सर्वश्रेष्ठ गीत 8

8
1कैसा होता यदि आप मेरे लिए मेरे भाई के समान होते,
मेरी माता की छाती का दूध पीते हुए!
और तब, आप मुझे बाहर कहीं दिख जाते,
तो मैं आपको चूम लेती;
इससे मुझे कोई भी तुच्छ नज़रों से न देखते.
2मैं आपको अपने साथ यहां ले आती,
अपनी माता के घर में,
जिन्होंने मुझे शिक्षा दी है.
मैं आपको अपने अनारों के रस से
बनी हुई उत्तम दाखमधु परोसती.
3उनका बायां हाथ मेरे सिर के नीचे होता,
तथा दाएं हाथ से वह मेरा आलिंगन करते.
4येरूशलेम की कन्याओ, मुझे वचन दीजिए,
जब तक सही समय न आए,
मेरे प्रेम को मत जगाइएगा.
मित्रगण
5बंजर भूमि से यह कौन चले आ रहे हैं,
जो उनकी प्रियतम का सहारा लिए हुए हैं?
नायिका
सेब के पेड़ के नीचे मैंने आपको जगा दिया;
वहां आपकी माता आपको जन्म देती हुई प्रसव पीड़ा में थीं,
वह प्रसव पीड़ा में थीं तथा उन्होंने आपको जन्म दे दिया.
6अपने हृदय पर मुझे एक मोहर जैसे लगा लीजिए,
हाथ पर मोहर के समान;
प्रेम उतना ही सामर्थ्यी है, जितनी मृत्यु,
ईर्ष्या उतनी ही निर्दयी, जितनी मृत्यु.
उसकी ज्वाला आग की ज्वाला है,
जो वास्तव में यहोवाह ही की ज्वाला है.
7पानी की बाढ़ भी प्रेम को बुझाने में असमर्थ होती है;
नदी में आई बाढ़ इसे डुबोने में असफल रहती है.
यदि कोई व्यक्ति
प्रेम के लिए अपनी सारी संपत्ति भी देना चाहें,
तौभी यह संपत्ति तुच्छ ही होगी.
मित्रगण
8हमारी एक छोटी बहन है,
उस आयु की,
जब उनमें जवानी के लक्षण दिखने शुरू नहीं हुए हैं,
उनकी छातियां उभरी नहीं हैं.
अब यदि कोई हमारी बहन के लिए विवाह की बात चलाएं,
तो हम क्या करेंगे?
9यदि वह शहरपनाह होतीं,
तो हम उन पर चांदी के खंभे बनाते;
परंतु यदि वह एक फाटक होतीं,
तो हम उन पर देवदार के तख्ते लगवा देते.
नायिका
10मैं शहरपनाह थी,
तथा मेरे स्तन खंभे के समान थे.
तब मैं अपने प्रेमी की नज़र में
शांति लाने वाली के समान हो गई.
11बाल-हामोन में शलोमोन का एक अंगूर का बगीचा था;
यह उन्होंने रखवालों को सौंप दिया था.
हर एक के लिए एक शर्त थी,
कि वह इसके फलों के लिए एक हज़ार शेकेल चांदी लाएं.
12मेरा अपना अंगूर का बगीचा मेरी जवाबदारी है;
शलोमोन, एक हज़ार शेकेल पर आपका अधिकार है,
दो सौ उनके लिए हैं, जो इसके फलों की रक्षा करते रहते हैं.
नायक
13आप सभी, जो बगीचों में रहते हैं,
मेरे साथी आपकी आवाज़ सुनने के लिए इच्छुक बने रहते हैं.
कब सुन सकूंगा, मैं वह आवाज़?
नायिका
14मेरे प्रेमी, देर मत करिए,
आपकी चाल सुगंध द्रव्य के पहाड़ों पर से आते हुए हिरण
अथवा जवान हिरण के समान तेज हो.

वर्तमान में चयनित:

सर्वश्रेष्ठ गीत 8: HCV

हाइलाइट

कॉपी

तुलना

शेयर

None

Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in