गणना 18

18
पुरोहितों और लेवियों के कर्तव्य
1इसके बाद यहोवाह ने अहरोन से कहा, “आप, आपके पुत्र एवं आपका घराना पवित्र निवास से संबंधित अधर्म का भार उठाएंगे, वैसे ही आप और आपके पुत्र, आपके साथ पुरोहितीय ज़िम्मेदारियों से संबंधित अधर्म के लिए भार उठाएंगे. 2किंतु लेवी के गोत्र, अर्थात्, आप अपने पिता के गोत्र में से अपने भाइयों को भी अपने साथ ले आएं कि जब आप और आपके पुत्र, आपके साथ पवित्र निवासस्थान, अर्थात् साक्षी के तंबू के सामने ठहरे हुए हों, तब वे आपके साथ ही सेवा में मदद कर सकें. 3इस प्रकार वे आपके प्रति एवं पवित्र निवासस्थान के प्रति अपनी ज़िम्मेदारियों को उठाएंगे, किंतु वे पवित्र निवास की वस्तुओं और वेदी के पास नहीं आएंगे, नहीं तो उनकी एवं आपकी मृत्यु तय है. 4वे आपके साथ मिलकर मिलनवाले तंबू से संबंधित सभी कार्यों को भी निभाएंगे; किंतु किन्हीं भी अन्य व्यक्ति को आपके निकट आने की अनुमति नहीं है.
5“पवित्र निवास एवं वेदी से संबंधित कार्यों को निभाना आपकी ज़िम्मेदारी है कि इस्राएल के घराने पर दोबारा मेरा क्रोध न आने पाए. 6यह ध्यान रहे, स्वयं मैंने सारे इस्राएल में से आपके साथी लेवियों को अपने लिए अलग कर लिया है. वे आपके लिए भेंट हैं. वे यहोवाह को समर्पित हैं, कि वे मिलनवाले तंबू से संबंधित सेवाएं समर्पित करते रहें. 7किंतु आप तथा आपके साथ आपके पुत्र आपके पुरोहित पद में, वेदी से संबंधित कार्य में, आपके सहायक रहेंगे, जबकि आप इन सेवकों से संबद्ध रहेंगे, यह पुरोहित पद आपके लिए मेरे द्वारा दी गई ज़िम्मेदारी है, किंतु यदि कोई भी दूसरे व्यक्ति वेदी अथवा पर्दे के निकट पवित्र निवास में जा पहुंचते हैं, तो उनके लिए मृत्युदण्ड ठहराया गया है.”
पुरोहितों के अधिकार
8इसके बाद यहोवाह ने अहरोन पर यह स्पष्ट किया, “अब आप यह भी समझ लीजिए: स्वयं मैंने आपको उन सारी भेंटों का ज़िम्मेदार नियुक्त किया है, जो इस्राएल के घराने के द्वारा मुझे भेंट की जाती है. ये सभी पवित्र की हुई वस्तुएं मैंने आपको तथा आपके पुत्रों को हमेशा का भाग बनाकर दे दिया है. 9यह आपके लिए निर्धारित भाग होगा, जो अति पवित्र भेंटों में से आग से बचाकर रखी जाती है. यह इस्राएल के घराने के द्वारा प्रस्तुत हर एक भेंट में से आपका भाग होगा, हर एक अन्‍नबलि में से, हर एक पापबलि में से, हर एक दोष बलि में से, जो वे मुझे अर्पण करेंगे, आपके लिए, आपके पुत्रों के लिए अति पवित्र भेंटें होंगी. 10आप इनको अति पवित्र भेंटों के रूप में खाया करेंगे. यह हर एक पुरुष के लिए पवित्र अंश होगा.
11“इनके अलावा यह भी आपका ही भाग होगा: उनके द्वारा अर्पण भेंटें तथा इस्राएल के घराने द्वारा लहराने की भेंटें. यह मैंने आपके लिए तथा आपके पुत्रों और पुत्रियों के लिए, आपके साथ हमेशा का भाग ठहरा दिया है. आपके घर-परिवार के हर एक सदस्य जो सांस्कारिक रीति से पवित्र हैं इसको खा सकते हैं.
12“सारे नए जैतून के तेल में से सबसे अच्छा, नए दाखरस में से सबसे अच्छा, नई उपज में से, पहले फलों में से, जो उनके द्वारा यहोवाह को अर्पण किए जाते हैं, मैं आपको दे रहा हूं. 13उनके देश के सभी फलों में से जो सबसे पहला पका फल होगा, जिसे वे यहोवाह को अर्पण करने के लिए लाते हैं, वह आपका होगा. आपके घर-परिवार के हर एक सदस्य जो सांस्कारिक रीति से पवित्र हैं, इसको खा सकते हैं.
14“इस्राएल देश में बलि के लिए समर्पित हर एक वस्तु आपकी होगी. 15हर एक जीवधारी का पहलौठा, चाहे वह मनुष्य का हो या पशु का, जिसे वे यहोवाह को अर्पण करने लाते हैं, आपका होगा; फिर भी मनुष्य के पहलौठे को आप दाम लेकर छोड़ देंगे, वैसे ही अपवित्र घोषित पशुओं के पहलौठे को भी आप दाम लेकर छोड़ दें. 16एक महीने के ऊपर की आयु के पशु के लिए आप अपने आंकलन के आधार पर छुड़ाने का मूल्य तय करेंगे; जो पवित्र निवास की तौल के अनुसार चांदी के पांच शेकेल होंगे, जो बीस गेराह के बराबर होता है.
