2 राजा 24

24
1यहोयाकीम के राज्‍य-काल में बेबीलोन के राजा नबूकद-नेस्‍सर ने उस पर आक्रमण किया। फलत: वह तीन वर्ष तक उसके अधीन रहा। तत्‍पश्‍चात् उसने उससे सम्‍बन्‍ध-विच्‍छेद कर लिया और उससे विद्रोह कर दिया।#हब 1:6; यिर 25:1; दान 1:1 2प्रभु ने अपने वचन के अनुसार, जो उसने अपने सेवक नबियों के मुख से कहा था, यहोयाकीम के विरुद्ध तथा यहूदा प्रदेश को नष्‍ट करने के लिए कसदी, सीरियाई, मोआबी और अम्‍मोनी जाति के लुटेरों को भेजा। 3निस्‍सन्‍देह यहूदा प्रदेश पर यह विपत्ति प्रभु के आदेश से आई थी। प्रभु ने निश्‍चय कर लिया था कि वह यहूदा प्रदेश के निवासियों को अपनी दृष्‍टि से दूर कर देगा, क्‍योंकि राजा मनश्‍शे ने पाप-कर्म तथा अन्‍य दुष्‍कर्म किए थे। 4इनके अतिरिक्‍त मनश्‍शे ने बड़ी संख्‍या में निर्दोष लोगों का रक्‍त बहाया था। उसने यरूशलेम के एक छोर से दूसरे छोर तक निर्दोष रक्‍त की नदी बहाई थी। प्रभु ने उसको क्षमा नहीं किया था।
5यहोयाकीम के शेष कार्यों का विवरण, उसके सब कार्यों का विवरण, ‘यहूदा प्रदेश के राजाओं का इतिहास-ग्रन्‍थ’ में लिखा हुआ है। 6यहोयाकीम अपने मृत पूर्वजों के साथ सो गया। उसका पुत्र यहोयाकीन उसके स्‍थान पर राज्‍य करने लगा।
7मिस्र देश का राजा युद्ध के लिए फिर अपने देश से बाहर नहीं निकला; क्‍योंकि बेबीलोन के राजा ने फरात नदी से मिस्र की घाटी तक, जो कुछ मिस्र देश के राजा के अधिकार में था, सब उससे छीन लिया था।
यहूदा प्रदेश पर यहोयाकीन का राज्‍य
8जब यहोयाकीन राजा बना तब वह अठारह वर्ष का था। उसने तीन माह तक राजधानी यरूशलेम में राज्‍य किया। उसकी मां का नाम नहूश्‍ता था। वह यरूशलेम के निवासी एलनातान की पुत्री थी।#2 इत 36:9-10 9जैसे उसके पिता ने प्रभु की दृष्‍टि में बुरा कार्य किया था, उसने भी वही किया।
यहूदा प्रदेश से प्रथम निष्‍कासन
10उस समय बेबीलोन के राजा नबूकद-नेस्‍सर के सैनिकों ने यरूशलेम पर चढ़ाई की, और नगर को घेर लिया।#यिर 24:1; 52:28 11जब नबूकद-नेस्‍सर के सैनिक नगर को घेरे हुए थे, तब उसने स्‍वयं नगर पर आक्रमण कर दिया। 12अत: यहूदा प्रदेश के राजा यहोयाकीन, उसकी मां, उसके दरबारियों, राजकुमारों और राजमहल के खोजों ने बेबीलोन के राजा के सम्‍मुख आत्‍मसमर्पण कर दिया। बेबीलोन के राजा ने अपने राज्‍यकाल के आठवें वर्ष में#24:12 अर्थात् 597 ई. पू. यहोयाकीन को बन्‍दी बनाया। 13जैसा प्रभु ने कहा था, बेबीलोन का राजा प्रभु-मन्‍दिर तथा राजमहल का सारा खजाना लूटकर ले गया। वह प्रभु-मन्‍दिर के सोने के पात्र, जिनको इस्राएली राष्‍ट्र के राजा सुलेमान ने बनाया था, टुकड़े-टुकड़े कर ले गया।#2 रा 20:17
14बेबीलोन का राजा यरूशलेम के सब निवासियों, राजकुमारों और महाबली सैनिकों को बन्‍दी बनाकर ले गया। ये संख्‍या में कुल दस हजार बन्‍दी थे। इनमें कारीगर और लोहार भी थे। नगर में दीन-दरिद्रों को छोड़ और कोई नहीं बचा!
15बेबीलोन का राजा इन लोगों को भी बन्‍दी बनाकर यरूशलेम से बेबीलोन ले गया था: यहोयाकीन, उसकी मां, उसकी रानियां, उसके उच्‍चाधिकारी और नगर के प्रमुख व्यक्‍ति।#यहेज 1:2; 17:12
16बेबीलोन का राजा बन्‍दियों को बेबीलोन में लाया। बन्‍दियों में सात हजार शक्‍तिशाली सैनिक, एक हजार कारीगर और लोहार थे। ये सब बलवान और युद्ध के सर्वथा योग्‍य थे।
17बेबीलोन के राजा ने यहोयाकीन के चाचा मत्तन्‍याह को उसके स्‍थान पर राजा नियुक्‍त किया। उसने मत्तन्‍याह का नाम बदल दिया, और उसका नाम सिदकियाह रखा।#यिर 37:1
यहूदा प्रदेश पर सिदकियाह का राज्‍य
18जब सिदकियाह राजा बना तब वह इक्‍कीस वर्ष का था। उसने ग्‍यारह वर्ष तक राजधानी यरूशलेम में राज्‍य किया। उसकी मां का नाम हमूटल था। वह लिब्‍नाह नगर के यिर्मयाह की पुत्री थी।#2 इत 36:11-21; यिर 52:1-27 19जैसे यहोयाकीन ने प्रभु की दृष्‍टि में बुरा किया था, वैसे उसने भी किया।
यरूशलेम नगर का पतन
20यरूशलेम नगर और यहूदा प्रदेश ने प्रभु को इतना क्रुद्ध किया कि अन्‍त में प्रभु ने अपने सम्‍मुख से उनको दूर कर दिया।#यहेज 17:15

वर्तमान में चयनित:

2 राजा 24: HINCLBSI

हाइलाइट

शेयर

कॉपी

None

Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in

YouVersion आपके अनुभव को वैयक्तिकृत करने के लिए कुकीज़ का उपयोग करता है। हमारी वेबसाइट का उपयोग करके, आप हमारी गोपनीयता नीति में वर्णित कुकीज़ के हमारे उपयोग को स्वीकार करते हैं।