँ-वहाँ फैलानेवाला
मित्रों में फूट कराता है।
10जितना प्रभाव एक घुड़की का
समझदार व्यक्‍ति पर होता है,
उतना सौ बार मार खाने पर भी
मूर्ख पर नहीं होता।
11बुरा मनुष्‍य विद्रोह की ही खोज में रहता है।
उसको दबाने के लिए क्रूर दूत भेजा जाता है।
12मूर्खता के आवेश में डूबे हुए मुर्ख मनुष्‍य
की अपेक्षा
बच्‍चा छीनी हुई रीछनी से मिलना अच्‍छा है।
13जो मनुष्‍य भलाई के बदले में बुराई करता है,
उसके घर में बुराई सदा निवास करती है।
14लड़ाई-झगड़े का आरम्‍भ
मानो बान्‍ध के छेद के समान है,
अत: उसके फूटने के पहले ही
वहाँ से हट जाओ!
15जो मनुष्‍य दुर्जनों का पक्ष लेता
और सज्‍जनों को दोषी बताता है,
उसके दोनों कार्य
प्रभु की दृष्‍टि में घृणित हैं।
16मूर्ख मनुष्‍य बुद्धि को खरीदने के लिए
अपने हाथ में दाम क्‍यों रखे हुए है,
जबकि उसमें समझ है ही नहीं?
17सच्‍चा मित्र सब समय मित्रता निभाता है,
वह संकट-काल में भाई बन जाता है।#प्रव 6:7-10
18जो मनुष्‍य बन्‍धक रखता है,
जो अपने पड़ोसी के कर्ज के लिए जमानत
देता है,
वह निस्‍सन्‍देह निर्बुद्धि है।
19जो अपराध से प्रेम करता है,
वह लड़ाई-झगड़े से प्रेम करता है;
बढ़-बढ़कर बोलनेवाला मनुष्‍य
अपने पैरों पर कुल्‍हाड़ी मारता है।
20जो मनुष्‍य कुटिल हृदय का है,
वह कभी सफल न होगा;
कुटिल वचन बोलनेवाला
विपत्ति के गड्ढे में गिरता है।
21मूर्ख संतान अपने पिता के दु:ख का कारण
बनती है;
पिता नासमझ संतान से आनन्‍द नहीं पाता।
22आनन्‍दित रहनेवाला हृदय उत्तम दवा है।
निराश मन हड्डियों को भी सुखा देती है।
23दुर्जन न्‍याय को अन्‍याय में
बदलने के लिए
जेब में घूस स्‍वीकार करता है।#नि 23:8
24समझदार मनुष्‍य
बुद्धि की ओर दृष्‍टि करता है;
पर मूर्ख मनुष्‍य अन्‍धकार में
यहाँ-वहाँ टटोलता है।
25मुर्ख संतान अपने पिता के दु:ख का कारण है;
उसकी जननी उसके कारण दु:खित
रहती है।
26धार्मिक मनुष्‍य पर जुर्माना करना उचित
नहीं;
सज्‍जनों को कोड़ों से पीटना अन्‍याय है।
27जो मनुष्‍य अपनी वाणी पर संयम रखता है,
वह ज्ञानी है;
जिसका मन शान्‍त रहता है,
वह समझदार है।
28मूर्ख मनुष्‍य भी
यदि वह चुप रहता है
तो वह बुद्धिमान समझा जाता है।
जब वह मुंह बन्‍द रखता है
तब वह समझवाला गिना जाता है।#प्रव 20:5

वर्तमान में चयनित:

नीतिवचन 17: HINCLBSI

हाइलाइट

शेयर

कॉपी

None

Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in

YouVersion आपके अनुभव को वैयक्तिकृत करने के लिए कुकीज़ का उपयोग करता है। हमारी वेबसाइट का उपयोग करके, आप हमारी गोपनीयता नीति में वर्णित कुकीज़ के हमारे उपयोग को स्वीकार करते हैं।