गणना 9

9
फ़सह उत्सव
1मिस्र देश से निकलने के बाद दूसरे वर्ष के पहले महीने में सीनायी के निर्जन प्रदेश में यहोवाह ने मोशेह को यह आज्ञा दी, 2“अब यह संभव है कि इस्राएल का घराना ठहराए गए समय पर फ़सह उत्सव को मनाया करे. 3इसी माह के चौदहवें दिन पर गोधूली के अवसर पर ठहराए गए समय पर आप लोग फ़सह उत्सव मनाया करेंगे. आप लोग यह इसकी सारी विधियों एवं नियमों के अनुसार करेंगे.”
4फिर मोशेह ने सारे इस्राएल के घराने को फ़सह उत्सव मनाने का आदेश दिया, 5इस्राएल के घराने ने पहले माह के चौदहवें दिन सूर्यास्त के समय में सीनायी के निर्जन प्रदेश में मोशेह को दिए गए यहोवाह के आदेश के अनुसार इस उत्सव को मनाया.
6किंतु उनमें कुछ व्यक्ति ऐसे भी थे, जो शव को छूने के कारण इस अवसर पर अशुद्ध हो चुके थे. परिणामस्वरूप वे उस दिन उनके लिए फ़सह उत्सव न मना सके; तब वे उसी समय मोशेह तथा अहरोन से पूछताछ करने पहुंचे. 7वे मोशेह से कहने लगे, “यद्यपि हम शव छूने के कारण इस समय अपवित्र हैं, हमें अन्य इस्राएल के घराने के साथ यहोवाह को भेंट चढ़ाने से दूर क्यों रखा जा रहा है?”
8मोशेह ने उन्हें उत्तर दिया, “धीरज रखिए. मैं इस विषय में यहोवाह की इच्छा मालूम करूंगा.”
9यहोवाह ने मोशेह से कहा, 10“इस्राएल के घराने को सूचित करिए, ‘यदि आप लोगों के बीच कोई व्यक्ति शव को छूने से अपवित्र हो जाते हैं, अथवा यदि कोई यात्रा में किसी दूसरे स्थान पर हैं, तो वह फिर भी यहोवाह के लिए फ़सह उत्सव को मना सकेंगे, 11परंतु द्वितीय महीने की चौदहवीं तिथि पर सूर्यास्त के समय में. वे इसको खमीर रहित रोटी तथा कड़वे साग-पात के साथ खाने के द्वारा मना सकेंगे. 12वे कोई भी अंश सुबह के समय तक बचा न रहने देंगे, और न ही पशु की कोई हड्डी तोड़ी जाए. वे फ़सह उत्सव की सभी विधियों का पालन करेंगे. 13किंतु वह व्यक्ति, जो सांस्कारिक रूप से शुद्ध हैं तथा जो यात्रा पर भी नहीं हैं और फिर भी वह फ़सह उत्सव को नहीं मनाते हैं, उस व्यक्ति को अपने लोगों के बीच में से मिटा दिया जाए, क्योंकि उन्होंने ठहराए गए अवसर पर यहोवाह के लिए बलि नहीं चढ़ाई. वह व्यक्ति स्वयं ही अपने पाप का भार उठाएंगे.
14“ ‘आप लोगों के बीच रह रहे विदेशी एवं देशी सभी लोगों के लिए एक ही विधि लागू होगी. यदि आप लोगों के बीच में कोई विदेशी व्यक्ति रह रहे हैं, और वह फ़सह उत्सव से संबंधित विधियों एवं नियमों के अनुसार यहोवाह के लिए फ़सह उत्सव को मनाने की इच्छा रखते हैं, तो उन्हें यह करने दिया जाए.’ ”
पवित्र निवासस्थान पर बादल का छा जाना
15जिस दिन पवित्र निवासस्थान, अर्थात्, साक्षी के तंबू की स्थापना पूरी हुई एक विशेष बादल ने उसको छा लिया. सूर्यास्त के बाद से लेकर सुबह तक यह पवित्र निवासस्थान पर आग के समान दिखाई देता रहा. 16यह दृश्य नित्य होने लगा: दिन के समय बादल छा जाना, तथा रात में आग का दर्शन. 17इस्राएलियों की पूरी यात्रा में जब-जब बादल पवित्र निवासस्थान के ऊपर से उठता, तब-तब उनके लिए यह वहां से कूच करने का संदेश हुआ करता था, तथा जहां कहीं वह बादल रुक जाता था, वहां इस्राएली डेरा डाल देते थे. 18यहोवाह के आदेश पर ही इस्राएली कूच कर देते तथा यहोवाह के आदेश पर ही वे डेरा डाला करते थे. जब यह बादल पवित्र निवासस्थान पर स्थिर रहता था तब वे डेरा डाले रहते थे. 19यहां तक कि जब यह बादल बहुत समय के लिए पवित्र निवासस्थान पर ठहरा रहता था, तब वे वहीं डेरा डाले रहते थे. 20यदि वह बादल पवित्र निवासस्थान पर कुछ ही दिन के लिए ठहरा रहता था, तो वे यहोवाह के आदेश के अनुसार डेरा डाले रहते थे और जब चलने के लिए यहोवाह का आदेश होता था, तब वे कूच कर देते थे. 21कभी कभी यह बादल सिर्फ शाम से सुबह तक ठहरता था और जब यह बादल सुबह उठ जाता था, तो वे कूच कर देते थे. जब कभी, चाहे दिन में या रात में यह बादल उठता था, वे कूच कर देते थे. 22चाहे यह बादल पवित्र निवासस्थान पर दो दिन ठहरे, या एक महीना, या इससे भी अधिक, इस्राएली डेरा डाले हुए रहते थे, कूच नहीं करते थे; किंतु जब यह बादल ऊपर उठ जाता था, वे कूच कर देते थे. 23वे यहोवाह के आदेश पर डेरा डालते थे, यहोवाह के ही आदेश पर कूच करते थे. वे यहोवाह के आदेश के प्रति सतर्क थे, उस आदेश के विषय में, जिसे मोशेह द्वारा यहोवाह ने उन्हें दिया था.

वर्तमान में चयनित:

गणना 9: HCV

हाइलाइट

कॉपी

तुलना

शेयर

None

Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in