17“किंतु गाय, भेड़ अथवा बकरी के पहलौठे को दाम लेकर न छोड़ें, ये सब पवित्र पशु हैं. आप इनका रक्त वेदी पर छिड़केंगे तथा उनकी चर्बी अग्निबलि में जला देंगे, जो यहोवाह के सामने सुखद-सुगंध हो जाएगा. 18इन पशुओं का मांस आपके खाने के लिए होगा, जिस प्रकार लहराए जानेवाली बलि की छाती तथा दायीं जांघ. 19वे सभी पवित्र भेंटें, जो इस्राएली यहोवाह को चढ़ाते हैं, मैंने आपके लिए एवं आपके पुत्र-पुत्रियों के लिए हमेशा का अंश ठहरा दिया है. यह आपके तथा आपके साथ आपके वंशजों की यहोवाह के सामने हमेशा की नमक की वाचा#18:19 नमक की वाचा जिस तरह सभी खाद्य पदार्थों में नमक एक अभिन्न अंग है, उसी तरह यह एक अपरिवर्तनीय नियम होगा. होगी.”
20इसके बाद यहोवाह ने अहरोन से उनके सामने कहा, “जो देश इस्राएल के घराने को दिया जा रहा है, उसमें आपकी कोई भी मीरास नहीं रहेगी, और उसमें न ही आपका कोई भाग होगा. आपका भाग मैं हूं, इस्राएल के घराने के बीच में मैं ही आपकी मीरास हूं.
21“याद रहे, लेवी के वंशजों को मैंने उनके द्वारा मिलनवाले तंबू में की जा रही सेवा के प्रतिफल के रूप में, इस्राएलियों का पूरा दसवां भाग मीरास के रूप में दे दिया है. 22इस्राएली इसके बाद मिलनवाले तंबू के पास नहीं आएंगे; नहीं तो इसके दोषी होने के कारण वे इसका दंड जो मृत्यु है, भोगेंगे. 23मिलनवाले तंबू से संबंधित सेवाएं सिर्फ लेवियों का कार्य है. अपने अधर्म का दंड वे ही भोगेंगे. यह आपकी सारी पीढ़ियों के लिए ठहराया गया हमेशा का नियम है. इस्राएल के घराने के बीच उनके लिए कोई भी हिस्सा नहीं बांटा गया है. 24क्योंकि इस्राएलियों का दसवां भाग, जो वे भेंट के रूप में यहोवाह को चढ़ाते हैं, मैंने लेवियों को दे दिया है; इसलिये मैंने उनके विषय में यह कहा है ‘इस्राएल के घराने के बीच में उनके लिए कोई भी हिस्सा नहीं रखा गया है.’ ”
25इसके बाद यहोवाह ने मोशेह को आज्ञा दी, 26“इसके अलावा आप लेवियों को यह सूचित करेंगे: ‘जब आप लोग इस्राएल के घराने से वह दसवां भाग ग्रहण करते हैं, जो मैंने उनसे लेकर आप लोगों को आप लोगों के हिस्से के रूप में दिया है, तब आप लोग उसमें से एक अंश यहोवाह को भेंट करेंगे; दसवें भाग में से दसवां अंश. 27आप लोगों की यह भेंट खलिहान पर से इकट्ठा किया गया अन्‍न, या दाखरस कुंड की पूरी उत्पाद मानी जाएगी. 28इस प्रकार आप लोग भी यहोवाह को अपने दसवें भाग में से एक अंश भेंट के रूप में चढ़ाएंगे, जिसे आप लोग इस्राएल के घराने से प्राप्‍त करेंगे. आप लोग इस भाग में से पुरोहित अहरोन को यहोवाह के लिए चढ़ाई भेंट दिया करेंगे. 29आप लोग अपनी सभी भेंटों में से यहोवाह के लिए ठहराई गई हर एक भेंट चढ़ाएंगे; उन सब में से, जो सबसे उत्तम है, जो उनमें एक पवित्र अंश है.’
30“आप उन्हें सूचित करेंगे, ‘जब आप लोगों ने इसमें से सबसे उत्तम भेंट दिया है, तब जो शेष रह जाएगा, वह लेवियों के लिए खलिहान का उत्पाद तथा दाखरस कुंड का उत्पाद माना जाएगा. 31आप लोग इसको कहीं भी खा सकते हैं, आप लोग तथा आपके घर-परिवार; क्योंकि यह मिलनवाले तंबू के लिए आप लोगों के द्वारा की जा रही सेवा के बदले में होगा. 32जब तक आप लोग इसमें से सर्वोत्तम भेंट करते रहेंगे, आप लोग दोषी नहीं पाए जाएंगे; किंतु आप लोग किसी भी रीति से उन पवित्र भेंटों को अपवित्र नहीं करेंगे; जो इस्राएल के घराने के द्वारा चढ़ाई गई हैं, नहीं तो आप लोगों की मृत्यु निश्चित है.’ ”

वर्तमान में चयनित:

गणना 18: HCV

हाइलाइट

कॉपी

तुलना

शेयर

None

Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in