2 राजा 15

15
यहूदा प्रदेश पर अजर्याह (ऊज्‍जियाह) का राज्‍य
1इस्राएल प्रदेश के राजा यारोबआम के राज्‍यकाल के सत्ताइसवें वर्ष में यहूदा प्रदेश का राजा अजर्याह बेन-अमस्‍याह राज्‍य करने लगा। 2जब उसने राज्‍य करना आरम्‍भ किया तब वह सोलह वर्ष का था। उसने बावन वर्ष तक यरूशलेम नगर में राज्‍य किया। उसकी मां का नाम यकोलियाह था। वह यरूशलेम नगर की रहने वाली थी।#2 इत 26:3-4 3जैसे उसके पिता अमस्‍याह ने उन कार्यों को किया था जो प्रभु की दृष्‍टि में उचित थे, वैसे ही उसने भी किया। 4फिर भी पहाड़ी शिखर की वेदियां नहीं तोड़ी गईं। लोग उन पर पशु-बलि चढ़ाते और सुगन्‍धित धूप-द्रव्‍य जलाते रहे। 5प्रभु ने राजा को कुष्‍ठ-रोग से पीड़ित कर दिया। वह मृत्‍यु-पर्यन्‍त कुष्‍ठ-रोगी रहा। वह अलग महल में रहता था। उसका पुत्र योताम राजपरिवार की व्‍यवस्‍था करता था। योताम ही जनता पर शासन और उनका न्‍याय करता था।#2 इत 26:20-23#लेव 13:46 6अजर्याह के शेष कार्यों का विवरण, उसके समस्‍त कार्यों का विवरण, ‘यहूदा प्रदेश के राजाओं का इतिहास-ग्रन्‍थ’ में लिखा हुआ है। 7अजर्याह अपने मृत पूर्वजों के साथ सो गया। उसको उसके पूर्वजों के साथ दाऊद-पुर में गाड़ा गया। उसका पुत्र योताम उसके स्‍थान पर राज्‍य करने लगा।#यश 6:1; मी 1:1
इस्राएल प्रदेश पर जकर्याह का राज्‍य
8यहूदा प्रदेश के राजा अजर्याह के राज्‍य-काल के अड़तीसवें वर्ष में जकर्याह बेन-यारोबआम ने इस्राएल प्रदेश पर सामरी नगर में छ: महीने तक राज्‍य किया। 9जैसे उसके पूर्वजों ने उन कार्यों को किया था जो प्रभु की दृष्‍टि में बुरे थे, वैसे ही उसने भी किया। जैसे यारोबआम बेन-नबाट ने इस्राएली जनता से पाप कराए थे, वैसे उसने भी कराए। वह यारोबआम बेन-नबाट के पाप-मार्ग से विमुख नहीं हुआ।
10शल्‍लूम बेन-याबेश ने उसके विरुद्ध षड्‍यन्‍त्र रचा। उसने इब्‍लआम नगर में#15:10 मूल में, ‘जनता के सामने’। जकर्याह पर हमला किया, और उसको मार डाला। तत्‍पश्‍चात् वह उसके स्‍थान पर राज्‍य करने लगा।
11जकर्याह के शेष कार्यों का विवरण ‘इस्राएल प्रदेश के राजाओं का इतिहास-ग्रन्‍थ’ में लिखा हुआ है। 12यों प्रभु का यह वचन, जो उसने येहू से कहा था, पूरा हुआ : ‘केवल चौथी पीढ़ी तक तेरे वंशज इस्राएल के सिंहासन पर बैठेंगे’।#2 रा 10:30
इस्राएल प्रदेश पर शल्‍लूम का राज्‍य
13यहूदा प्रदेश के राजा ऊज्‍जियाह#15:13 अर्थात् ‘अजर्याह’, जो अपने दीर्घ शासनकाल के कारण अधिकतर ‘ऊज्‍जियाह’ (मेरा सामर्थ्य प्रभु ही है) कहलाता है। के राज्‍य-काल के उन्‍तालीसवें वर्ष में शल्‍लूम बेन-याबेश ने राज्‍य करना आरम्‍भ किया। उसने केवल एक महीने तक सामरी नगर में राज्‍य किया। 14तब मनहेम बेन-गादी ने तिर्साह नगर से उस पर चढ़ाई की। मनहेम सामरी नगर में आया। उसने वहीं शल्‍लूम पर हमला किया, और उसको मार डाला। तत्‍पश्‍चात् वह उसके स्‍थान पर राज्‍य करने लगा।
