सर्वश्रेष्ठ गीत 1
1
1शलोमोन द्वारा रचित सर्वश्रेष्ठ गीत.
नायिका
2वह अपने मुख के चुम्बनों से मेरा चुंबन करें!
क्योंकि आपका प्रेम दाखमधु से भी उत्तम है.
3आपके विभिन्न ईत्रों की सुगंध सुखद है,
आपका नाम उंडेले हुए इत्र के समान है;
इसलिये आश्चर्य नहीं कि आप कन्याओं के आकर्षण का केंद्र हैं.
4मुझे अपने साथ बाहर ले चलिए; आइए जल्दी से चलें!
राजा मुझे अपने कमरों में ले आएं.
सहेलियां
हम आप में आनंदित और मगन होंगे;
हम दाखमधु से भी ज्यादा आपके प्रेम का गुणगान करेंगे.
नायिका
ठीक ही है आपके प्रति उन लोगों का आकर्षण.
5मेरा रंग सांवला तो अवश्य है, परंतु मैं सुंदर हूं,
हे येरूशलेम की कन्याओ,
केदार के तंबुओं के समान,
शलोमोन के पर्दों के समान.
6मुझे इस तरह से मत देखिए कि मैं सांवली हूं,
यह तो धूप में झुलसने के कारण हुआ है.
मेरी माता के पुत्र मुझ पर गुस्सा हो गए;
उन्होंने मुझे अंगूर के बगीचे की देखरेख की जवाबदारी सौंप दी,
परंतु मैं खुद ही अपने अंगूर के बगीचे का ध्यान न रख सकी.
7मेरे प्राणप्रिय, मुझे यह तो बता दीजिए, कहां हैं वे चरागाह,
जहां आप अपनी भेड़-बकरियां चराते हैं,
वह कौन सी जगह है जहां आप दोपहर में उन्हें आराम के लिए बैठा देते हैं?
क्योंकि मैं आपके साथियों की भेड़-बकरियों के पास उन नारी के समान क्यों बनूं,
जो अपना मुंह छिपाए रखती हैं?
मित्रगण
8हे स्त्रियों में परम सुंदरी,
यदि स्वयं आपको ही यह मालूम नहीं है,
तो भेड़-बकरियों के पांवों के निशानों का अनुसरण करते जाइए
और अपने मेमनों को चरवाहों के
तंबुओं के पास चराइए.
नायक
9हे मेरी प्रियतमा, मेरे लिए आप वैसी ही हैं,
जैसी फ़रोह के रथों के बीच मेरी घोड़ी.
10गहनों के साथ आपके गाल क्या ही सुंदर लगते हैं,
वैसे ही हीरों के हार के साथ आपकी गर्दन.
11हम आपके लिए ऐसे गहने गढ़ेंगे,
जो चांदी में जड़े हुए सोने के होंगे.
नायिका
12जब महाराज बैठे हुए थे,
मेरा इत्र अपनी खुशबू फैला रहा था.
13मेरे प्रियतम मेरे लिए उस गन्धरस की थैली हैं,
जो सारी रात मेरे स्तनों के बीच रहती है.
14मेरे प्रियतम मेरे लिए मेंहदी के फूलों के गुच्छे के समान हैं,
जो एन-गेदी के अंगूरों के बगीचों में पाए जाते हैं.
नायक
15हे मेरी प्रियतमा, कितनी सुंदर हैं आप!
ओह, आप वास्तव में कितनी सुंदर हैं!
आपकी आंखें कबूतरी के समान हैं.
नायिका
16कितने सुंदर लगते हैं, आप, मेरे प्रियतम!
तथा आनन्द-दायक भी!
वास्तव में कितना भव्य है हम दोनों का बिछौना.
नायक
17हमारे घरों की कड़ियां देवदार की हैं;
तथा छतें सनोवर की.
वर्तमान में चयनित:
सर्वश्रेष्ठ गीत 1: HCV
हाइलाइट
कॉपी
तुलना
शेयर
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
Holy Bible, Hindi Contemporary Version™ | Copyright © 2016, 2019, 2026 by Biblica, Inc. | Used with permission. All rights reserved worldwide.