15शल्‍लूम के शेष कार्यों का विवरण, उसके षड्‍यन्‍त्र का विवरण, ‘इस्राएल प्रदेश के राजाओं का इतिहास-ग्रन्‍थ’ में लिखा हुआ है।
16तब मनहेम ने तप्‍पूह#15:16 मूल में, ‘तिप्‍सह’। नगर पर आक्रमण किया। उसने नगर को तथा नगर निवासियों को नष्‍ट कर दिया। उसने तिर्साह नगर से तप्‍पूह नगर की सीमाओं तक समस्‍त क्षेत्र को उजाड़ दिया। लोगों ने तप्‍पूह नगर का प्रवेश-द्वार उसके लिए नहीं खोला था। इसलिए उसने उसको नष्‍ट कर दिया। उसने नगर की गर्भवती स्‍त्रियों के पेट चीर दिए।
इस्राएल प्रदेश पर मनहेम का राज्‍य
17यहूदा प्रदेश के राजा अजर्याह के राज्‍य-काल के उनतालीसवें वर्ष में मनहेम बेन-गादी ने इस्राएल प्रदेश पर राज्‍य करना आरम्‍भ किया। उसने राजधानी सामरी नगर में दस वर्ष तक राज्‍य किया। 18जो कार्य प्रभु की दृष्‍टि में बुरा था, उसने वही किया। जैसे यारोबआम बेन-नबाट ने इस्राएली जनता से पाप-कर्म कराए थे, वैसे ही उसने भी कराए। वह अपने जीवन भर यारोबआम के पाप-मार्ग से विमुख नहीं हुआ।
19मनहेम के राज्‍य-काल में असीरिया देश के राजा पूल#15:19 अर्थात् ‘तिग्‍लत-पलेसेर’। ने इस्राएल प्रदेश पर चढ़ाई की। मनहेम ने पूल को लगभग पैंतीस हजार किलो चांदी दी, ताकि राजा पूल उसके हाथ में राजसत्ता को दृढ़ करने में उसकी सहायता करे। 20मनहेम ने पूल को यह चांदी देने के लिए इस्राएल प्रदेश के सब धनी-मानी लोगों पर कर लगाया; प्रत्‍येक व्यक्‍ति को आधा किलो चांदी देनी पड़ी। अत: असीरिया देश का राजा पूल इस्राएल प्रदेश में नहीं ठहरा। वह अपने देश को लौट गया।
21मनहेम के शेष कार्यों का विवरण, उसके सब कार्यों का विवरण, ‘इस्राएल प्रदेश के राजाओं का इतिहास-ग्रन्‍थ’ में लिखा हुआ है। 22मनहेम अपने मृत पूर्वजों के साथ सो गया। उसका पुत्र पकहयाह उसके स्‍थान पर राज्‍य करने लगा।
इस्राएल प्रदेश पर पकहयाह का राज्‍य
23यहूदा प्रदेश के राजा अजर्याह के राज्‍यकाल के पचासवें वर्ष में पकहयाह बेन-मनहेम इस्राएल प्रदेश पर सामरी नगर में राज्‍य करने लगा। उसने दो वर्ष तक राज्‍य किया। 24जो कार्य प्रभु की दृष्‍टि में बुरा था, उसने वही किया। जैसे यारोबआम बेन-नबाट ने इस्राएली जनता से पाप-कर्म कराए थे, वैसा ही उसने भी कराए। वह यारोबआम के पाप-मार्ग से विमुख नहीं हुआ। 25पेकह बेन-रमलयाह ने, जो उसका सेना-नायक था, उसके विरुद्ध षड्‍यन्‍त्र रचा। उसने गिलआद क्षेत्र के पचास सैनिकों के साथ#15:25 मूल में, ‘अर्गोब तथा अर्ये की सहायता से’। संदिग्‍ध पाठ। सामरी नगर में पकहयाह पर हमला किया, और राजमहल की गढ़ी में उसको मार डाला। वह उसके स्‍थान पर राज्‍य करने लगा।
26पकहयाह के शेष कार्यों का विवरण, उसके सब कार्यों का विवरण, ‘इस्राएल प्रदेश के राजाओं का इतिहास-ग्रन्‍थ’ में लिखा हुआ है।
इस्राएल प्रदेश पर पेकह का राज्‍य
27यहूदा प्रदेश के राजा अजर्याह के राज्‍यकाल के बावनवें वर्ष में पेकह बेन-रमलयाह ने इस्राएल प्रदेश पर सामरी नगर में राज्‍य करना आरम्‍भ किया। उसने बीस वर्ष तक राज्‍य किया। 28जो कार्य प्रभु की दृष्‍टि में बुरा था, उसने वही किया। जैसे यारोबआम बेन-नबाट ने इस्राएली जनता से पाप-कर्म कराए थे, वैसा ही उसने भी कराए। वह यारोबआम के पाप-मार्ग से विमुख नहीं हुआ।
29इस्राएल के राजा पेकह के राज्‍य-काल में असीरिया देश के राजा तिग्‍लत-पलेसेर ने आक्रमण किया। उसने इन नगरों और प्रदेशों पर कब्‍जा कर लिया : इय्‍योन, आबेल बेत-माकाह, यानोह, केदेश, हासोर, गिलआद, तथा गलील और नफ्‍ताली का समस्‍त प्रदेश। वह लोगों को बन्‍दी बनाकर असीरिया देश ले गया।
30तब होशे बेन-एलाह ने पेकह बेन-रमलयाह के विरुद्ध षड्‍यन्‍त्र रचा। उसने उस पर हमला किया और उसको मार डाला। वह योताम बेन-ऊज्‍जियाह के राज्‍य-काल के बीसवें वर्ष में पेकह के स्‍थान पर राज्‍य करने लगा।
31पेकह के शेष कार्यों का विवरण, उसके समस्‍त कार्यों का विवरण, ‘इस्राएल प्रदेश के राजाओं का इतिहास-ग्रन्‍थ’ में लिखा हुआ है।
यहूदा प्रदेश पर योताम का राज्‍य
32इस्राएल प्रदेश के राजा पेकह बेन-रमलयाह के राज्‍य-काल के दूसरे वर्ष में यहूदा प्रदेश के राजा ऊज्‍जियाह के पुत्र योताम ने राज्‍य करना आरम्‍भ किया। 33जब उसने राज्‍य करना आरम्‍भ किया तब वह पच्‍चीस वर्ष का था। उसने सोलह वर्ष तक राजधानी यरूशलेम में राज्‍य किया। उसकी मां का नाम यरूशा था। वह सादोक की पुत्री थी।#2 इत 27:1-3
34जैसे उसके पिता ऊज्‍जियाह ने उन कार्यों को किया, जो प्रभु की दृष्‍टि में उचित थे, वैसे उसने भी किया। 35फिर भी पहाड़ी शिखर की वेदियां नहीं तोड़ी गईं। लोग उन पर पशु-बलि चढ़ाते और सुगन्‍धित धूप-द्रव्‍य जलाते रहे।
योताम ने प्रभु के भवन का ऊपरवाला द्वार फिर से बनवाया था।
36योताम के शेष कार्यों का विवरण, उसके समस्‍त कार्यों का विवरण, ‘यहूदा प्रदेश के राजाओं का इतिहास-ग्रन्‍थ’ में लिखा हुआ है।
37योताम के राज्‍य-काल में प्रभु सीरिया के राजा रसीन और इस्राएल प्रदेश के राजा पेकह बेन-रमलयाह को यहूदा प्रदेश पर आक्रमण के उद्देश्‍य से भेजने लगा।
38तब योताम अपने मृत पूर्वजों के साथ सो गया। उसको उसके पूर्वजों के साथ उसके पूर्वज दाऊद के नगर में गाड़ा गया। उसका पुत्र आहाज उसके स्‍थान पर राज्‍य करने लगा।#2 इत 27:9

वर्तमान में चयनित:

2 राजा 15: HINCLBSI

हाइलाइट

शेयर

कॉपी

None

Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in

YouVersion आपके अनुभव को वैयक्तिकृत करने के लिए कुकीज़ का उपयोग करता है। हमारी वेबसाइट का उपयोग करके, आप हमारी गोपनीयता नीति में वर्णित कुकीज़ के हमारे उपयोग को स्वीकार करते हैं।